ग्राउंड रिपोर्ट: ब्लू सिटी की साख दांव पर! स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, बोले- शिकायतें करते हैं, लेकिन नहीं होती सफाई

Last Updated:December 13, 2025, 08:39 IST
Jodhpur Ground Report: ब्लू सिटी जोधपुर की अंतरराष्ट्रीय छवि नगर निगम की लापरवाही के चलते धूमिल होती नजर आ रही है. भीतरी शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है, जिससे नए साल से पहले पर्यटकों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो सफाई कर्मचारी समय पर आते हैं और न ही निरीक्षक कोई कार्रवाई करता है. गंदगी और बदबू से जोधपुर की साख पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ख़बरें फटाफट
जोधपुर. विश्वभर में अपनी अनोखी पहचान रखने वाली ब्लू सिटी जोधपुर, अपनी ऐतिहासिक धरोहर, आकर्षक गलियों और नीले रंग की खूबसूरती के कारण अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर एक खास मुकाम रखती है. हर साल लाखों देसी-विदेशी पर्यटक यहां की संस्कृति, कला और बाजारों को देखने आते हैं. लेकिन दुर्भाग्य यह है कि शहर की यही छवि आज नगर निगम की लापरवाही के कारण धूमिल होती दिखाई दे रही है. जोधपुर आने वाला सैलानी जहां नीली गलियों और विरासत को निहारने का सपना लेकर पहुंचता है, वहीं प्रवेश करते ही उसे अव्यवस्था और गंदगी से जूझना पड़ रहा है.
नए साल से पहले भीतरी शहर में गंदगी का अंबार
नए साल के जश्न के अवसर पर लाखों पर्यटकों के आने का सिलसिला जारी रहता है, लेकिन निगम की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण न सिर्फ व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है बल्कि विदेशी सैलानियों को भी गंदगी और बदबू से गुजरना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार सफाई निरीक्षक को शिकायतें की गईं, लेकिन न तो सफाई कर्मचारी समय पर आते हैं और न ही निरीक्षक कोई कार्रवाई करता है. विदेशी पर्यटक जब ब्लू सिटी की खूबसूरती को निहारने आते हैं, तो सबसे पहले उन्हें सड़कों पर फैली यह गंदगी दिखाई देती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस शहर को सफाई और संस्कृति की मिसाल बनना चाहिए, वहां हमेशा गंदगी का अंबार लगा रहता है.
शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरी सफाई व्यवस्था
व्यापारी मदन लाल ने बताया कि हमने कई बार नगर निगम के सफाई निरीक्षक को इस समस्या के बारे में बताया, लेकिन शिकायतें सुनने वाला कोई नहीं. विदेशी सैलानी आते हैं तो सबसे पहले गंदगी देखकर ही परेशान हो जाते हैं. व्यापार पर भी इसका सीधा असर पड़ रहा है. स्थानीय निवासी विनोद ने बताया कि भीतरी शहर जोधपुर की पहचान है. लेकिन सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यहां हालत दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं. न समय पर सफाई होती है और न निरीक्षक मौके पर आते हैं. हमने कई बार निगम को अवगत कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ. सफाई व्यवस्था की लापरवाही उसकी छवि को नुकसान पहुंचा रही है. लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से भीतरी शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए ताकि आने वाले पर्यटकों के सामने जोधपुर की छवि खराब न हो.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
Location :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
December 13, 2025, 08:39 IST
homerajasthan
ब्लू सिटी की साख दांव पर! स्थानीय लोग बोले- शिकायत के बाद भी सफाई नदारद



