Rajasthan

राजस्थान बना ग्लोबल टूरिज्म हॉटस्पॉट, नव वर्ष को लेकर हर शहर में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, यहां चेक कर लें अपडेट

जयपुर. न्यू ईयर 2026 के स्वागत में राजस्थान एक बार फिर देश और दुनिया के पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरा है. जैसलमेर के सुनहरे रेत के धोरों से लेकर माउंट आबू की ठंडी पहाड़ियों, उदयपुर की शांत झीलों और जयपुर-जोधपुर के ऐतिहासिक किले-महलों तक हर जगह जश्न का माहौल नजर आ रहा है. देश-विदेश से लाखों की संख्या में पर्यटक राजस्थान पहुंचे हैं, जिससे होटल, रिसॉर्ट, हेरिटेज प्रॉपर्टीज और डेजर्ट कैंप्स पूरी तरह फुल हो चुके हैं.

पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड़ और वाहनों के भारी दबाव को देखते हुए राज्य के सभी प्रमुख शहरों में पुलिस और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है. ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष डायवर्जन, वन-वे सिस्टम, पार्किंग प्लान और अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है, ताकि न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान आमजन और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो.

जयपुर में न्यू ईयर पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव

राजधानी जयपुर में न्यू ईयर पर मंदिरों, बाजारों और पर्यटन स्थलों पर सबसे अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक प्लान तैयार किया है. 1 जनवरी 2026 को सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी.

JLN मार्ग, टोंक रोड और MI रोड जैसे व्यस्त रास्तों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है. गोविंद देव जी मंदिर, मोती डूंगरी गणेश मंदिर, जलेबी चौक और चारदीवारी क्षेत्र में कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।. ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए शहर की निगरानी की जा रही है. पार्किंग की समस्या से बचने के लिए रामनिवास बाग, राजस्थान यूनिवर्सिटी और अन्य चिन्हित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

उदयपुर में झील किनारे जश्न, वन-वे ट्रैफिक लागू

झीलों की नगरी उदयपुर में न्यू ईयर के मौके पर लग्जरी होटल, रिसॉर्ट और रूफटॉप पार्टियों का दौर शुरू हो चुका है. सिटी पैलेस, फतहसागर, जगदीश चौक और हाथीपोल क्षेत्र में भारी भीड़ को देखते हुए अंदरूनी शहर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है. बसों और भारी वाहनों की एंट्री सीमित कर दी गई है. पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों से तय रूट और पार्किंग स्थल का उपयोग करने की अपील की है.

जोधपुर में 1500 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

ब्लू सिटी जोधपुर में भी न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. मेहरानगढ़ किला, उम्मेद भवन पैलेस और शहर के प्रमुख होटल-रिसॉर्ट्स के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. करीब 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. शहर के भीतरी इलाकों में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी. ड्रोन कैमरे, मोबाइल चेतक और अभय कमांड सेंटर से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है.

जैसलमेर में रेगिस्तान बना जश्न का केंद्र

गोल्डन सिटी जैसलमेर में न्यू ईयर पर सबसे अलग और खास नजारा देखने को मिल रहा है. डेजर्ट कैंप्स, सैंड ड्यून्स और गड़ीसर झील के आस-पास पर्यटकों की भारी भीड़ है. ट्रैफिक जाम से बचने के लिए सोनार किला, पटवा हवेली और प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर अस्थायी बदलाव किए गए हैं. नगर परिषद ने पूनम स्टेडियम सहित कई स्थानों पर अस्थायी पार्किंग विकसित की है.

माउंट आबू में ठंड के बीच कड़ी यातायात व्यवस्था

राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में ठंड के बीच न्यू ईयर का जश्न अपने चरम पर है. भारी पर्यटक आवागमन को देखते हुए तलहटी से माउंट आबू तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है. पर्यटकों के लिए विशेष डाइवर्जन रूट तय किए गए हैं और यातायात पुलिस को 24 घंटे तैनात किया गया है.

खाटूश्यामजी में मेला-सी व्यवस्था, 3000 सुरक्षाकर्मी तैनात

सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर में न्यू ईयर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. 2 जनवरी तक चौबीसों घंटे दर्शन की व्यवस्था की गई है. 17 किलोमीटर का मार्ग नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है. लगभग 3000 सुरक्षाकर्मी, सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल स्क्रीन के जरिए भीड़ प्रबंधन किया जा रहा है.

पुलिस और प्रशासन की अपील

पुलिस प्रशासन ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे तय ट्रैफिक रूट, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें. किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करें, ताकि न्यू ईयर का जश्न सुरक्षित और यादगार बन सके. नववर्ष के दौरान तय किए गए ट्रैफिक प्लान का पालन करें और भीड़भाड़ से बचने के लिए अधिक से अधिक समानांतर मार्गों का उपयोग करें, ताकि दर्शन और आवागमन दोनों सुचारू रूप से हो सकें. इसके अलावा किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में यातायात पुलिस हेल्पलाइन 1095, 0141-2577717, व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8764866972, यातायात नियंत्रण कक्ष 0141-2565630, 0141-2561256 या पुलिस कंट्रोल रूम 100 पर संपर्क कर सकते हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj