सर्दियों में असली और नकली गुड़ की पहचान व सेहत के टिप्स

Last Updated:November 05, 2025, 12:23 IST
Tips and Tricks: असली गुड़ न सिर्फ स्वाद में मीठा होता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है. यह शरीर को ऊर्जा देता है, पाचन सुधारता है, खून को साफ रखता है और सर्दियों में शरीर को अंदर से गर्म रखता है. असली गुड़ हल्का खुरदुरा और चिपचिपा होता है, इसका रंग गहरा भूरा या हल्का सुनहरा होता है, और पानी या आग के टेस्ट में इसकी असली पहचान होती है. वहीं, नकली गुड़ चमकदार, चिकना और मिलावट वाला होता है.
लड्डू, हलवा और कई पारंपरिक व्यंजनों में गुड़ का इस्तेमाल सर्दियों में हर घर का एक खास हिस्सा बन जाता है. पुराने समय से ही इसे ‘प्राकृतिक टॉनिक’ माना गया है, जो शरीर को अंदर से गर्म रखता है, पाचन को दुरुस्त करता है और खून को शुद्ध करने में मदद करता है. यही कारण है कि ठंड बढ़ते ही इसकी मांग अचानक बढ़ जाती है. बढ़ती मांग के साथ-साथ नकली गुड़ का कारोबार भी तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे गुड़ में चीनी, रंग और रासायनिक पदार्थ मिलाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं.

असली गुड़ का रंग गहरा भूरा या हल्का सुनहरा होता है, इसका रंग कभी पूरी तरह एक जैसा नहीं होता, क्योंकि यह गन्ने के रस से प्राकृतिक तरीके से तैयार किया जाता है. दूसरी ओर, नकली गुड़ बहुत अधिक चमकदार और एक समान रंग का होता है, यह देखने में भले ही सुंदर लगे, लेकिन इसमें मिलावट होती है.

गुड़ की पहचान का एक आसान घरेलू तरीका है ‘पानी टेस्ट’. इसके लिए गुड़ का एक छोटा टुकड़ा गुनगुने पानी में डालें. अगर वह धीरे-धीरे घुलकर पानी को हल्का भूरा कर दे, तो समझिए गुड़ असली है. वहीं, अगर गुड़ डालने के बाद पानी साफ रहे या नीचे सफेद परत जम जाए, तो वह नकली या रासायनिक गुड़ होता है.

गुड़ की जांच का एक और पुराना तरीका है ‘फ्लेम टेस्ट’, इसके लिए एक चम्मच में थोड़ा-सा गुड़ लेकर हल्की आग के पास रखें. असली गुड़ धीरे-धीरे पिघलता है और उसमें से कोई तीखी गंध नहीं आती. जबकि नकली गुड़ से काला धुआं और तेज रासायनिक गंध निकलती है, जो मिलावट की निशानी होती है.

असली गुड़ को छूने पर यह हल्का चिपचिपा और थोड़ा खुरदुरा महसूस होता है. इसमें प्राकृतिक नमी रहती है, जो इसे नरम बनाती है. वहीं, नकली गुड़ बहुत अधिक चिकना और चमकदार दिखाई देता है. नकली गुड़ दिखने में सुंदर जरूर होता है, लेकिन यह अंदर से सेहत के लिए हानिकारक साबित होता है.

रोजाना थोड़ा-सा असली गुड़ खाना शरीर को ऊर्जा देता है, पाचन को बेहतर बनाता है और खून को साफ रखने में मदद करता है. यह शरीर को अंदर से गर्म रखता है और सर्दी-जुकाम से बचाव में भी कारगर होता है. इसलिए, अगली बार जब आप बाजार से गुड़ खरीदें, तो सिर्फ उसकी मिठास नहीं, उसकी असलियत भी परखें.
First Published :
November 05, 2025, 12:23 IST
homerajasthan
सर्दियों में असली और नकली गुड़ की करें पहचान, सेहत के साथ नहीं होगा खिलवाड़



