इलाज के दौरान टूटा हौसला? जयपुर और दौसा के अस्पताल में मरीजों ने दे दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Last Updated:January 08, 2026, 12:06 IST
Jaipur News: राजस्थान में सरकारी अस्पतालों से आत्महत्या की दो दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं. जयपुर के SMS अस्पताल में किडनी रोग से पीड़ित मरीज ने सातवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी, जबकि दौसा जिला अस्पताल में सर्जिकल वार्ड के टॉयलेट में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली. दोनों मामलों से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस ने धारा 174 के तहत जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है.
जयपुर और दौसा के अस्पताल में दो मरीजों ने कर ली आत्महत्या
जयपुर/दौसा. राजस्थान में सरकारी अस्पतालों से आत्महत्या की दो दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई है. एक तरफ राजधानी जयपुर के सबसे बड़े सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में एक मरीज ने सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी, तो दूसरी तरफ दौसा जिला अस्पताल में एक व्यक्ति ने सर्जिकल वार्ड के टॉयलेट में आत्महत्या कर ली. दोनों घटनाओं से अस्पतालों में हड़कंप मच गया और पुलिस जांच में जुट गई है.
पहली घटना जयपुर के SMS अस्पताल की है. 36 वर्षीय हंसराज, जो नेफ्रोलॉजी यूनिट में लंबे समय से भर्ती था, ने सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक की सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. हंसराज काफी दिनों से किडनी संबंधी बीमारी का इलाज करा रहा था. घटना उस वक्त हुई जब अस्पताल के मुख्य भवन में नेफ्रोलॉजी OPD के बाहर सैकड़ों मरीज और उनके परिजन मौजूद थे. ऊंचाई से गिरने के कारण हंसराज का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
हंसराज के गिरते ही मच गई चीख-पुकार
हंसराज के गिरते ही OPD क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई. मौजूद लोग सहम गए और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही SMS थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को पोटली में डालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है. मृतक हंसराज का करीब डेढ़ महीने पहले किडनी ट्रांसप्लांट का सफल ऑपरेशन हुआ था. वह पिछले 10-12 दिनों से एसएमएस अस्पताल में भर्ती था और हाल के दिनों में उसकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी. वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. धनंजय अग्रवाल ने बताया कि इस घटना से अस्पताल के सभी डॉक्टर बेहद दुखी हैं. उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही बाहर से आई डॉक्टरों की टीम ने मरीज से बातचीत भी की थी. पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हंसराज लंबी बीमारी से परेशान था, लेकिन परिवार से अभी बयान नहीं लिए गए हैं.
सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीज ने टॉयलेट में आत्महत्या कर ली
इसी तरह की दूसरी घटना दौसा जिला अस्पताल से सामने आई. यहां सर्जिकल वार्ड में भर्ती या इलाज कराने आए एक व्यक्ति ने वार्ड के टॉयलेट में आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टॉयलेट से बाहर निकालकर इमरजेंसी वार्ड में रखवाया. मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि वह मरीज था, अटेंडेंट था या कोई अन्य व्यक्ति, यह जांच के बाद पता चलेगा. आत्महत्या का तरीका अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन घटना से पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. पुलिस दोनों मामलों में धारा 174 के तहत जांच कर रही है. परिवारों से संपर्क कर आत्महत्या के सटीक कारण जानने की कोशिश की जा रही है.About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
January 08, 2026, 11:55 IST
homerajasthan
इलाज के दौरान टूटा हौसला? जयपुर और दौसा के अस्पताल में मरीजों ने दे दी जान



