Khajur Gond Paak Recipe: Benefits of Dates and Edible Gum Sweet in Winter

Last Updated:December 20, 2025, 06:35 IST
Khajur Gond Paak Recipe: खजूर गोंद पाक सर्दियों के लिए एक पौष्टिक मिठाई है जो बिना चीनी के तैयार की जाती है. खजूर की मिठास और गोंद की ताकत का यह मिश्रण शरीर को गर्माहट और मजबूती देता है. नागौर में इसे स्वास्थ्यवर्धक डाइट के रूप में पसंद किया जाता है.

सर्दियों का मौसम शरीर से अधिक ऊर्जा और गर्माहट की मांग करता है. इस दौरान पारंपरिक देसी मिठाइयों का सेवन न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूती भी प्रदान करता है. ऐसी ही एक पौष्टिक और ताकत देने वाली मिठाई खजूर गोंद पाक है, जिसे विशेष रूप से ठंड के दिनों में बनाया जाता है. इसमें उपयोग होने वाले खजूर, गोंद और ड्राई फ्रूट्स शरीर को प्राकृतिक ऊर्जा देने में सहायक होते हैं.

खजूर गोंद पाक राजस्थान की एक पारंपरिक शीतकालीन मिठाई है, जिसे सेहत का खजाना माना जाता है. यह विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और शारीरिक रूप से कमजोर लोगों के लिए अत्यंत गुणकारी है. देसी घी, पौष्टिक बीजों और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह पाक शरीर में गर्माहट बनाए रखता है, जिससे ठंड के कारण होने वाली बीमारियों और शारीरिक समस्याओं से बचाव होता है.

ग्रामीण किरण देवी के अनुसार, खजूर गोंद पाक बनाने के लिए देसी घी, खाने वाला गोंद, खजूर, बादाम, काजू, पिस्ता, कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज, खसखस और सूखा नारियल पाउडर आवश्यक सामग्री हैं. इस रेसिपी को बनाना बहुत ही आसान है.
Add as Preferred Source on Google

सबसे पहले कढ़ाई में देसी घी गर्म करें और उसमें गोंद को धीमी आंच पर अच्छे से भून लें. जब गोंद फूल जाए तो उसे निकालकर ठंडा करें और फिर दरदरा कूट लें. अब उसी कढ़ाई में बादाम, काजू, पिस्ता, कद्दू के बीज और सूरजमुखी के बीज डालकर 2 से 3 मिनट तक धीमी आंच पर रोस्ट करें. इसके बाद इसमें खसखस और सूखा नारियल पाउडर मिलाएं और 4 से 5 मिनट तक हल्का भूनकर मिश्रण को अलग बर्तन में निकाल लें.

अब कढ़ाई में थोड़ा सा घी डालकर खजूर डालें और उन्हें अच्छी तरह पकाएं. थोड़ी देर में खजूर नरम होकर पेस्ट की तरह बन जाएंगे. अब इसमें पहले से तैयार ड्राई फ्रूट्स और कूटा हुआ गोंद मिला दें. जब यह मिश्रण कढ़ाई छोड़ने लगे तो समझ लें कि पाक तैयार हो गया है. इसके बाद इसे घी लगी थाली में फैलाएं, ठंडा होने दें और फिर मनचाहे टुकड़ों में काट लें.

खजूर गोंद पाक सर्दियों के दौरान शरीर को गर्माहट देने में काफी सहायक होता है. यह शारीरिक कमजोरी को दूर कर हड्डियों को मजबूती देता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी को भी बढ़ाता है. इसमें मौजूद देसी घी और गोंद जोड़ों के दर्द में राहत दिलाते हैं, वहीं खजूर और ड्राई फ्रूट्स शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं. कड़कड़ाती ठंड में यह मिठाई शरीर के लिए एक प्राकृतिक टॉनिक की तरह काम करती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
December 20, 2025, 06:35 IST
homelifestyle
सर्दियों की ताकतवर मिठाई: बिना चीनी और गुड़ के तैयार खजूर गोंद पाक, जो…



