Ground Report: उड़ान योजना बंद होने से महिलाएं परेशान, बोली- पहले हर महीने पैड मिलते थे, अब कपड़ा बन गया मजबूरी

Last Updated:January 03, 2026, 07:05 IST
Karauli Ground Report: करौली में उड़ान योजना के तहत फ्री सैनिटरी पैड की सप्लाई साल 2024 से ठप होने से लाखों महिलाओं के लिए पीरियड्स के दौरान गंभीर संकट खड़ा हो गया है. गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को अब पैड खरीदना मुश्किल हो रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है. जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों से पहले हर महीने पैड मिलते थे, लेकिन अब सप्लाई बंद होने से महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ख़बरें फटाफट
करौली. राजस्थान के करौली में उड़ान योजना के तहत फ्री सैनिटरी पैड की सप्लाई ठप होने से लाखों महिलाओं के सामने पीरियड्स के दौरान गंभीर संकट खड़ा हो गया है. यह वही योजना है, जिसके तहत पहले महिलाओं और स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को सरकार द्वारा निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाते थे. उड़ान योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों से महिलाओं को हर महीने सैनिटरी पैड के दो पैकेट दिए जाते थे, लेकिन करौली में यह योजना मानो साल 2024 से ठप हो गई है. हालात यह है कि जिले में पिछले 18 महीने से फ्री सैनिटरी नैपकिन की सप्लाई बंद पड़ी है.
जिले की जिन लाखों महिलाओं को पहले इस योजना का लाभ मिल रहा था, अब उन्हें पीरियड्स के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोकल 18 की टीम ने कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाकर प्रभावित महिलाओं से बातचीत की. महिलाओं ने बताया कि पहले हर महीने समय पर पैड मिल जाते थे, लेकिन वर्ष 2024 से सप्लाई पूरी तरह बंद है. इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को लिखित शिकायतें भी दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है.
सप्लाई बंद होने के बाद बढ़ गई है परेशानी
योजना का लाभ लेने वाली महिला नीलम देवी ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि करीब दो साल पहले तक उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र से नियमित रूप से फ्री सैनिटरी पैड मिलते थे, जिससे पीरियड्स के दौरान काफी राहत मिलती थी. उन्होंने बताया कि वे मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाती हैं और ऐसे में फ्री पैड मिलना हर महीने बड़ी मदद थी. लेकिन सप्लाई बंद होने के बाद मजबूरी में कपड़े का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है. नीलम देवी ने सहित प्रभावित महिलाओं ने सरकार से मांग की कि उन्हें पहले की तरह फिर से फ्री सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जाएं.
गरीब महिलाओं के लिए गंभीर समस्या
लोकल 18 ने सफाई कर्मचारी महिलाओं से भी बात की. उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं के पास पैसे हैं, वे तो बाजार से पैड खरीद लेती हैं, लेकिन गरीब और जरूरतमंद महिलाएं यह खर्च नहीं उठा सकतीं. सरकार द्वारा पैड देना बंद करना उनके लिए बड़ी परेशानी बन गया है. जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि उड़ान योजना की सप्लाई बंद होने से उन्हें भी रोजाना महिलाओं के सवालों का सामना करना पड़ता है. महिलाएं हर महीने पैड लेने आती हैं, लेकिन सप्लाई न होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटाना पड़ता है.
दो लाख से अधिक महिलाएं हो रही थी लाभान्वित
करौली के गणेश गेट क्षेत्र में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता सुशीला सैनी ने बताया कि अगस्त 2024 के बाद से किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र पर सैनिटरी पैड की सप्लाई नहीं आई है. इस पूरे मामले को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ जगदीश मीणा ने बताया कि उड़ान योजना में सैनिटरी पैड की सप्लाई बंद होना उच्च स्तरीय निर्णय है. करौली जिले में आखिरी सप्लाई अगस्त 2024 में आई थी. इस योजना से जिले की 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग की करीब 2 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही थीं.About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
Location :
Karauli,Rajasthan
First Published :
January 03, 2026, 07:05 IST
homerajasthan
फ्री सैनिटरी पैड की सप्लाई बंद, महिलाएं बोलीं- पीरियड्स के दौरान बढ़ी परेशानी



