FSSAI Action: नेस्ले, पेप्सीको और कोका-कोला पर FSSAI का शिकंजा, भ्रामक विज्ञापनों पर थमाए 150 से ज्यादा नोटिस

नई दिल्ली: नेस्ले, पेप्सीको और कोका-कोला जैसे बड़े नामों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. देश के फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने पिछले कुछ महीनों में खाद्य कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की है. इसी कड़ी में 150 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं. मामला कथित तौर पर भ्रामक विज्ञापनों, गलत दावों और लेबलिंग नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है. FSSAI ने शनिवार को अपनी कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए कई बड़ी कंपनियों के नाम भी बताए. यानी अब पैकेट पर लिखी जानकारी से लेकर विज्ञापन में किए जा रहे दावों तक, कंपनियों की निगरानी बढ़ गई है. रेगुलेटर का फोकस साफ है कि ग्राहकों तक सही और नियमों के मुताबिक जानकारी पहुंचे.
FSSAI की कार्रवाई सिर्फ बड़ी फूड कंपनियों तक सीमित नहीं रही. ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म और रेस्टोरेंट कारोबार भी इसकी जांच के दायरे में आए हैं. Amazon और Flipkart समेत ई-कॉमर्स कंपनियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं. वहीं KFC, McDonald’s, Pizza Hut, Domino’s और Costa Coffee जैसे फूड सर्विस ब्रांड्स को भी नोटिस मिले हैं. FSSAI के मुताबिक, नियमों के उल्लंघन पर कई कंपनियों के उत्पाद जब्त भी किए गए हैं. कुछ मामलों में लाइसेंस पर भी कार्रवाई हुई है. इससे साफ है कि फूड सेफ्टी और विज्ञापन नियमों को लेकर रेगुलेटर अब ज्यादा सख्त रुख अपना रहा है.
भ्रामक विज्ञापन और गलत दावों पर FSSAI की नजर
FSSAI ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में फूड बिजनेस ऑपरेटर्स के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून और उससे जुड़े नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की गई है. 150 से ज्यादा नोटिस कथित भ्रामक विज्ञापनों, गलत दावों और लेबलिंग नियमों को लेकर जारी किए गए हैं. रेगुलेटर ने Nestle India, PepsiCo, Abbott India, Red Bull India, Danone India, Monster Energy India, Hell Energy, Mondelez India, Coca-Cola India, Diageo, Pernod Ricard, Ferrero India और Kenvue Inc. समेत कई कंपनियों को नोटिस भेजे हैं.
FSSAI के अनुसार कार्रवाई के दौरान कई कंपनियों के उत्पाद भी जब्त किए गए. इनमें एनर्जी ड्रिंक और अल्कोहलिक बेवरेज बनाने वाली कंपनियां भी शामिल हैं. रेगुलेटर की कार्रवाई का मकसद खाद्य सुरक्षा, विज्ञापन और लेबलिंग से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करना है. नोटिस मिलने का मतलब यह नहीं है कि संबंधित कंपनी पर आरोप अंतिम रूप से साबित हो गए हैं. कंपनियों को नियमों के मुताबिक जवाब देने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने का मौका मिलता है.
Amazon और Flipkart समेत ई-कॉमर्स कंपनियां भी जांच के दायरे में
FSSAI ने ऑनलाइन कारोबार करने वाली कंपनियों पर भी कार्रवाई की है. रेगुलेटर ने Amazon और Flipkart समेत ई-कॉमर्स कंपनियों को 12 नोटिस जारी किए हैं. कार्रवाई के बाद Amazon के एक वेयरहाउस का लाइसेंस भी रद्द किया गया है. इससे संकेत मिलता है कि फूड प्रोडक्ट्स की ऑनलाइन बिक्री में भी नियमों का पालन अब पहले से ज्यादा सख्ती से देखा जा रहा है.
KFC से Domino’s तक, रेस्टोरेंट चेन को नोटिस
फूड सर्विस सेक्टर में भी FSSAI का शिकंजा कसा है. रेगुलेटर के अनुसार KFC, McDonald’s, Pizza Hut, Domino’s और Costa Coffee समेत फूड सर्विस प्रतिष्ठानों को 30 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं. कार्रवाई के तहत Domino’s के पांच लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं. यानी जांच सिर्फ पैकेट में बिकने वाले सामान तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाद्य उत्पादों और उनसे जुड़े नियमों पर भी निगरानी रखी जा रही है.
कंपनियों ने शुरू किए सुधारात्मक कदम
FSSAI ने कहा है कि नोटिस मिलने के बाद कई कंपनियों ने सुधारात्मक कदम उठाना शुरू कर दिया है. रेगुलेटर की यह कार्रवाई उसकी लगातार चल रही जांच और निगरानी अभियान का हिस्सा है. इसका उद्देश्य खाद्य कंपनियों, ऑनलाइन विक्रेताओं और फूड सर्विस कारोबार को खाद्य सुरक्षा, विज्ञापन और लेबलिंग नियमों के मुताबिक काम करने के लिए बाध्य करना है. आने वाले समय में ऐसी कार्रवाई और तेज हो सकती है.



