पाली में भंवरों का रहस्यमयी हमला

Last Updated:December 11, 2025, 11:54 IST
Pali News: पाली के तखतगढ़ में भंवरों ने पहली बार इंसानों पर हमला किया. मां-बेटी को कई डंक लगे और जान बचाने के लिए उन्हें नहर में कूदना पड़ा. दोनों अस्पताल में भर्ती हैं. क्षेत्र में दहशत फैल गई. विशेषज्ञों ने भंवरा अटैक से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बताई हैं.
पाली. पाली जिले के तखतगढ़ कस्बे में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी. यहां पादरली रोड स्थित एक खेत में काम पर जा रही मां-बेटी पर अचानक भंवरों ने हमला कर दिया. यह पहली बार है जब मधुमक्खियों की तरह भंवरों (Bumblebees) के समूह ने किसी इंसान पर इस तरह आक्रामक हमला किया हो. इस अटैक के बाद दोनों महिलाओं को अपनी जान बचाने के लिए नहर में कूदना पड़ा. स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया.
अचानक भंवरों का हमला. मां-बेटी गंभीर रूप से घायलतखतगढ़ निवासी धर्मी देवी और उनकी बेटी संतोष कुमारी खेत में काम करने जा रही थीं, तभी अचानक भंवरों का झुंड उन पर टूट पड़ा. देखते ही देखते भंवरों ने उनके पूरे शरीर में कई जगह डंक मार दिए. दर्द और चीख-पुकार में दोनों पानी की ओर भागीं और अंततः जान बचाने के लिए नहर में कूद गईं. ग्रामीणों ने बताया कि ऐसा हमला उन्होंने पहले कभी नहीं देखा. भंवरों ने लगातार महिलाओं का पीछा किया और डंक मारते रहे, जिससे पूरे शरीर पर सूजन आ गई.
ग्रामीणों में दहशत. रास्ता बंद करने पड़ेइस घटना के बाद पादरली क्षेत्र में लोगों में भय का माहौल बन गया है. ग्रामीणों ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले की खबरें तो अक्सर आती रहती हैं, लेकिन भंवरों के झुंड द्वारा इस तरह का हमला पहली बार देखा गया है. डर का आलम यह था कि कई लोगों ने कुछ घंटों के लिए उस क्षेत्र में आना-जाना भी बंद कर दिया.
अस्पताल में भर्ती. नगर पालिका अध्यक्ष ने जाना हालघटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग धर्मी देवी और संतोष कुमारी को तत्काल तखतगढ़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने बताया कि दोनों को हाथ, गर्दन, पीठ और पैरों पर कई डंक लगे, जिनसे गंभीर सूजन हो गई. नगर पालिका अध्यक्ष ललित रांकावत भी अस्पताल पहुंचे और महिलाओं का हालचाल जाना. भंवरों के अचानक हमले से आसपास मौजूद लोग डरकर भागने लगे.
भंवरा अटैक करे तो बरतें ये सावधानियांभंवरे (Bumblebees) आमतौर पर हमला नहीं करते, जब तक कि उन्हें खतरा महसूस न हो. वे विषैले होते हैं और उनका डंक काफी दर्दनाक व सूजन पैदा करने वाला होता है.
अगर भंवरा हमला करे, तो ये 3 सावधानियां तुरंत अपनाएँ:
तुरंत वहां से दूर भागें, चेहरा और गर्दन को कपड़े से ढक लें.
डंक वाली जगह को साबुन-पानी से धोकर बर्फ या ठंडी सिकाई करें.
यदि एलर्जी, तेज सूजन या सांस लेने में दिक्कत हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
Location :
Pali,Pali,Rajasthan
First Published :
December 11, 2025, 11:52 IST
homerajasthan
भंवरों ने किया अचानक हमला, अस्पताल पहुंचीं महिलाएं; खुद को बचाना है तो….



