लेक सिटी बना टूरिस्ट हॉटस्पॉट, न्यू ईयर पर जश्न को लेकर उमड़ी भारी भीड़, होटल और पर्यटन कारोबार में बूम

उदयपुर. झीलों की नगरी उदयपुर अपनी खूबसूरती, ऐतिहासिक धरोहरों और शाही ठाठ-बाट के लिए देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में मशहूर है. अब जैसे-जैसे वीकेंड और न्यू ईयर सीजन की शुरुआत हुई है, वैसे-वैसे उदयपुर शहर में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. हालात ऐसे हैं कि शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुबह से लेकर देर रात तक सैलानियों की चहल-पहल बनी हुई है.शहर का सिटी पैलेस हो या फिर सहेलियों की बाड़ी, पिछोला झील के घाट हो या फतहसागर की पाल हर जगह सैकड़ों की संख्या में देसी और विदेशी पर्यटक नजर आ रहे हैं.
कैमरों और मोबाइल फोन के साथ सैलानी उदयपुर की खूबसूरती को कैद करते दिख रहे हैं. कई पर्यटक परिवार और दोस्तों के साथ घूमते हुए नजर आ रहे हैं, वहीं विदेशी सैलानी भी पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति और यहां के खान-पान का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं. पर्यटन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस बार उदयपुर आने वाले पर्यटकों में करीब 95 प्रतिशत से ज्यादा घरेलू पर्यटक हैं.
देश-विदेश से सैलानी पहुंच रहे हैं उदयपुर
लेक सिटी में गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और दिल्ली से बड़ी संख्या में सैलानीपहुंच रहे हैं. इसके अलावा कुछ अन्य राज्यों से भी पर्यटकों का आना लगातार जारी है. अधिकारियों का कहना है कि लंबा वीकेंड और साल के आखिरी दिन होने के कारण लोग उदयपुर को अपनी छुट्टियों के लिए पहली पसंद बना रहे हैं. पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार सोशल मीडिया पर हो रहे प्रमोशन का भी इसका बड़ा असर देखने को मिल रहा है. इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर उदयपुर की खूबसूरत झीलें, महल, होटल और कैफे लगातार ट्रेंड कर रहे हैं. यही वजह है कि युवा वर्ग के साथ-साथ परिवार भी बड़ी संख्या में उदयपुर घूमने का प्लान बना रहे हैं.
न्यू ईयर को लेकर लेक सिटी में की गई है खास तैयारी
न्यू ईयर को लेकर शहर के लग्जरी और हेरिटेज होटलों में भी खास तैयारियां की गई हैं. कई होटलों में थीम पार्टी, लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और राजस्थानी फोक डांस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. होटल एसोसिएशन के अनुसार न्यू ईयर के लिए कई होटलों में पहले से ही एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जिनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या भी अच्छी खासी है. उदयपुर इन दिनों पूरी तरह से सैलानियों के रंग में रंगा हुआ है.पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को इस सीजन से अच्छे कारोबार की उम्मीद है, वहीं शहर की रौनक भी इन दिनों देखते ही बन रही है.



