Pati Patni Aur Woh: प्यार मोहब्बत और शक की अनसुनी दास्तां, प्रेमिका से बनी पत्नी, फिर की पति की जासूसी

Last Updated:December 22, 2025, 12:35 IST
Pati Patni Aur Woh: गुजरात की काजल पटेल को 15 साल पहले प्यार हुआ. उसने अपने प्यार को मुक्कमल करने के लिए प्रेमी से शादी कर ली. दोनों के दो बच्चे हो गए. सबकुछ ठीकठाक चल रहा था कि अचानक शादी के डेढ़ दशक बाद उसकी जिंदगी में ‘वो’ (दूसरी महिला) की एंट्री हो गई. यह महिला उसे बार-बार पति के पास दिखी तो काजल के मन में शक का जहर घुल गया. पति की ईदगिर्द घूमने वाली ‘वो’ को मरवाने के लिए प्रेमिका से पत्नी बनी काजल जासूस बन गई और फिर अपराधी बन बैठी. यह कहानी लगती जरुर फिल्मी है लेकिन है हकीकत. इस वो को मरवाने के लिए काजल अपने जूलरी को भी दांव पर लगाने के लिए राजी हो गई. उसने इसी जूलरी के बूते अपनी कथित सौतन को मरवाने के लिए किलर को सुपारी दे डाली. किलर अपने मंसूबों में कामयाब होता उससे पहले ही वह राजस्थान की झुंझुनूं पुलिस के हत्थे चढ़ गया. फिर काजल भी पुलिस की गिरफ्त में आ गई. जानें क्या है पूरी कहानी. 
ये है काजल पटेल. गुजरात के मेहसाना जिले के ऊंझा कस्बे की रहने वाली काजल पटेल सरकारी स्कूल में हैडमिस्ट्रेस है. गत दिनों झुंझुनूं की पिलानी पुलिस ने काजल पटेल को अपने पति की प्रेमिका को मरवाने के प्लान बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया था. पूछताछ में जो काजल पटेल ने खुलासे गए उससे पुलिस भी सन्न हो गई. एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि काजल पटेल ने पूछताछ में बताया है कि उसके पति हार्दिक पटेल के ऊंझा कस्बे में ही एक महिला नर्स से कथित तौर पर अवैध संबंध थे. उसे लेकर दोनों के बीच काफी तनाव भी रहता था. मई 2025 में काजल अपने पति के साथ आस्ट्रेलिया घुमने गई थी. वहां उसकी मुलाकात गुजरात पुलिस सीआईडी के एक कथित कांस्टेबल से हुई.

काजल और कांस्टेबल के बीच बातचीत बाद में दोस्ती में बदल गई. काजल ने अपनी परेशानी इस कथित कांस्टेबल के सामने रखी. फिर दोनों ने मिलकर महिला नर्स को मरवाने का प्लान बनाया. इसके लिए 15 लाख रुपये में डील हुई। इस कांस्टेबल ने गुजरात की ही एक ट्रांसपोर्ट में काम करने वाले गोपाल शर्मा को नर्स के मर्डर का काम सौंपा. गोपाल शर्मा ने अपने साथ काम करने वाले झुंझुनूं के पिलानी के पिलोद गांव निवासी अनुज शर्मा को यह डील बताई. उसके बाद अनुज ने पिलानी के ही नरहड़ निवासी बदमाश हिमांशु चौधरी को लिखवा निवासी सचिन मेघवाल और भूपेंद्र मेघवाल जरिए मर्डर की सुपारी दी. हिमांशु ने पांथड़िया के मनोज वाल्मिकी और आकाश वाल्मिकी के जरिए जयपुर से यूपी के एक हथियार सप्लायर से पिस्टल और कारतूस खरीदे.

एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि इस बीच पिलानी थाना इलाके में एक ठेक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया. उस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था. उनसे पूछताछ में नर्स के मर्डर की साजिश की कहानी सामने आई। पूछताछ में हैडमिस्ट्रेस और इस मर्डर प्लान की मुख्य सूत्रधार काजल पटेल का नाम सामने आया है. इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. एसपी ने बताया कि भाड़े के शूटर ने नर्स को मारने के लिए सुपारी लेने के बाद एक लाख रुपये मिलते ही हथियार भी खरीद लिए और उसे मारने के लिए गुजरात भी चले गए थे. सुपारी किलिंग में शामिल बदमाशों को नर्स को ही डॉक्टर बताकर मर्डर करवाने का प्लान बनाया गया था. उसकी फोटो दिखवाई गई. रैकी करवाते वक्त शक्ल भी दिखवा दी गई थी. लेकिन वहां लगे सीसीटीवी कैमरों से घबरा गए.
Add as Preferred Source on Google

आरोपी नर्स के मर्डर के फेर में एक-दो दिन गुजरात में रहकर मौके की तलाश करते रहे. लेकिन पार नहीं पड़ी तो लौट आए. यहां आने के बाद उन्होंने झुंझुनूं जिले के पिलानी थाना इलाके में रंगदारी के लिए फायरिंग कर दी. इस मामले में वे झुंझुनूं में पकड़े गए. उसके बाद पुलिस ने जब उनको रिमांड पर लिया तो नर्स के मर्डर की साजिश के तार खुल गए. उसके बाद पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए गुजरात पहुंची और काजल को पकड़ लिया. काजल को गुजरात से झुंझुनूं लाकर पूछताछ की गई तो यह सनसनीखेज खुलासा हुआ.

एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि हैडमिस्ट्रेस काजल पटेल को अपने पति पर शक होते ही उसकी जासूसी भी शुरू कर दी थी. उसने ना केवल घर में बल्कि कई जगह पर आडियो रिकॉर्डर रखवा दिए थे. वह अपने पति हार्दिक पटेल की गाड़ी में भी आडियो रिकॉर्डर रखकर हर वक्त अपने पति की बातें सुनती रहती थी. उसने कथित सीआईडी कांस्टेबल से भी अपने पति की रैकी करवाई. साथ ही कांस्टेबल पर दबाव बनाया कि वह अपने पद का इस्तेमाल करते हुए पति की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन निकलवाए. लेकिन कांस्टेबल यह नहीं कर पाया.

एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के मुताबिक काजल ने यह भी तय कर लिया था कि शूटर्स को 15 लाख रुपये देने के लिए वह अपने गहने बेच देगी लेकिन उसे सिर्फ और सिर्फ नर्स का मर्डर दिख रहा था. इसके लिए वह कुछ भी करने को तैयार थी. इस सनक में उसने सब काम धाम छोड़कर अपने पति की कथित प्रेमिका को मरवाने के लिए साम दाम दंड भेद सभी तरीके अपना लिए. लेकिन उसकी यह साजिश सफल नहीं हो पाई. पकड़ने जाने के बाद उसके चेहरे पर भी इस साजिश के फेल हो जाने का गम साफ दिखाई दिया. अब पुलिस इस मामले के एक-एक तार को सुलझाने का प्रयास कर रही है. इसके लिए वह तमाम सबूत एकत्र करने में जुटी है.
First Published :
December 22, 2025, 12:35 IST
homerajasthan
प्यार मोहब्बत और शक की दास्तां, प्रेमिका से पत्नी बनी और फिर की पति की जासूसी



