जयपुर की बेटी लक्ष्मी सुराणा ने ‘120 बहादुर’ में दिखाया अभिनय का कमाल, मां के रोल ने छोड़ी छाप, मिल रही तारीफ

Last Updated:November 24, 2025, 12:33 IST
एक्ट्रेस लक्ष्मी सुराणा: भारत-चीन युद्ध पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘120 बहादुर’ में जयपुर की अभिनेत्री लक्ष्मी सुराणा ने मेजर शैतान सिंह भाटी की मां का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया है. थिएटर से अपने सफ़र की शुरुआत करने वाली लक्ष्मी ने बॉलीवुड में कम समय में वेब सीरीज, फिल्मों और विज्ञापनों में अपनी पहचान बनाई. राजस्थानी लोकनृत्य, विशेष रूप से कालबेलिया में महारथ रखने वाली लक्ष्मी सुराणा का कहना है कि यह फिल्म 120 अमर वीरों की आवाज़ है और इसमें काम करना उनके लिए गर्व की बात रही. 
हाल ही में भारत–चीन युद्ध पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘120 बहादुर’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जिसका लोगों को बेसब्री से इंतजार था. इस फिल्म में फरहान अख्तर द्वारा निभाए गए मेजर शैतान सिंह भाटी की मां का किरदार जयपुर की अभिनेत्री लक्ष्मी सुराणा ने निभाया है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं. खास तौर पर फिल्म में मां के रूप में लक्ष्मी सुराणा की भूमिका कई भावनात्मक और कलात्मक स्तरों पर चमक बिखेरती है, जो इसे यादगार बनाती है. लक्ष्मी का कहना है कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें फरहान अख्तर से अभिनय की कई बारीकियां सीखने को मिलीं. किरदार की गंभीरता और फिल्म की गहराई ने उन्हें एक कलाकार के रूप में और अधिक निखारा.

फिल्म ‘120 बहादुर’ में मां का अहम किरदार निभाने वाली जयपुर की बेटी लक्ष्मी सुराणा को बचपन से ही अभिनय और नृत्य में गहरी रुचि थी. उनके फिल्मी करियर की शुरुआत लगभग 8 साल पहले थिएटर से हुई थी. जयपुर में कई नाटकों में काम करने के बाद लक्ष्मी ने बॉलीवुड की ओर रुख किया.पिछले 2-3 वर्षों में उन्होंने स्क्रीन एक्टिंग की शुरुआत की और कम समय में ही वे वेब सीरीज, फिल्मों और बड़े विज्ञापनों में नजर आने लगीं.

फिल्म ‘120 बहादुर’ में अहम किरदार निभाने वाली लक्ष्मी सुराणा इससे पहले बॉलीवुड में नेटफ्लिक्स की सीरीज़ ‘द रॉयल्स’, फिल्म ‘डाकू महाराज’ और कई टीवी कमर्शियल्स व सीरियल्स में भी अपने अभिनय का प्रभाव दिखा चुकी हैं. फिल्मों के अलावा लक्ष्मी डांस की विभिन्न कलाओं में निपुण हैं, खासतौर पर राजस्थानी लोकनृत्य में उनके प्रशिक्षण के चलते उन्हें कई सम्मान प्राप्त हुए हैं. विशेष रूप से कालबेलिया नृत्य में उन्होंने महारथ हासिल की है, जिसके लिए उन्हें काफी प्रशंसा मिली है.फिल्म ‘120 बहादुर’ को लेकर लक्ष्मी सुराणा का कहना है कि यह फिल्म 120 अमर वीरों की आवाज़ है, जिन्होंने दुनिया को बताया कि बलिदान और राष्ट्रभक्ति का असली मतलब क्या होता है. यह फिल्म हर भारतीय के लिए केवल देखने योग्य ही नहीं, बल्कि गर्व महसूस करवाने वाली है.
Add as Preferred Source on Google

लक्ष्मी सुराणा ही नहीं, बल्कि उनका परिवार भी दशकों से फिल्मी जगत से जुड़ा हुआ है. जयपुर स्थित राजमंदिर सिनेमा, जिसे एशिया का सबसे बेहतरीन सिनेमाघर कहा जाता है, उनके परिवार द्वारा पिछले पांच दशकों से संचालित किया जा रहा है. बचपन से ही फिल्मों और नृत्य से जुड़ाव के कारण लक्ष्मी सुराणा ने अभिनय की दुनिया को अपना करियर चुना.फिल्मों में आने से पहले लक्ष्मी बच्चों को डांस की ट्रेनिंग देने से भी लंबे समय तक जुड़ी रहीं. इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया और अपने अभिनय के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई.

फिल्म ‘120 बहादुर’ 1962 के भारत-चीन युद्ध की उस ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है, जिसमें रेजांग ला पोस्ट पर मौजूद 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 भारतीय जवानों ने मेजर शैतान सिंह भाटी के नेतृत्व में कई हजार चीनी सैनिकों का साहसिक सामना किया था. इस फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी का किरदार निभा रहे हैं, जिनका संबंध भी राजस्थान से रहा है. मेजर शैतान सिंह भाटी को मरणोपरांत परम वीर चक्र से सम्मानित किया गया था.फिल्म का निर्देशन रजनीश राज़ी घई ने किया है. फिल्म में फरहान अख्तर के साथ अभिनेत्री राशि खन्ना उनकी पत्नी का, और लक्ष्मी सुराणा उनकी मां का किरदार निभा रही हैं.फिल्म ‘120 बहादुर’ 100 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
November 24, 2025, 12:33 IST
homeentertainment
‘120 बहादुर’ में छाई लक्ष्मी सुराणा, मेजर शैतान सिंह की मां बनकर जीता दिल



