33 साल पुरानी सुरीली धुन पर बना आइकॉनिक सॉन्ग, रिलीज होते ही रचा इतिहास, मूवी निकली ब्लॉकबस्टर – anil kapoor madhuri dixit movie ek do teen lyrics inspired from 33 year ago song chanda mama dur ke opening tune turn blockbuster chunky panday movies

Last Updated:November 10, 2025, 19:41 IST
Bollywood Blockbuster Movie : सुरीली धुन से इंस्पायर होकर नई धुन बनाना कोई नई बात नहीं है. बॉलीवुड इंडस्ट्री में ऐसा कई बार हुआ है लेकिन किसी गाने में फेर-बदलकर निकली धुन पर गाना इतना पॉप्युलर हो जाए कि इतिहास ही रच दे और फिल्म ब्लॉकबस्टर निकले तो फिर उस पर चर्चा होना लाजिमी है. 33 साल पुरानी धुन पर बना यह गाने ने बॉलीवुड को रातोंरात दो सुपरस्टार दिए. बॉलीवुड को ऐसी हीरोइन दी जिसने दशकों तक इंडस्ट्री में राज किया. अपनी अदाओं से दर्शकों का मनोरंजन किया. ये धुन कौन सी थी और इस पर बनी फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं…. 
साल था 1986. डायरेक्टर एन. चंद्रा ने ‘अंकुश’ फिल्म से बतौर डायरेक्टर काम शुरू किया. 12 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने 90 लाख से ज्यादा का कलेक्शन किया था. फिर उन्होंने प्रतिघात फिल्म बनाई. इन फिल्मों की कामयाबी के बाद एन. चंद्रा ने ‘तेजाब’ फिल्म लिखी. इस फिल्म को बनाने का आइडिया ‘स्ट्रीट्स ऑफ फायर’ से आया था. 11 नवंबर 1988 को रिलीज हुई ‘तेजाब’ फिल्म के गाने ‘एक-दो-तीन’ ने इतिहास रच दिया था. इस गाने ने माधुरी दीक्षित की किस्मत बदल दी. अनिल कपूर भी रातोंरात सुपरस्टार बन गए. इस फिल्म का यह गाना 33 साल पहले आई एक फिल्म से इंस्पायर्ड था.

‘तेजाब’ फिल्म के गाने ‘एक-दो-तीन’ को अलका याज्ञनिक ने आवाज दी थी. यह गाना 1953 में आई ‘वचन’ मूवी के सॉन्ग ‘चंदा मामा दूर के…’ की शुरुआत में बजने वाली ट्यून से इंस्पायर्ड था. संगीतकार रवि ने कहा था कि मेरे इस गाने की ओपनिंग में रीवर्क करके ‘एक-दो’तीन’ बनाया गया है.

तेजाब फिल्म में चंकी पांडेय ने अनिल कपूर के दोस्त बब्बन का रोल निभाया था. उन्होंने ‘एक-दो-तीन’ गाने से जुड़ा दिलचस्प किस्सा दूरदर्शन शेषाद्रि को दिए इंटरव्यू में सुनाया था. चंकी पांडेय ने कहा था, ‘संगीतकार लक्ष्मीकांत की पत्नी का बर्थडे था. मैं फिल्मकार पहलाज निहलानी के साथ उनके घर पर गए थे. लक्ष्मीकांत तेजाब के लिए म्यूजिक कर रहे थे. वो हमसे बोले कि मैं तेजाब के लिए एक गाना रिकॉर्ड करने जा रहा हूं. वो गाना उन दिनों का एक फेमस मराठी सॉन्ग था. वो गाना था : ‘पोपट माझा हाय, मीठू मीठू बोले हाय…’ लक्ष्मीकांत बोले कि इस मराठी गाने का हिंदी वर्जन उन्होंने तैयार किया है. हम लोग गाना सुनते ही हंसने लगे तो उन्होंने इसका कारण पूछा. हमने बताया कि इसी गाने की शूटिंग करके वो आ रहे हैं. इस गाने का हिंदी वर्जन ‘पाप की दुनिया’ में बनाया जा चुका है. संगीतकार बप्पी लहरी बना चुके हैं. इतना सुनते ही लक्ष्मीकांत का मूड खराब हो गया. फिर उन्होंने गीतकार जावेद अख्तर को बुलाया और बोले कि फिर से नया सॉन्ग बनाना पड़ेगा. लक्ष्मीकांत ने गाने के डमी बोल ‘एक दो तीन….’ बोले थे. जावेद अख्तर ने इसी पर गाना लिख दिया था. इस तरह से हम लोग भी इस गाने के लिए जिम्मेदार हैं. इस गाने ने माधुरी दीक्षित को नया स्टारडम दिया.’

एक-दो-तीन सॉन्ग को लेकर माधुरी दीक्षित ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘मुझे शुरू में यह गाना थोड़ा फनी सा लगा था. एक दो तीन चार पांच छह…नंबर्स से बोल रहे हैं. गाने के बोल बिल्कुल फिलर्स की तरह लग रहे थे. जब गाना पिक्चराइज हुआ, सरोज खान जी ने कोरियाग्राफ किया और मैंने पहली बार गाना सुना तो मेरा दिल धक से रह गया. मुझे लगा कि यह गाना बहुत अच्छा है.’

कपिल शर्मा के शो में माधुरी ने कहा था, ‘तेजाब फिल्म के हिट होते ही मुझे स्टेज पर पहली बार पहचान मिली. तेजाब जब रिलीज हुई तो मैं अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अमेरिका गई हुई थी. वापस लौटी तो एयरपोर्ट पर कुछ लड़कों ने मुझे पहचान लिया और कहा कि वो वो देखो मोहिनी हीरोइन जा रही है. दोनों ने मुझसे ऑटोग्राफ लिया.’

तेजाब फिल्म के डायरेक्टर एन. चंद्रा अपने करियर की शुरुआत में गुलजार को असिस्ट किया था. यह बात 1972 की है जब परिचय फिल्म बन रही थी. एन. चंद्रा धीरे-धीरे डायरेक्शन के साथ-साथ एडिटिंग की बारीकियां भी सीखने लगे. अनिल कपूर ने 1983 की फिल्म ‘वो 7 दिन’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. एन चंद्रा इस फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर-एडिटर थे. फिल्म के प्रोड्यूसर बोनी कपूर थे. एन. चंद्रा ने 1986 में ‘अंकुश’ फिल्म से बतौर डायरेक्टर काम शुरू किया. 12 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने 90 लाख से ज्यादा का कलेक्शन किया था. फिर उन्होंने प्रतिघात फिल्म बनाई. इन फिल्मों की कामयाबी के बाद एन. चंद्रा ने ‘तेजाब’ फिल्म लिखी.

एन. चंद्रा को तेजाब फिल्म को बनाने का आइडिया ‘स्ट्रीट्स ऑफ फायर’ से आया था. उनकी बोनी कपूर से अच्छी जान-पहचान थी लेकिन अनिल कपूर उन दिनों बिजी थे तो आदित्य पंचोली को उन्होंने लीड रोल के लिए कास्ट कर लिया. जब यह बात बोनी कपूर को पता चली तो उन्होंने अनिल कपूर को लेने को कहा. इस तरह से आदित्य पंचोली की जगह अनिल कपूर को तेजाब में लीड रोल मिला. हाल ही में आदित्य पंचोली ने ट्विटर पर अपना दर्द जाहिर करते हुए इशारों-इशारों में अनिल कपूर-बोनी कपूर पर तेजाब में लीड रोल छीनने का आरोप लगाया था.

तेजाब में माधुरी दीक्षित की एंट्री का किस्सा भी कम दिलचस्प नहीं है. एन. चंद्रा मीनाक्षी शेषाद्रि को कास्ट करना चाहते थे लेकिन उन्होंने बहुत ज्यादा फीस मांगी. इसी बीच एन. चंद्रा की मुलाकात रिंकू राकेश नाथ से उनकी मुलाकात हुई. राकेश नाथ ने उन्हें माधुरी दीक्षित की फोटोज दिखाईं. उन दिनों वो अनिल कपूर के भी मैनेजर थे. इस तरह से माधुरी दीक्षित को यह फिल्म मिली. माधुरी दीक्षित को सुपरस्टार बनाने में राकेश नाथ का बहुत बड़ा हाथ है.

तेजाब फिल्म माधुरी के करियर के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुई. अनिल कपूर के साथ उनकी जोड़ी खूब मशहूर हुई. दोनों ने आगे चलकर 15 के करीब फिल्मों में एकसाथ काम किया. तेजाब फिल्म में माधुरी दीक्षित, अनिल कपूर के अलावा अनुपम खेर, किरण कुमार, अन्नू कपूर, सुरेश ओबेरॉय और चंके पांडे लीड रोल में नजर आए थे. तेजाब फिल्म में कुल 4 गाने रखे गए थे. करीब दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 16 करोड़ रुपये का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. 1988 में बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में तेजाब पहले नंबर पर थी.

अनिल कपूर ने जब ‘तेजाब’ फिल्म का गाना ‘एक दो तीन’ सुना तो उन्होंने अपने लिए लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल से ऐसे ही सुपरहिट गाने की डिमांड की थी. फिर जावेद अख्तर से ऐसा ही एक गाना लिखने की रिक्वेस्ट की थी. जावेद अख्तर ने मेल वर्जन के लिए भी गाना लिखा. यह गाना अनिल कपूर पर फिल्माया गया. इस गाने को उन्होंने जबर्दस्ती फिल्म में डलवाया था. तेजाब फिल्म को चार फिल्म फेयर अवॉर्ड मिले थे. बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड अनिल कपूर को, बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड अलका याज्ञनिक को ‘एक दो तीन’ के लिए, बेस्ट कोरियग्राफ का अवॉर्ड सरोज खान को और बेस्ट डायलॉग का अवॉर्ड कमलेश पांडेय को मिला था.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
November 10, 2025, 19:41 IST
homeentertainment
33 साल पुरानी सुरीली धुन पर बना आइकॉनिक सॉन्ग, रिलीज होते ही रचा इतिहास



