Rajasthan

सरकारी स्कूल की ऐसी तस्वीर नहीं देखी होगी, ओपन जिम से स्मार्ट कैंपस तक, बेटियों को मिल रहीं लग्जरी सुविधाएं

Last Updated:July 08, 2026, 07:21 IST

Sikar Top Government School: सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर का शानदार उदाहरण सीकर के खूड़ी बड़ी गांव में देखने को मिलता है. यहां का राजकीय बालिका विद्यालय किसी आधुनिक प्राइवेट स्कूल से कम नहीं दिखता. छात्राओं के लिए ओपन जिम, खेल सुविधाएं, स्मार्ट परिसर, समर कैंप, कंप्यूटर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया है. ग्रामीणों और शिक्षकों के सहयोग से स्कूल का लगातार विकास हुआ है. विशेष ड्रेस कोड, परिवहन सुविधा और कौशल विकास गतिविधियों ने छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है. यह विद्यालय साबित कर रहा है कि सामूहिक प्रयास से सरकारी स्कूल भी उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र बन सकते हैं.

सीकर जिले के खूड़ी बड़ी गांव में स्थित शहीद नेमीचंद राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय किसी भी मामले में किसी बड़ी प्राइवेट स्कूल से कम नहीं है. ग्रामीणों, भामाशाहों, जनप्रतिनिधियों और स्कूल स्टाफ के सामूहिक प्रयासों से यह स्कूल लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है. यहां पढ़ने वाली बेटियों को प्राइवेट स्कूलों के जैसे ही आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शिक्षण वातावरण कराया जा रहा है.

इस स्कूल में छात्राओं के शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए करीब ढाई लाख रुपये की लागत से ओपन जिम स्थापित किया गया है. इसमें 10 आधुनिक जिम मशीनों के साथ अन्य फिटनेस उपकरण लगाए गए हैं. साथ ही झूलों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे छात्राएं पढ़ाई के साथ मनोरंजन और शारीरिक विकास का लाभ भी उठा सकें. पहले जहां स्कूल में खेल मैदान तक नहीं था, वहीं अब यह परिसर पूरी तरह बदला हुआ नजर आता है.

स्कूल के विकास में ग्रामीणों की भागीदारी सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई है. ग्रामीणों ने पंचायत से एक बीघा भूमि विद्यालय के नाम करवाकर विस्तार का रास्ता खोला. इसके बाद विधायक गोविंद सिंह डोटासरा के विधायक कोष से चारदीवारी का निर्माण कराया गया, जिससे विद्यालय सुरक्षित परिसर में बदल गया. वर्तमान में यहां 250 बालिकाएं अध्ययनरत हैं और 15 सदस्यीय स्टाफ उनके शैक्षणिक व सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है.

Add as Preferred Source on Google

खास बात ये है कि इस सरकारी स्कूल में दूर-दराज़ के गांवों से आने वाली छात्राओं की सुविधा के लिए दो बालवाहिनियों की व्यवस्था भी की गई है. विद्यालय के शिक्षकों ने केवल पढ़ाने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि पिछले छह वर्षों में करीब 10 लाख रुपये स्वयं के स्तर पर विद्यालय के विकास पर खर्च किए हैं. शिक्षकों ने सुंदर वाटिका विकसित कराई, आधुनिक हट और हॉल तैयार करवाए है. इससे यह स्कूल देखने पर एक रिज़ॉर्ट जैसा लगता है.

इसके अलावा यहां तीसरी मंजिल पर बड़ी प्राइवेट स्कूलों की तरह विद्यालय का इलेक्ट्रिक शाइन बोर्ड भी लगाया गया है. यह बोर्ड रात के समय दूर से चमकता दिखाई देता है. यह स्कूल केवल सीकर जिले में ही नहीं बल्कि पूरे शेखावाटी क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में अपनी तरह की अनूठी पहचान बन चुका है. विद्यालय में आधुनिक शिक्षा और सुरक्षा दोनों पर विशेष ध्यान दिया गया है. परिसर में सीसीटीवी कैमरे, कंप्यूटर लैब, आकर्षक गार्डन और व्यवस्थित ड्रेस कोड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं.

हर साल इस विद्यालय में ग्रीष्मावकाश के दौरान विशेष समर कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिनमें इंग्लिश स्पोकन, कंप्यूटर प्रशिक्षण, डांस, मेहंदी, सिलाई और एनएमएमएस परीक्षा की तैयारी जैसी गतिविधियां संचालित होती हैं. इससे छात्राओं का आत्मविश्वास और कौशल लगातार बढ़ रहा है. इस विद्यालय में स्कूली बालिकाओं को एक अलग ड्रेस कोड दिया गया है जो सरकारी ड्रेस कोड से अलग है.

खूड़ी बड़ी का यह सरकारी बालिका विद्यालय साबित कर रहा है कि यदि समाज, जनप्रतिनिधि और शिक्षक मिलकर संकल्प लें तो सरकारी स्कूल भी निजी विद्यालयों जैसी सुविधाएं और शिक्षा प्रदान कर सकते हैं. आधुनिक संसाधन, सुरक्षित वातावरण, नवाचार और छात्राओं के विकास पर विशेष फोकस ने इस विद्यालय को पूरे राजस्थान सरकारी स्कूलों के लिए मॉडल बना दिया है, जहां बेटियों के सपनों को नई उड़ान मिल रही है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj