Mustafizur Rahman IPL controversy T20WC games shifted to SL: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप के अपने मैच को भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की है.

नई दिल्ली: मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से रिलीज किए जाने बाद बांग्लादेश क्रिकेट ने नौटंकी शुरू कर दी है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को उसके खेल मंत्रालय ने कहा है कि देश के टी20 वर्ल्ड कप के लीग मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करवाने की कोशिश करें, क्योंकि मुस्तफिजुर रहमान को बीसीसीआई के कहने पर आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता है. शाहरुख खान की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज को रिलीज कर दिया है, जिन्हें पिछले महीने अबू धाबी में हुई नीलामी में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था.
बीसीबी के अध्यक्ष और पूर्व कप्तान अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने इमरजेंसी बोर्ड मीटिंग के बाद कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की, लेकिन सरकार के सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि उन्होंने बोर्ड को कहा है कि जय शाह के नेतृत्व वाले आईसीसी से बांग्लादेश के चार लीग मैच, जिसमें से तीन कोलकाता में और एक मुंबई में खेलना जाना है उसे श्रीलंका शिफ्ट करने को कहें. नजरुल ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, ‘खेल मंत्रालय के सलाहकार के तौर पर मैंने क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को कहा है कि पूरे मामले को लिखित में आईसीसी को समझाएं.’
भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा पर खतरा-नजरुल
उन्होंने लिखा, ‘अगर कोई बांग्लादेशी क्रिकेटर, कॉन्ट्रैक्ट में होने के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता तो बांग्लादेश की टीम भी भारत जाकर वर्ल्ड कप खेलने में सुरक्षित महसूस नहीं करेगी.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘मैंने बोर्ड को औपचारिक रूप से अनुरोध करने को भी कहा है कि बांग्लादेश के वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराए जाएं.’ बांग्लादेश के चार लीग मैच वेस्टइंडीज (7 फरवरी), इटली (9 फरवरी), इंग्लैंड (14 फरवरी) के खिलाफ कोलकाता में और आखिरी मैच नेपाल (17 फरवरी) के खिलाफ मुंबई में हैं.
हालांकि बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा कि टूर्नामेंट में सिर्फ एक महीना बचा है, ऐसे में मैच शिफ्ट करना लगभग नामुमकिन है. सूत्र ने कहा, ‘आप किसी की मर्जी से मैच नहीं बदल सकते. ये लॉजिस्टिकली बहुत मुश्किल है. बाकी टीमों के टिकट और होटल सब बुक हो चुके हैं. हर दिन तीन मैच होते हैं, इसका मतलब एक मैच श्रीलंका में होगा. ब्रॉडकास्ट क्रू भी है. ये कहना आसान है, लेकिन करना मुश्किल.’ पाकिस्तान पहले ही श्रीलंका में अपने वर्ल्ड कप मैच खेल रहा है. हालांकि, ये पहले ही तय हो गया था.
क्या आईपीएल का प्रसारण बांग्लादेश में बंद होगा?
नजरुल ने कहा कि उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सलाहकार से भी कहा है कि बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण बंद किया जाए. उन्होंने कहा, ‘मैंने सूचना और प्रसारण के सलाहकार से कहा है कि आईपीएल का प्रसारण बांग्लादेश में भी बंद हो.’ उन्होंने कहा, ‘हम बांग्लादेशी क्रिकेट, खिलाड़ियों या देश का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे. गुलामी के दिन खत्म हो गए.’ बीसीबी में भी हैरानी है कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के ढाका में पूर्व पीएम खालिदा जिया के जनाजे में शामिल होने के बाद हालात ऐसे हो गए.
बीसीबी के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘बीसीबी ने भारत के बांग्लादेश दौरे का शेड्यूल इसलिए जारी किया था क्योंकि माहौल अच्छा था, लेकिन अब हमें भारतीय बोर्ड से ऑफिशियल कन्फर्मेशन चाहिए कि मुस्तफिजुर का कॉन्ट्रैक्ट क्यों रद्द किया गया.’ सूत्र ने कहा, ‘अभी तक बीसीसीआई ने बीसीबी को कुछ भी ऑफिशियल नहीं बताया है. जब तक ऑफिशियल जानकारी नहीं मिलती बीसीबी आगे का फैसला नहीं करेगा.’



