MSP Purchase Orders | Farmer MSP Update | Minimum Support Price 2025 | Government MSP Procurement | Crop Purchase Start Date | Agriculture News | Farmer Support Scheme

Last Updated:November 22, 2025, 12:04 IST
Farmer MSP Update: किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. सरकार ने लंबे इंतजार के बाद MSP पर खरीद शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं. निर्धारित तारीख से मंडियों में फसलों की सरकारी खरीद शुरू होगी. इससे किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बेचने का मौका मिलेगा, जिससे उनकी आय में सीधा लाभ होने की उम्मीद है.
सीकर. जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है. लंबे इंतजार के बाद सरकार ने मूंग व मूंगफली की समर्थन मूल्य पर खरीद के आदेश जारी कर दिए हैं. ऐसे में अब अब खरीफ सीजन की मार झेल रहे किसान मूंग, मूंगफली, सोयाबीन और उड़द की फसलों को समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे. इसके लिए सरकार ने खरीद लक्ष्य जारी कर दिए हैं. सीकर, दांतारामगढ़, श्रीमाधोपुर, खंडेला, लक्ष्मणगढ़, फतेहपुर और नीमकाथाना की सहकारी समितियों पर खरीद केंद्र बनाए गए हैं, जहां हजारों किसान पहले ही रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं.

इस बार समर्थन मूल्य पर मूंग, मूंगफली, सोयाबीन और उड़द की खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं. इस बार समर्थन मूल्य पर खरीद बायोमीट्रिक पहचान के आधार पर की जाएगी. इस नए बदलाव में इस बार ओटीपी आधारित सत्यापन की सुविधा नहीं दी जाएगी, जिससे फर्जीवाड़े पर रोक लग सके. बिना ओटीपी इस बार बायोमीट्रिक सारा काम होगा. प्रदेश में नैफेड और एनसीसीएफ के माध्यम से 90 दिनों तक लगातार खरीद चलेगी. रजिस्ट्रेशन की संख्या बढ़ने से किसानों में इस बार की खरीद प्रक्रिया को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है.

सहकारिता विभाग के अनुसार, इस बार सीकर सहित संपूर्ण राजस्थान में मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन की बड़ी मात्रा में खरीद की जाएगी. इसमें मूंग की 3 लाख 5 हजार 750 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि उड़द की 1 लाख 68 हजार मीट्रिक टन, मूंगफली की 5 लाख 54 हजार 750 मीट्रिक टन और सोयाबीन की 2 लाख 65 हजार मीट्रिक टन तक खरीद की जाएगी. इसके लिए पूरे राज्य में सैकड़ों खरीद केंद्र बनाए गए हैं.
Add as Preferred Source on Google

विभाग के अनुसार, समर्थन मूल्य पर फसलों की बिक्री के लिए अब तक मूंग के 97 हजार से अधिक, मूंगफली के लगभग 1.87 लाख, सोयाबीन के 26 हजार से ज्यादा और उड़द के 1681 किसानों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है. समर्थन मूल्य की बात करें तो मूंग का भाव 8,768 रुपए, मूंगफली का 7,263 रुपए, उड़द का 7,800 रुपए और सोयाबीन का 5,328 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जिससे किसानों को उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है.

बीकानेर और चूरू जिलों में शिकायतों के आधार पर फर्जी गिरदावरी और पंजीयन की जांच कराई गई. जांच में बीकानेर में 5,954 और चूरू में 9,819 फर्जी पंजीयन पाए गए जिन्हें तुरंत निरस्त कर दिया गया है. राजफैड ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए खरीद सीमा तक नए रजिस्ट्रेशन के निर्देश जारी किए हैं ताकि किसी भी पात्र किसान को नुकसान न हो.

आपको बता दें कि, लंबे इंतजार के बाद मूंग और मूंगफली की खरीद के आदेश जारी कर दिए गए हैं. 24 नवंबर से शुरू होने वाली यह खरीद 90 दिनों तक चलेगी. राजफैड की गाइडलाइन के अनुसार किसी जिले में कुल उपज के 25 प्रतिशत तक ही सरकारी खरीद की जाएगी. कृषि विभाग के अनुसार इस सीजन में सीकर जिले में लगभग 14,042 टन उपज हुई है, जिसमें से लगभग 3508 टन की सरकारी खरीद संभव है.

सामान्य तौर पर खरीफ फसलों की खरीद 1 नवंबर से शुरू हो जाती है, लेकिन देरी के कारण 70 प्रतिशत से अधिक किसान अपनी उपज बाजार में औने-पौने दामों में बेच चुके हैं. अब सरकार द्वारा घोषित 8,769 रुपए मूंग और 7,263 रुपए मूंगफली का समर्थन मूल्य बाकी किसानों को उचित दाम दिलाने में सहायक होगा. ऐसे में अब किसानों को आस जागी है उनकी फसल का उन्हें सही दाम मिलेगा.
First Published :
November 22, 2025, 12:04 IST
homeagriculture
किसानों की जीत! MSP पर खरीद के आदेश जारी-जानें कब से शुरू होगी सरकारी खरीद



