इस आसान रेसिपी से घर पर बनाएं मूंगफली-तिल के लड्डू, जो दे गर्माहट, ताकत और मजबूत इम्युनिटी

Last Updated:December 14, 2025, 08:39 IST
Laddu Recipe: सर्दियों में शरीर को गर्माहट, ऊर्जा और पोषण देने के लिए देसी लड्डू बेहद लाभकारी माने जाते हैं। मूंगफली, तिल, गुड़ और घी से बने ये लड्डू न केवल स्वादिष्ट होते हैं बल्कि इम्युनिटी बढ़ाने और कमजोरी दूर करने में भी मदद करते हैं। गांवों में पारंपरिक रूप से बनाए जाने वाले ये लड्डू बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए फायदेमंद हैं और लंबे समय तक खराब नहीं होते।
सर्दियों का मौसम आते ही शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा, गर्माहट और पोषण की आवश्यकता होती है. ऐसे में हमारी पारंपरिक बनने वाले देसी लड्डू न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि औषधीय गुणों से भी भरपूर होते हैं. मूंगफली, तिल, गुड़ और घी से बने लड्डू ठंड के मौसम में शरीर को भीतर से मजबूत बनाते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होते हैं.

गांवों में सर्दियों के दौरान इन लड्डुओं का विशेष महत्व रहा है. यह लड्डू मेहनत करने वाले लोगों से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक सभी के लिए लाभकारी माने जाते हैं. प्राकृतिक सामग्री से बने ये लड्डू लंबे समय तक खराब नहीं होते और रोज़ाना थोड़ी मात्रा में सेवन करने पर शरीर को निरंतर ऊर्जा प्रदान करते हैं. इसलिए सर्दियां आते ही हर घर में लड्डू बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है.

गृहिणी हेमा देवी ने बताएं कि मूंगफली, गुड, दाल से लड्डू बेहद आसानी से बनाया जाता है. इसे बनाने के लिए आवश्यक सामग्री में मूंगफली एक कप, तिल एक कप, रोस्टेड चना दाल आधा कप, इलायची 5 दाने, सोंठ पाउडर एक छोटा चम्मच, घी दो छोटे चम्मच, गुड़ 400 ग्राम (लगभग 1½ कप) लेना है.
Add as Preferred Source on Google

सबसे पहले एक पैन में मूंगफली को धीमी आंच पर भून लें और ठंडा होने के बाद उसके छिलके अलग कर लें. इसी तरह तिल और रोस्टेड चना दाल को भी हल्का सा भूनकर अलग प्लेट में निकाल लें. अब मिक्सी में मूंगफली और इलायची डालकर दरदरा पीस लें. इसी प्रकार तिल और चना दाल को भी दरदरा पीस लें.

अब एक बड़े कटोरे में मूंगफली, तिल और चना दाल का पाउडर मिलाएं, उसमें सोंठ पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. कढ़ाई में घी गरम कर उसमें गुड़ डालें और धीमी आंच पर पिघला लें. जब गुड़ पूरी तरह पिघल जाए तो गैस बंद कर दें और इसमें तैयार मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें, फिर हाथों से लड्डू बांध लें और ऊपर से तिल की कोटिंग कर दें.

मूंगफली, तिल और गुड़ के लड्डू शरीर को गर्म रखने में मदद करते हैं और ठंड से होने वाली कमजोरी को दूर करते हैं. तिल और घी जोड़ों के दर्द में राहत देते हैं, जबकि गुड़ खून की कमी दूर करने में सहायक होता है. मूंगफली और चना दाल से भरपूर प्रोटीन व ऊर्जा मिलती है, जिससे शरीर में ताकत बनी रहती है. सोंठ पाचन को मजबूत करती है और सर्दी–खांसी से बचाव में मददगार होती है. ये देसी लड्डू सर्दियों में स्वास्थ्य का स्वादिष्ट पैकेज हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
December 14, 2025, 08:38 IST
homelifestyle
ठंड में क्यों जरूरी है देसी लड्डू? जानें फायदे और आसान रेसिपी



