Most Controversial World Cup in cricket history when England give walkover: क्रिकेट इतिहास का सबसे विवादित विश्व कप में इंग्लैंड ने दिया वॉकओवर

Last Updated:November 03, 2025, 23:30 IST
आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 में भारत की खिताबी जीत की हर तरफ चर्चा हो रही है, लेकिन क्रिकेट विश्व कप के इतिहास में एक टूर्नामेंट ऐसा भी हुआ है जब इंग्लैंड की टीम ने वॉकओवर देकर खुद को टूर्नामेंट से बाहर कर लिया था और फिर भारत फाइनल में पहुंचा था.
वनडे विश्व कप 2003 में इंग्लैंड वॉकओवर देकर हुई थी बाहर
नई दिल्ली: आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 में भारतीय टीम की खिताबी जीत की धूम मची हुई है. महिला क्रिकेट के 52 सालों के इतिहास में भारतीय टीम ने पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है. भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया है, लेकिन यहां हम बात करेंगे 22 साल पहले खेले गए मेंस वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप की जब एक टीम ने वॉकओवर देकर खुद को टूर्नामेंट से बाहर कर लिया था. आईसीसी वनडे क्रिकेट विश्व कप के इतिहास में इसे सबसे बड़े विवादों में से एक माना जाता है. ये टीम कोई और नहीं बल्कि इंग्लैंड थी.
इंग्लैंड की टीम ने आईसीसी वनडे विश्व कप 2003 में जिम्बाब्वे के खिलाफ वॉकओवर दे दिया था. इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे के साथ खेलने से मना कर दिया था. इसका नतीजा ये हुआ कि नासिर हुसैन की कप्तानी वाली टीम को सुपर सिक्स से पहले ही बाहर होना पड़ गया. क्योंकि इससे जिम्बाब्वे को पूरे चार अंक मिल गए थे. ये वही विश्व कप है, जिसमें सौरव गांगुली की कप्तानी में भारतीय टीम ने फाइनल में अपनी जगह बनाई थी, लेकिन उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल तोड़ देने वाली हार का सामना करना पड़ा था.
क्या है विश्व कप 2003 में इंग्लैंड का विवाद
आईसीसी वनडे विश्व कप 2003 की मेजबानी तीन देशों ने संयुक्त रूप से की थी. इसमें साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या थी. उस दौर में केन्या और जिम्बाब्वे की टीम भी काफी मजबूत हुआ करती थी. विश्व कप 2003 में विवाद कारण जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे थे. इंग्लैंड राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे की नीतियों से खुश नहीं था. ऐसे में इंग्लैंड ने जिम्बाब्वे के हालातों और वहां की सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए मैच खेलने से इनकार कर दिया था. इंग्लैंड की टीम को जिम्बाब्वे के साथ हरारे में मैच खेलना था.
हालांकि, इंग्लैंड ने आईसीसी से मैच के वेन्यू को बदलने का अनुरोध भी किया था, लेकिन क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने इंग्लैंड की बात नहीं मानी. ऐसे में इंग्लैंड की टीम भी अपनी जिद्द पर अड़ गई और उसने जिम्बाब्वे को वॉकओवर देने का फैसला कर दिया. इसका इंग्लैंड को काफी नुकसान हुआ. क्योंकि उसने अपने चार महत्वपूर्ण अंक गंवा दिए. इसके बाद आगे के मैचों में भी टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा, जिसके कारण वह सुपर सिक्स में भी नहीं पहुंच पाई.
क्रिकेट में हुआ था राजनीति का हस्तक्षेप
आईसीसी क्रिकेट में राजनीतिक हस्तक्षेप के सख्त खिलाफ है. विश्व कप 2003 में इंग्लैंड का वॉकओवर देने का फैसला राजनीति से प्रेरित था. क्योंकि इंग्लैंड के अलावा टू्र्नामेंट में हिस्सा लेने वाली अन्य किसी भी टीम को जिम्बाब्वे में खेलने से कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन इंग्लैंड की सरकार जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति की नीतियों से खुश नहीं थे, इसलिए अपनी टीम को वहां खेलने से मना कर दिया. इस वजह से भी आईसीसी ने इंग्लैंड के वेन्यू बदलने के अनुरोध को नहीं माना. इसी वजह से इसे क्रिकेट विश्व कप इतिहास का बड़े विवादों में से एक माना जाता है.
Jitendra Kumar
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्… और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
November 03, 2025, 23:30 IST
homecricket
क्रिकेट इतिहास का विवादित वर्ल्ड कप! वॉकओवर देकर बाहर हुआ था इंग्लैंड



