लड्डू रेसिपी: गुड़-चीनी की जरूरत नहीं! खजूर से ऐसे बनाएं हेल्दी तिल-मूंगफली लड्डू, नोट कर लें रेसिपी

Last Updated:November 26, 2025, 09:47 IST
तिल-मूंगफली लड्डू रेसिपी: सर्दियों में शरीर को गर्म रखने और एनर्जी बढ़ाने के लिए तिल-मूंगफली के शुगर-फ्री लड्डू एक बेहतरीन विकल्प हैं. इस रेसिपी में न तो गुड़ का उपयोग होता है और न ही चीनी का, बल्कि मिठास के लिए खजूर का पेस्ट इस्तेमाल किया जाता है. तिल, मूंगफली, नारियल और थोड़े से घी से बने ये लड्डू 15 मिनट में तैयार हो जाते हैं. आयरन, कैल्शियम और फाइबर से भरपूर यह लड्डू बच्चों, बुजुर्गों और फिटनेस पसंद लोगों के लिए भी सुरक्षित है.
सर्दियों का मौसम आते ही लोगों की डाइट में ऐसी चीजें शामिल हो जाती है, जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को गर्म भी रखती है. ऐसे में तिल और मूंगफली से बने लड्डू सबसे पसंदीदा हैं. खास बात यह है कि अब लोग हेल्दी विकल्पों की ओर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं, इसलिए गुड़ और चीनी के बिना बनने वाले लड्डू काफी पसंद किए जा रहे हैं. ये लड्डू न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन हैं बल्कि बनाना भी बेहद आसान है.

तिल और मूंगफली की लड्डू वैसे तो हर घर में बनाए जाते हैं, लेकिन इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें गुड़ और चीनी का उपयोग बिल्कुल नहीं किया जाता. खजूर की प्राकृतिक मिठास से लड्डू मीठे और हेल्दी बन जाते हैं. यह रेसिपी खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहतर है जो शुगर-फ्री खाने की तलाश में रहते हैं. खजूर में आयरन, फाइबर और मिनरल्स की मात्रा अधिक होती है, जिससे यह लड्डू शरीर को ताज़गी और ऊर्जा देने का काम करते हैं.

इस लड्डू को बनाने के लिए आपको बेहद कम और आसानी से मिलने वाली सामग्री की जरूरत होती है. एक कप तिल, एक कप भुनी मूंगफली, 6 से 7 बड़े खजूर और थोड़ा सा नारियल. खजूर का पेस्ट इस रेसिपी की मिठास और बढ़ाने का काम करता है, जबकि तिल और मूंगफली इसे कुरकुरा बना देते हैं. खास बात यह है कि इसमें केवल एक छोटा चम्मच घी इस्तेमाल होता है, जिसमें लड्डू तैयार हो जाते हैं.
Add as Preferred Source on Google

इस रेसिपी की खासियत यह है कि यह मात्र 15 मिनट में तैयार हो जाती है. सबसे पहले एक कड़ाही में तिल और मूंगफली को हल्का सुनहरा होने तक भूनकर ठंडा कर लें. फिर खजूर को मिक्सर में डालकर आवश्यकतानुसार थोड़ा पानी या नारियल दूध मिलाकर पेस्ट बना लें. फिर इस पेस्ट में तिल, मूंगफली और नारियल मिलाएं. हल्का घी डालकर सबको अच्छी तरह मिक्स करें. मिश्रण को हाथ पर घी लगाकर छोटे-छोटे लड्डुओं के रूप में आकार दें.

तैयार तिल मूंगफली के लड्डू बरनी में भरकर 1 से 2 हफ्ते तक आराम से रखे जा सकते हैं. इसमें कोई रिफाइंड शुगर नहीं होती, इसलिए यह बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए हेल्दी विकल्प है. अगर आप कुरकुरा पसंद करते हैं तो मिश्रण में घी कम डालें इससे लड्डू हल्के बनते हैं. खजूर की जगह डेट सिरप या ताज़े खजूर का पेस्ट भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

सर्दियों में घर पर कुछ खास और हेल्दी स्नैक तैयार करना चाहते हैं तो यह रेसिपी हर बार हिट साबित होती है. बच्चे भी इसे बड़े चाव से खाते हैं क्योंकि इसका स्वाद मीठा होता है. परिवार के बुजुर्गों को भी यह पसंद आता है क्योंकि खजूर, तिल और मूंगफली तीनों ही शरीर को गर्म रखने और ताकत बढ़ाने का काम करते हैं. सबसे बड़ी बात यह बिना किसी शुगर या गुड़ के बनता है, इसलिए डायबिटीज और फिटनेस को ध्यान में रखने वाले भी इसे आराम से खा सकते हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
November 26, 2025, 09:47 IST
homelifestyle
डायबिटीज वालों के लिए भी सुरक्षित! बिना शुगर के ऐसे बनाएं कुरकुरे लड्डू



