पुष्पा 2 भगदड़ मामलाः घायल लड़के के इलाज में खर्च हो रहे लाखों, अल्लू अर्जुन कर रहे इग्ननोर? मेकर ने दिया जवाब

मुंबई. अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘पुष्पा 2: द रूल’ को एक साल पूरा हो चुका है. ‘पुष्पा 2’ एक साल पहले 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और हैदराबाद के संध्या थिएटर में अल्लू अर्जुन के आने के बाद भगदड़ मच गई थी. 8 साल के श्रीतेज को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसकी मां रेवती की मौत हो गई थी. हालांकि, परिवार को 2 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का वादा किया गया था, लेकिन एक साल बाद भी श्रीतेज के पिता का कहना है कि वे अभी भी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं. जानिए क्या है पूरा मामला.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीतेज उस समय आठ साल का थे. भगदड़ में घायल होने के बाद वह कई महीनों तक अस्पताल में गंभीर हालत में रहा. उसे 146 दिन के इलाज के बाद KIMS अस्पताल से छुट्टी मिली और आगे की देखभाल के लिए उसे न्यूरो-रिहैबिलिटेशन सेंटर में शिफ्ट किया गया. अब, एक साल बाद, श्रीतेज के पिता मगुदमपल्ली भास्कर ने एबीएन से बात करते हुए बताया कि उनके बेटे के इलाज के लिए हर महीने 90,000 रुपये की जरूरत पड़ती है, इसके अलावा अन्य खर्च भी हैं.
भास्कर ने बताया कि श्रीतेज खुद से ठीक से खाना, पीना या सांस भी नहीं ले सकता. अपने बेटे, बेटी और बुजुर्ग मां की अकेले देखभाल करने की जिम्मेदारी से वे काफी परेशान हैं. वे पहले ज्वैलरी शॉप में काम करते थे, लेकिन बेटे की देखभाल के लिए नौकरी छोड़नी पड़ी. उन्होंने कहा कि बेटे के इलाज के लिए हर महीने कुल मिलाकर 1.25 लाख रुपये खर्च हो जाते हैं.
भास्कर पुष्टि की कि अल्लू अर्जुन के परिवार ने 2 करोड़ रुपये जमा किए हैं, लेकिन उस पर मिलने वाला ब्याज उनके बढ़ते खर्चों को पूरा नहीं कर पा रहा है. भास्कर ने अल्लू और उनकी टीम से आगे की मदद के लिए संपर्क करने की कोशिश की, क्योंकि उन्होंने श्रीतेज के रिहैूबिलिटेशन की जिम्मेदारी लेने का वादा किया था. लेकिन उनका दावा है कि उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. उन्होंने बताया कि इस साल बेटे के पैरों की सर्जरी पर ही 3 लाख रुपये खर्च हो गए.
अल्लू अर्जुन की टीम का क्या कहना है?
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करने पर अल्लू अर्जुन के प्रवक्ता ने कहा कि वे मेकर बनी वास के बयान पर कायम हैं, जो उन्होंने गुरुवार को एक इवेंट में प्रेस को दिया था. बनी वास से गुरुवार को एक इवेंट में पूछा गया कि क्या अल्लू अर्जुन ने मदद की गुहार को नजरअंदाज किया है, तो उन्होंने जवाब दिया, “यह मंच नहीं है, कृपया. बीच में कई बड़े लोग हैं. जो भी हम कर रहे हैं, वह दिल राजू गारु के जरिए कर रहे हैं.” उन्होंने कहा कि श्रीतेज का परिवार कभी भी इन ‘बड़े लोगों’ से संपर्क कर सकता है और अल्लू अर्जुन का उनसे कोई सीधा संपर्क नहीं है.
मेकर्स का गाइडलाइंस फॉलो करने का दावा
बनी वास ने आगे कहा,”यह अलग बात है कि हम उन्हें संतुष्ट कर पाए या नहीं, हम कुछ तय गाइडलाइंस फॉलो कर रहे हैं. हम देख रहे हैं कि फंड कहां इस्तेमाल होना चाहिए, मेडिकल खर्चों और अन्य जरूरतों के लिए. हमने एक सिस्टम बनाया है. अगर वे असंतुष्ट हैं या पैसे कम पड़ रहे हैं, तो वे बड़े लोगों से बात कर सकते हैं. हम किसी भी समस्या को ठीक करेंगे, जिस पर ध्यान देने की जरूरत है. यह सीधा मामला नहीं है.”



