Rajasthan

78वें आर्मी डे पर जयपुर बनेगा शक्ति प्रदर्शन का केंद्र, ब्रह्मोस से लेकर अपाचे तक आएंगे नजर, इंडियन आर्मी का दिखेगा शौर्य

जयपुर. 15 जनवरी को जयपुर में पहली बार 78वें आर्मी डे पर भव्य परेड का आयोजन होने जा रहा है, जिसके लिए जयपुर के जगतपुरा स्थित महला रोड पर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं. महला रोड पर जयपुरवासियों को भव्य आर्मी परेड के साथ लाइट एंड साउंड शो और भारतीय सेना के हथियारों की शानदार प्रदर्शनी देखने को मिलेगी. आर्मी डे की इस भव्य परेड में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के साथ खासतौर पर ऑपरेशन सिंदूर की ताकत भी देखने को मिलेगी. फिलहाल इस आयोजन के लिए महला रोड पर सेना के जवान परेड की रिहर्सल में जुटे हुए हैं. आयोजन से पहले 9, 11 और 13 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी.

इस भव्य परेड में कमांडर, चीफ ऑफ स्टाफ साउथ वेस्टर्न कमांड लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह सहित भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी परेड का निरीक्षण करेंगे. आर्मी डे परेड से पहले 14 जनवरी को सप्त शक्ति कमांड ऑडिटोरियम में पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा. महला रोड पर मंच तैयार हो चुका है. सड़कों की मरम्मत, सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ पूरे क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया है. उल्लेखनीय है कि आर्मी डे परेड का भव्य आयोजन पहली बार राजस्थान में हो रहा है. इस वर्ष सेना दिवस की थीम “भारतीय सेना शौर्य एवं बलिदान की परंपरा” रखी गई है.

परेड में दिखेगी भारतीय सेना और हथियारों की अद्भुत शक्ति

15 जनवरी को होने वाली आर्मी डे परेड में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के साथ जयपुरवासियों को पहली बार अमेरिका निर्मित अपाचे हेलिकॉप्टर का फ्लाईपास्ट, ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत देखने को मिलेगी. इसके अलावा परेड में सेना की नई भैरव बटालियन और 61वीं कैवलरी के घुड़सवार दस्ते को भी शामिल किया गया है. भैरव कमांडो हाई रिस्क ऑपरेशन जैसे आतंकवाद, नक्सलवाद और संगठित अपराध से निपटने के लिए तैयार किए गए हैं, जिनकी परेड में विशेष झलक देखने को मिलेगी.

मुख्य परेड सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी. इसमें भारतीय सेना के जवानों के साथ राजस्थान निदेशालय के एनसीसी कैडेट्स सहित 6 राज्यों के कुल 148 एनसीसी कैडेट्स भाग लेंगे. ये कैडेट्स फाइनल रिहर्सल के लिए प्रतिदिन 8 से 10 घंटे अभ्यास कर रहे हैं. परेड में आर्मी और एनसीसी बैंड ‘वंदे मातरम्’ की धुन पर मार्च करेंगे. खासतौर पर पंजाब के कपूरथला सैनिक स्कूल का एनसीसी बॉयज बैंड मार्च पास्ट करेगा. कड़ाके की ठंड के बीच महला रोड पर टैंक, मिसाइल, ड्रोन तकनीक और आधुनिक युद्ध क्षमताओं का अभ्यास जारी है. इसके साथ ही हेलिकॉप्टरों के फ्लाईपास्ट की भी नियमित प्रैक्टिस की जा रही है.

परेड के साथ खास होगी सेना के हथियारों की प्रदर्शनी

15 जनवरी को आर्मी डे परेड से पहले जयपुरवासियों के लिए भारतीय सेना के हथियारों की भव्य प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी. यह प्रदर्शनी 8 से 12 फरवरी तक सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन ग्राउंड में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी. प्रदर्शनी में लोग नजदीक से टैंक, आकाश, अग्नि और ब्रह्मोस मिसाइल, आधुनिक युद्ध तकनीक, आर्मी डॉग और सिम्फनी बैंड जैसी कई आकर्षक चीजें देख सकेंगे.

इसके अलावा 15 जनवरी को परेड के बाद शाम 5:30 से 7 बजे तक एसएमएस स्टेडियम में लाइट एंड साउंड शो ‘शौर्य संध्या’ का आयोजन होगा, जिसमें एक हजार ड्रोन के प्रदर्शन के साथ ऑपरेशन सिंदूर की ताकत दिखाई जाएगी. आर्मी डे से जुड़े सभी कार्यक्रमों के लिए महला रोड और आसपास के इलाकों में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाएं पहले ही लागू कर दी गई है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj