झुंझुनूं गैंगवार: दो की मौत, रविंद्र कटेवा फरार, पुलिस जांच जारी

Last Updated:December 12, 2025, 16:40 IST
Jhunjhunu News : झुंझुनूं के गोठड़ा थाना क्षेत्र में सुबह हुई गैंगवार ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी, जहां दो लोगों की मौत हो गई. हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा पर हमला करने आए गिरोह पर जवाबी फायरिंग भी हुई और मुख्य हमलावर कृष्णकांत मारा गया. वारदात कैमरी की ढाणी से तुर्काणी जोहड़ी तक फैल गई, जिसमें गोलियों की ताबड़तोड़ आवाजों से गांवों में भगदड़ मच गई. पुलिस अब दोनों गैंगों की रंजिश, सुपारी एंगल और फायरिंग की पूरी साजिश की परत-दर-परत जांच कर रही है.
कृष्ण सिंह शेखावत/झुंझुनूं. झुंझुनूं जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां नवलगढ़ क्षेत्र के गोठड़ा थाना इलाके में सुबह-सुबह शुरू हुई गैंगवार ने इलाके में दहशत फैला दी है. कैमरी की ढाणी से शुरू हुई यह गैंगवार कुछ ही देर में पास की तुर्काणी जोहड़ी तक पहुंच गई. लगातार हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है. खास बात यह है कि जिस हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा को मारने के लिए पूरा गिरोह आया था, वह जान बचाकर भागने में सफल रहा. इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है और पुलिस भारी संख्या में मौके पर मौजूद है.
जानकारी के मुताबिक वारदात सुबह करीब नौ बजे हुई जब रानोली थाने के पलसाना निवासी हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ रविकांत उर्फ गोलू स्वामी अपने तीन साथियों के साथ स्विफ्ट कार में कैमरी की ढाणी पहुंचा. वह सीधे हिस्ट्रीशीटर रविंद्र कटेवा के मकान में घुसा और आते ही उस पर पिस्तौल तानकर फायरिंग कर दी. गोलीबारी के दौरान रविंद्र कटेवा किसी तरह बच निकला और वहां से भाग गया. इसी बीच उसके साथी ढाका की ढाणी निवासी सुनिल सुंडा ने कृष्णकांत की कार का स्टियरिंग पकड़कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कृष्णकांत और उसके साथियों ने सुनिल पर गोली चला दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद कृष्णकांत और उसका गिरोह गाड़ी में बैठकर भागने लगे, लेकिन हड़बड़ी में वे मुख्य मार्ग की बजाय कच्चे रास्ते पर चले गए, जहां आगे रास्ता न मिलने पर वे कार छोड़कर पैदल भागने लगे.
तुर्काणी जोहड़ी में आमना-सामना, दो मौतों से दहशत फैलीतुर्काणी जोहड़ी के पास रविंद्र कटेवा और उसके साथियों ने कृष्णकांत को घेर लिया और यहां दोबारा फायरिंग हुई. इसी जगह से कृष्णकांत की लाश बरामद हुई है. शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ है कि उसकी मौत गोली लगने से हुई, लेकिन यह अभी साफ नहीं है कि गोली खुद की पिस्तौल से चली या प्रतिपक्ष की तरफ से. पुलिस इस पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. वहीं घायल सुनिल सुंडा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद से रविंद्र कटेवा फरार है और उसकी तलाश जारी है.
दुश्मनी या सुपारी, पुलिस परत-दर-परत जांच कर रही हैपुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या रविंद्र कटेवा और कृष्णकांत के बीच कोई सीधी दुश्मनी थी या फिर कृष्णकांत किसी और की सुपारी लेकर रविंद्र को मारने आया था. इस घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे जिनमें एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय, एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत और गोठड़ा सीआई धर्मेंद्र मीणा शामिल हैं. पुलिस ने कृष्णकांत के दो साथियों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ जारी है. एसपी ने पुष्टि की है कि घटनाक्रम में दो लोगों की मौत हुई है और फायरिंग के पीछे की पूरी साजिश, दुश्मनी और संभावित मास्टरमाइंड की जांच की जा रही है.
About the AuthorAnand Pandey
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें
Location :
Jhunjhunu,Rajasthan
First Published :
December 12, 2025, 16:39 IST
homecrime
झुंझुनूं में गैंगवार, दो मौतें! बच निकला असली टारगेट; किसने भेजे थे शूटर्स?



