सलूंबर में खौफनाक वारदात! कुल्हाड़ी से महिला और बच्चों की बेहरमी से हत्या, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Last Updated:December 06, 2025, 11:19 IST
सलूंबर जिले के घोड़ासर गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने 55 वर्षीय गोरी देवी और उसके दो नाबालिग पोतों की निर्मम हत्या कर दी. अपराधियों ने महिला के दोनों पैर काट दिए और तीनों के सिर पर धारदार हथियारों से कई वार किए. पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सांकेतिक तस्वीर
सलूंबर. राजस्थान के सलूंबर जिला अंतर्गत सेमारी थाना क्षेत्र के घोड़ासर गांव में शुक्रवार की देर रात उस समय खून खराबा मच गया, जब अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला और उसके दो नाबालिग पोतों की कुल्हाड़ी व धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी. हत्यारों ने इतनी बर्बरता दिखाई कि महिला के दोनों पैर काट डाले और तीनों के सिर पर लगातार वार किए. वारदात की सूचना मिलते ही सेमारी थाना प्रभारी सहित सलूंबर डिप्टी एसपी, सीओ व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस ने तीनों शवों को सलूंबर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है. मृतकों की शिनाख्त घोड़ासर गांव निवासी 55 वर्षीय गोरी देवी पत्नी काना मीणा, उनके 12 वर्षीय पोते सुरेश मीणा पुत्र भेरू मीणा व 10 वर्षीय पोते महेश मीणा पुत्र भेरू मीणा के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गोरी देवी अपने दो पोतों के साथ घर पर अकेली थीं. उनके पति व बेटा मजदूरी के लिए बाहर गए थे.
देर रात अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
परिजनों के मुताबिक रात करीब 11 बजे अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर सबसे पहले गोरी देवी पर हमला किया. उन्होंने पहले महिला के दोनों पैर काटे और फिर सिर पर कई वार किए. इसके बाद दोनों मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा और उनके सिर पर कुल्हाड़ी व धारदार हथियार से लगातार वार कर मौत के घाट उतार दिया. सुबह जब पड़ोसी व परिजन घर पहुंचे तो खून से लथपथ तीनों शव देखकर उनके होश उड़ गए. पूरे घर में खून बिखरा पड़ा था और दीवारों पर खून के छींटे थे. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सेमारी थाना प्रभारी सहित सलूंबर डिप्टी एसपी, सीओ व एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है.
परिजनों का रो-रोकर है बुरा हाल
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका गोरी देवी के पति काना मीणा व बेटे भेरू मीणा सहित अन्य परिजन सदमे में हैं. ग्रामीणों ने बताया कि परिवार गरीब है और किसी से कोई रंजिश नहीं थी. फिर भी इतनी बर्बर हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है.पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद या लूट का प्रयास हो सकता है. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर हत्या के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
December 06, 2025, 11:19 IST
homerajasthan
सलूंबर में खौफनाक वारदात! कुल्हाड़ी से महिला और बच्चों की बेहरमी से हत्या



