अरावली पर सरकार का बड़ा एक्शन! सीएम भजनलाल ने की हाईलेवल बैठक, दे दिए ये आदेश

Last Updated:December 27, 2025, 19:13 IST
CM Bhajanlal Meeting On Aravalli : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अरावली संरक्षण पर वन एवं खनन विभाग की बैठक ली, अवैध खनन रोकने, सघन वृक्षारोपण और पर्यावरण संतुलन पर सख्त निर्देश दिए. विपक्ष और संगठनों में बहस जारी. समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने वन एवं खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अरावली क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए.
ख़बरें फटाफट
समीक्षा बैठक करते सीएम भजनलाल
जयपुर. अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक अहम कदम उठाते हुए वन एवं खनन विभाग की समीक्षा बैठक ली. इस बैठक में मुख्यमंत्री ने दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि अरावली क्षेत्र में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए ठोस और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से अरावली क्षेत्र में सघन वृक्षारोपण पर जोर दिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधारोपण केवल औपचारिकता न बने, बल्कि उसके संरक्षण और देखरेख की भी पूरी व्यवस्था की जाए.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक में कहा कि अरावली पर्वतमाला प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है, जो न केवल राजस्थान बल्कि पूरे उत्तर भारत के पर्यावरण संतुलन में अहम भूमिका निभाती है. उन्होंने कहा कि अरावली का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और राज्य सरकार इसके संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की नीति का हिस्सा है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
वन एवं खनन विभाग को सख्त निर्देशसमीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने वन एवं खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अरावली क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अरावली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सघन वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ऐसे पौधों का चयन किया जाए जो स्थानीय जलवायु और मिट्टी के अनुकूल हों, ताकि पौधों की जीवित रहने की दर अधिक हो. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ जल संरक्षण, मिट्टी संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में भी योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए.
क्या है पूरा मामलागौरतलब है कि अरावली को लेकर सुप्रीम कोर्ट से जुड़े हालिया फैसलों और व्याख्याओं के बाद प्रदेशभर में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में लगातार बहस तेज है. कांग्रेस समेत कई संगठनों द्वारा अरावली बचाओ अभियान के तहत धरना-प्रदर्शन, पदयात्रा और जनचेतना रैलियां निकाली जा रही हैं. विपक्ष का आरोप है कि नई व्याख्याओं से अरावली क्षेत्र को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि पर्यावरण कार्यकर्ता भी सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिकाओं और मेंशनिंग की बात कर रहे हैं.
संरक्षण पर सख्तीसमीक्षा बैठक के बाद यह स्पष्ट संकेत मिला है कि अरावली क्षेत्र को लेकर सरकार अब और अधिक सख्ती और गंभीरता के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है. मुख्यमंत्री के इन निर्देशों को प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
About the AuthorAnand Pandey
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
December 27, 2025, 19:13 IST
homerajasthan
अरावली पर सरकार का बड़ा एक्शन! सीएम भजनलाल ने की हाईलेवल बैठक, दे दिए ये आदेश



