एक चम्मच एप्सम सॉल्ट से तुलसी बनेगी घनी, हरी और चमकदार! जानिए कैसे ले इसे काम

Last Updated:October 22, 2025, 17:16 IST
तुलसी का पौधा भारतीय घरों की शान और श्रद्धा का प्रतीक है, लेकिन सही देखभाल न होने पर यह जल्दी मुरझा जाता है. क्या आपके घर की तुलसी भी बार-बार सूख जाती है? तो अब चिंता छोड़िए! हर महीने बस एक चम्मच एप्सम सॉल्ट से बना ये आसान स्प्रे न सिर्फ तुलसी को हरा-भरा बनाएगा, बल्कि उसकी पत्तियों में नई जान और चमक भी भर देगा. जानिए इस घरेलू उपाय का पूरा तरीका और इसके चमत्कारी फायदे.
भारतीय घरों में तुलसी का पौधा न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक माना जाता है, बल्कि इसे आयुर्वेदिक गुणों की खान भी कहा जाता है. लेकिन अक्सर देखा गया है कि लोग शिकायत करते हैं कि तुलसी का पौधा कुछ ही दिनों में मुरझा जाता है, उसकी पत्तियां पीली पड़ जाती हैं या वह सूखने लगता है.

तुलसी के पौधे को स्वस्थ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए सही देखभाल और पोषण देना बेहद ज़रूरी है. केवल नियमित पानी देना ही काफी नहीं होता, बल्कि समय-समय पर पौधे को आवश्यक पोषक तत्व भी देने चाहिए. कई बार मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी के कारण तुलसी कमजोर हो जाती है.

चमत्कारी फॉर्मूला एप्सम सॉल्ट<br />जानकारों के अनुसार, अगर हर महीने एक बार 1 लीटर पानी में 1 चम्मच एप्सम सॉल्ट मिलाकर तुलसी के पत्तों पर स्प्रे किया जाए, तो पौधे को अद्भुत लाभ मिलता है. यह उपाय तुलसी को न सिर्फ हरा-भरा बनाता है, बल्कि उसकी पत्तियों में एक विशेष चमक आ जाती है.

एप्सम सॉल्ट, जिसे मैग्नीशियम सल्फेट भी कहा जाता है, पौधों के लिए बेहद लाभकारी होता है.यह मिट्टी में मैग्नीशियम की मात्रा को संतुलित करता है और पौधे की कोशिकाओं में क्लोरोफिल के निर्माण में मदद करता है. इससे पौधा न सिर्फ स्वस्थ दिखता है, बल्कि उसका विकास भी तेज़ी से होता है.

इस उपाय को अपनाने के लिए एक स्प्रे बोतल में 1 लीटर पानी भरें और उसमें 1 चम्मच एप्सम सॉल्ट डालें. अच्छे से मिलाकर इस घोल को तुलसी की पत्तियों और आस-पास की मिट्टी पर छिड़कें.ध्यान रहे कि यह प्रक्रिया सुबह या शाम के समय करें, जब धूप तेज़ न हो.

इस उपाय से न केवल तुलसी का पौधा हरा-भरा बना रहता है, बल्कि यह कीड़ों से भी बचा रहता है. एप्सम सॉल्ट पौधे की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और जड़ों को मजबूत करता है, जिससे तुलसी लंबे समय तक जीवित रहती है.

आपके घर में तुलसी का पौधा बार-बार सूख जाता है या हरा नहीं रहता, तो यह घरेलू और सस्ता उपाय जरूर आजमाएं. थोड़ी सी मेहनत और नियमित देखभाल से आप तुलसी को फिर से हरा-भरा बना सकते हैं. एक छोटा-सा प्रयास आपके घर में हरियाली और सकारात्मक ऊर्जा ला सकता है.
First Published :
October 22, 2025, 17:16 IST
homerajasthan
तुलसी का पौधा हरा-भरा रखने के लिए एप्सम सॉल्ट का आसान घरेलू उपाय.



