दिल्ली-जैसलमेर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात, जल्द शुरू होगी सेवा; चेक कर लें टाइमिंग और स्टॉपेज

जोधपुर. नई रेल सुविधा से मरुभूमि को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी होने वाली है. रेलवे बोर्ड ने शकूर बस्ती (दिल्ली)-जैसलमेर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने को मंजूरी दे दी है. गाड़ी संख्या- 12249/12250 शकूर बस्ती-जैसलमेर एक्सप्रेस के नाम से शुरू होने वाली यह ट्रेन दोनों दिशाओं में रोजाना चलेगी. रेलवे बोर्ड द्वारा 22 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार ट्रेन को जल्द ही किसी भी सुविधाजनक तिथि से शुरू किया जा सकता है.
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक कोचिंग विवेक कुमार सिन्हा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं. आवश्यकता पड़ने पर इसका उद्घाटन विशेष ट्रेन के रूप में भी किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार ये ट्रेन 29 नवंबर से शुरू हो सकती है और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इसका उद्घाटन करने जैसलमेर आ सकते हैं.
इन स्टेशनों पर रूकेगी नई ट्रेन
नई ट्रेन के शुरू होने से दिल्ली और सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़ाव और मजबूत होगा, साथ ही पर्यटन एवं स्थानीय व्यापार को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. आने वाले दिनों में इसका टाइम-टेबल और रूट विस्तृत रूप से जारी किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार नई ट्रेन शकूर बस्ती से शाम 5:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:00 बजे जैसलमेर पहुंचेगी. वहीं जैसलमेर से वापसी में ट्रेन शाम 5:00 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 9:30 बजे शकूर बस्ती पहुंचेगी. यह ट्रेन रेवाड़ी, अलवर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, नावा सिटी, कुचामन सिटी, मकराना, डीडवाना, मेड़ता रोड, जोधपुर, ओसियां, मारवाड़ लोहारू, फलोदी, रामदेवरा और आशापुरा गोमट आदि स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
रेलवे मंडल ने पूरी कर ली है तैयारी
रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे और उत्तर पश्चिम रेलवे को निर्देश दिए हैं कि ट्रेन का संचालन शुरू करने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं. आम जनता को इस नई सेवा की जानकारी व्यापक रूप से देने के लिए भी कहा गया है. यह ट्रेन दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और अंत में मरुधरा के दर्शनीय शहर जैसलमेर के बीच एक नई और तेज कड़ी साबित होगी. यात्रियों को इसके शुरू होने का बेसब्री से इंतजार है.



