Jaipur’s Priyanshu Agarwal CA Inter 2025 AIR 7

जयपुर। कड़ी मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता जब मिलकर जुनून बन जाएं, तो सफलता निश्चित होती है. इसका उदाहरण बने हैं जयपुर के प्रियांशु अग्रवाल, जिन्होंने ICAI (The Institute of Chartered Accountants of India) की इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया 7वीं रैंक (AIR 7) हासिल की है.
प्रियांशु ने यह सफलता पहले ही प्रयास में हासिल की है. उन्होंने 600 में से 482 अंक प्राप्त किए हैं, जो उनकी गहन तैयारी को दर्शाता है. इस साल के रिजल्ट में जयपुर ने शानदार प्रदर्शन किया, क्योंकि टॉप-10 में दो स्टूडेंट्स का नाम जयपुर से शामिल रहा, ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक नेहा खानवानी और सातवीं रैंक प्रियांशु अग्रवाल.
मेहनत और रणनीति से मिली सफलतालोकल-18 से बातचीत में प्रियांशु ने बताया कि उन्होंने मित्तल कॉमर्स क्लासेज, जयपुर से कोचिंग की थी. उनकी सफलता की कुंजी आखिरी तीन महीनों में अपनाई गई रणनीति थी.
प्रियांशु ने कहा, “मैंने टैक्स और प्रैक्टिकल सब्जेक्ट्स के शॉर्ट नोट्स तैयार किए और टाइमर लगाकर अकाउंट्स, टैक्सेशन और फाइनेंशियल मैनेजमेंट की लगातार प्रैक्टिस की.” उन्होंने बताया कि उन्होंने थ्योरी सब्जेक्ट्स की गहराई से स्टडी की और हर दिन 8–10 घंटे पढ़ाई को दिए. सोशल मीडिया और अनावश्यक विकर्षणों से दूर रहने के उनके निर्णय ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
पिता चलाते हैं परचूनी की दुकानजयपुर के जगतपुरा निवासी प्रियांशु के पिता रवि अग्रवाल किराना (परचूनी) की दुकान चलाते हैं और उनकी माँ अंजू अग्रवाल गृहिणी हैं. बेटे की इस असाधारण सफलता की खबर के बाद परिवार में खुशी की लहर है.
प्रियांशु अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और अपने फोकस को देते हुए कहा, “मैं आम परिवार से हूं, लेकिन मैंने निरंतरता और एकाग्रता बनाए रखी. सोशल मीडिया से दूर रहा ताकि ध्यान सिर्फ पढ़ाई पर रहे.”
भविष्य में IAS बनने का सपनाप्रियांशु ने बताया कि वे भविष्य में IAS (Indian Administrative Service) बनने का सपना देखते हैं. फिलहाल वे किसी बड़ी CA फर्म में काम करके व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं और आगे चलकर सिविल सेवा की तैयारी करेंगे.
उनका मानना है — “हर छात्र सफलता पा सकता है, बस निरंतर मेहनत और फोकस जरूरी है.”



