Kota News: टीचर पर दस साल के बच्चे से कथित मारपीट का आरोप, स्कूल प्रबंधन पर उठे लापरवाही के सवाल

Last Updated:August 25, 2026, 17:10 IST
Kota News: कोटा के रंगबाड़ी स्थित तिलक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 5 के 10 वर्षीय छात्र से शिक्षक द्वारा कथित मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। वहीं स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं.
कोटा. शिक्षा नगरी में एक निजी स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. रंगबाड़ी स्थित तिलक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 5 में पढ़ने वाले 10 वर्षीय छात्र से शिक्षक द्वारा कथित रूप से मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि 24 अगस्त को हुई घटना के बाद उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया. हालांकि, राजनीतिक रसूख के चलते कार्रवाई दबाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
परिजनों के मुताबिक, छात्र अक्ष के साथ कक्षा में शिक्षक ने बेरहमी से मारपीट की. आरोप है कि घटना में बच्चे को चोटें आई और वह घटना के बाद से डरा हुआ है. परिवार का यह भी दावा है कि शिक्षक ने बच्चे के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और उसे धमकी दी. घटना के बाद परिजन स्कूल प्रबंधन के पास शिकायत लेकर पहुंचे और कार्रवाई की मांग की. परिजनों के अनुसार, स्कूल निदेशक मोहित गौतम से संपर्क किया गया तो उन्होंने खुद को स्कूल से बाहर बताया और कार्यवाहक प्रिंसिपल से बात करने के लिए कहा. आरोप है कि कार्यवाहक प्रिंसिपल ने भी शिकायत को गंभीरता से लेने के बजाय बच्चे की चोट को मामूली बताते हुए मामले को टालने की कोशिश की. परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है.
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
मामला केवल कथित मारपीट तक सीमित नहीं है, परिजनों ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं, उनका आरोप है कि स्कूल परिसर में आवारा जानवर घूमते दिखाई देते हैं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. इसके अलावा स्कूल की फायर एनओसी और अन्य सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. परिजनों का दावा है कि स्कूल प्रबंधन राजनीतिक प्रभाव के चलते मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है. हालांकि इन आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
स्कूल प्रशासन ने नहीं दिया जवाब
मामले में स्कूल प्रशासन का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया. हालांकि स्कूल संचालक की ओर से मीडिया के सामने कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी गई. स्कूल की ओर से संचालक के कोटा से बाहर होने की बात कही गई, अब सवाल यह है कि क्या शिक्षा विभाग इस शिकायत की जांच करेगा और स्कूल में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल होगी. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठना स्वाभाविक है. फिलहाल मामला जांच और प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा में है. सबसे अहम सवाल यही है कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार संस्थाएं शिकायतों पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करती हैं.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंFirst Published :
August 25, 2026, 17:10 IST



