राजस्थान कांग्रेस जुटी संगठन की मजबूती में, 5 जिलों के अध्यक्षों की उलझन के बावजूद मार लिया बड़ा तीर

जयपुर. राजस्थान में इस साल पंचायत और शहरी निकायों के चुनाव होने वाले हैं. इन चुनावों से पहले कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने के लिए जुटी हुई है. कांग्रेस ने बीते दिनों संगठन के 50 जिलों में से 45 जिलों में अपने नए जिलाध्यक्ष घोषित कर दिए थे. हालांकि शेष बचे पांच जिलों के अध्यक्षों का मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है. लेकिन इस बीच कांग्रेस ने सूबे की 62 नगर कांग्रेस कमेटियों के गठन को अमली जामा पहना दिया है. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के अनुमोदन के बाद इन 62 नगर कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया गया है.
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने इन कार्यकारिणियों के जारी होने की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत अजमेर जिले की केकड़ी और टांटोटी, अलवर जिले की कठूमर और बालोतरा जिले की सिवाना, समदड़ी तथा सिणधरी नगर कांग्रेस कमेटियां गठित कर दी गई हैं. इनके साथ ही बाड़मेर की गुड़ामालानी, बारां की अटरू, बीकानेर की श्रीडूंगरगढ़, कोटपुतली-बहरोड़ की बानसूर, खैरथल-तिजारा की टपूकड़ा और बूंदी जिले की नैनवां नगर कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी गठित कर दी गई है.
सबसे ज्यादा कार्यकारिणियां जयपुर और झुंझुनूं जिले में घोषित की गई हैंइनके साथ ही चित्तौड़गढ़ की आकोला, कपासन, चूरू की रतननगर, रतनगढ़, राजगढ़, बीदासर, धौलपुर की सैपऊ, मनिया, दौसा की रामगढ़ पचवारा, दौसा नगर, हनुमानगढ़ की भादरा, रावतसर और जयपुर की बगरू, शाहपुरा, कानोता, किशनगढ़, रेनवाल, नारायणा, फुलेरा तथा जोबनेर में कार्यकारिणी के गठन का काम पूरा हो गया है। इनके अलावा जालोर की आहोर, झालावाड़ की अकलेरा, मनोहरथाना, झुंझुनूं की पिलानी, मलसीसर, बिसाऊ, डूंडलोद, मुकुंदगढ़, नवलगढ़, बुहाना और उदयपुरवाटी नगर कांग्रेस कमेटियां घोषित कर दी गई हैं.
इन शहरों में भी बना दी गई कार्यकारिणियांस्वर्णिम चतुर्वेदी के अनुसार जोधपुर जिले की मथानिया, तिंवरी, डीडवाना-कुचामन की बोरावड़, परबतसर, सवाई माधोपुर की बामनवास, बौंली, वजीरपुर, नगर, नीमकाथाना की नीमकाथाना, खंडेला, श्रीगंगानगर की रायसिंहनगर, सादुलशहर, गजसिंहपुर, श्रीकरणपुर, पदमपुर, सूरतगढ़, टोंक की पीपलू, उदयपुर देहात की मावली और सीकर जिले की दांता तथा रामगढ़ शेखावाटी नगर कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बना दी गई है.
पांच जिलों के जिलाध्यक्ष का मसला अभी सुलझा नहीं हैउल्लेखनीय है कि कांग्रेस में अभी तक राजधानी जयपुर शहर समेत पांच जिलों में जिलाध्यक्ष का मसला अभी तक सुलझ नहीं पाया है. इनमें जयपुर शहर के अलावा हाड़ौती के बारां और झालावाड़ जिले समेत मेवाड़ का राजसमंद और एक अन्य जिला शामिल है. कांग्रेस पंचायत चुनाव से पहले अपने संगठन को हर हाल में मजबूत करना चाहती है ताकि जमीनी स्तर पर बीजेपी से अच्छे तरह से मुकाबला किया जा सके.



