Mercury in Skin Lightening Creams Can Cause Kidney Damage | स्किन को गोरा करने वाली क्रीम्स में मौजूद मरकरी किडनी करता है डैमेज

Skin Whitening Creams Link to Kidney Failure: सुंदर दिखने की चाहत में लोग स्किन लाइटनिंग क्रीम्स यानी गोरा करने वाली क्रीम्स का खूब इस्तेमाल करते हैं. आजकल इंटरनेट से लेकर सोशल मीडिया पर भी कई क्रीम्स बेची जा रही हैं, जिनमें स्किन को गोरा करने का दावा भी किया जाता है. अगर आप भी ऐसी क्रीम्स लगा रहे हैं, तो सावधान होने की जरूरत है. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर इंस्टेंट ग्लो और फेयर स्किन का दावा करके बेची जा रही क्रीम्स लगाने से आपकी किडनी डैमेज हो सकती हैं. एक हालिया स्टडी cमें कई स्किन लाइटनिंग क्रीम्स में मरकरी (Mercury) की मात्रा कानूनी सीमा से हजार गुना ज्यादा पाई गई है. यह वही मरकरी है, जो किडनी, लिवर और नर्वस सिस्टम को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.
स्किन लाइटनिंग क्रीम्स को लेकर यह खुलासा जीरो मरकरी वर्किंग ग्रुप (ZMWG) की एक रिपोर्ट में हुआ है. इसमें बताया गया कि दुनियाभर के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बिकने वाली कई स्किन लाइटनिंग क्रीम्स में गैरकानूनी तरीके से मरकरी मिलाई जाती है. 31 क्रीम्स की जांच में से 25 में मरकरी की मात्रा 1 ppm की कानूनी सीमा से हजारों गुना अधिक पाई गई. भारत की संस्था Toxics Link ने भारत, पाकिस्तान और थाईलैंड में बनी 8 क्रीम्स की जांच की, जिनमें से 7 में मरकरी का स्तर 7331 ppm से लेकर 27431 ppm तक पाया गया. यह इतनी ज्यादा मात्रा है, जो किसी भी व्यक्ति को मौत के मुंह में पहुंचा सकती है.
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर खूब बिक रहीं ऐसी क्रीम्स
इस रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका और यूरोपीय देशों में ऐसी क्रीम्स बहुत कम मिलीं, क्योंकि वहां इन क्रीम्स को लेकर कड़े कानून हैं. जबकि भारत जैसे देशों में अनकंट्रोल ऑनलाइन मार्केटप्लेस पर ये खतरनाक क्रीम्स आसानी से बिक रही हैं. साल 2023 से अब तक मरकरी वाली क्रीम्स से किडनी फेलियर के कई मामले सामने आ चुके हैं. इन्हीं क्रीम्स के चलते महाराष्ट्र के अकोला जिले में एक ही परिवार की तीन महिलाओं की किडनी खराब हो गई थीं. किडनी ही नहीं, बल्कि लिवर और नर्वस सिस्टम पर भी इन क्रीम्स का बहुत बुरा असर पड़ सकता है, जिसका आप अंदाजा भी नहीं लगा सकते हैं.
शरीर के लिए कितना खतरनाक है मरकरी?
नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल के सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. डीएम महाजन ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया- मरकरी एक हैवी मेटल है, जो स्किन, लिवर और किडनी के लिए बेहद नुकसानदायक होता है. स्किन क्रीम्स में इसका इस्तेमाल इसलिए किया जाता है, क्योंकि यह मेलेनिन बनने की प्रक्रिया को रोक देता है. मेलेनिन वही तत्व है, जो स्किन को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाता है और उसका रंग निर्धारित करता है. जब मरकरी इसे दबा देता है, तो स्किन कुछ देर के लिए गोरी दिखने लगती है. शुरुआत में त्वचा पर गोरेपन का असर तुरंत दिखता है, लेकिन धीरे-धीरे इसका नुकसान सामने आने लगता है. इससे स्किन की प्रोटेक्टिव लेयर कमजोर हो जाती है, जिससे लालपन, जलन, खुजली, दाग-धब्बे, झुनझुनी और बाल झड़ने जैसी समस्याएं होती हैं. जब लोग इन क्रीम्स का इस्तेमाल बंद करते हैं, तो त्वचा और खराब दिखने लगती है.
किडनी और नर्वस सिस्टम पर भी होता है असर
मरकरी सिर्फ स्किन को नहीं, बल्कि पूरे शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचाता है. लंबे समय तक इसका उपयोग करने से नेफ्रोटिक सिंड्रोम हो सकता है, जिसमें किडनी पेशाब के जरिए ज्यादा प्रोटीन बाहर निकालने लगता है. धीरे-धीरे यह किडनी फेल्योर तक पहुंच सकता है. इसके अलावा यह मुंह में छाले, कंपन, सिरदर्द और नसों की सूजन जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है. क्रीम लगाने पर मरकरी त्वचा के रोमछिद्रों से अंदर चला जाता है और खून के जरिए किडनी तक पहुंचता है. कुछ मामलों में यह सांस या मुंह के जरिए निगलने से भी शरीर में चला जाता है. औसतन इंसान की त्वचा का क्षेत्रफल 1.73 वर्ग मीटर होता है, जिससे यह जहर बड़ी मात्रा में शरीर में समा जाता है.
इन क्रीम्स से कैसे बचा जा सकता है?
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के अनुसार अगर किसी क्रीम या स्किन केयर प्रोडक्ट में Calomel, Cinnabaris, Hydrargyri oxydum rubrum, Quicksilver, Mercury या Mercuric लिखा है, तो उसमें मरकरी मौजूद है. ऐसी क्रीम्स के लेबल पर अक्सर चेतावनी लिखी होती है कि इसे सोना, चांदी या गहनों से दूर रखें, क्योंकि मरकरी उन्हें भी खराब कर देता है. ऐसी क्रीम्स को खरीदने से बचें और क्रीम्स इस्तेमाल करने से पहले डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह लें. इसके अलावा अच्छे ब्रांड की स्किन केयर क्रीम्स खरीदें और उसमें भी सावधानी बरतें.



