Rajasthan News Live: सीएम का अजमेर दौरा, दौसा में एजीटीएफ की बड़ी कार्रवाई, कोटा में पिता-पुत्र पर हमला, पढ़ें लेटेस्ट खबरें

Rajasthan News Live: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज अजमेर दौरे पर रहेंगे. वे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी इंद्रा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिनका कल उपचार के दौरान निधन हो गया था. मुख्यमंत्री दोपहर तक जयपुर लौट आएंगे. दौसा में एजीटीएफ, एनटीएफ और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर मणिपुर से मध्य प्रदेश जा रही अफीम से तैयार यूनिक मदक पदार्थ की करोड़ों की खेप पकड़ी. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं.
चूरू जिले के सादुलपुर में कार और ट्रक की भीषण भिड़ंत में रेस्क्यू अभियान जारी है. सीकर में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा दो दिवसीय दौरे पर हैं और कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वहीं, करौली जिले में टाइगर ने बाइक सवार युवकों पर हमला कर एक युवक को घायल कर दिया, जिसे सवाई माधोपुर में भर्ती कराया गया.डूंगरपुर में गैप सागर झील में कार गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो को बचा लिया गया. कोटा में पुरानी रंजिश को लेकर पिता-पुत्र पर लाठी से हमला हुआ. इधर, मंडार में अवैध पिस्टल से भरे बैग मामले में पुलिस ने मध्य प्रदेश से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है.
अजमेर के दौरे पर रहेंगे सीएम भजनलाल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को अजमेर दौरे पर रहेंगे. वे किशनगढ़ एयरपोर्ट से संत कंवरराम कॉलोनी पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी इंद्रा देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इंद्रा देवी का कल निधन हुआ था. मुख्यमंत्री श्रद्धांजलि देने के बाद दोपहर तक जयपुर लौटेंगे.
दौसा मादक पदार्थ तस्करी मामला
दौसा में एजीटीएफ और एनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मणिपुर से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही अफीम से तैयार मादक पदार्थ की करोड़ों की खेप पकड़ी ग.। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और साढ़े दस किलो से अधिक नशे का सामान जब्त किया. मध्य प्रदेश में अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई है.
सादुलपुर में सड़क हादसा
चूरू जिले के सादुलपुर के सिद्धमुख रोड पर कार और ट्रक की भिड़ंत में दोनों वाहन चकनाचूर हो गए. चालक वाहनों में फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए जेसीबी और क्रेन बुलाई गई. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू जारी है. मौके पर भारी भीड़ जुटी.
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा सीकर के दौरे पर रहेंगे
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा दो दिन के सीकर दौरे पर हैं. वे सांसद सीपी जोशी के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर और शेखावाटी में “ऐतिहासिक शहर श्रृंखला” कार्यक्रम में शामिल होंगे. मंत्री का रात्रि विश्राम रामगढ़ शेखावाटी में रहेगा.
करौली में मौसम ने ली करवट
करौली जिले में मौसम ने करवट ली है. आसमान में घने बादल छाए हैं और कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई है. तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है और सर्दी का असर महसूस होने लगा है.
करौली में टाइगर ने युवक पर किया हमला
करणपुर के महाराजपुर क्षेत्र में टाइगर ने बाइक सवार युवकों पर हमला कर दिया. पीछे बैठे महेश योगी घायल हो गए, जिनका सवाई माधोपुर में इलाज चल रहा है. वन विभाग ने मौके से टाइगर के पगमार्क लिए हैं और क्षेत्र में टाइगर T-80 का मूवमेंट बताया गया है.
डूंगरपुर के झील में गिरी कार
डूंगरपुर शहर में बीती रात गैप सागर झील में एक कार गिर गई. हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो युवकों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया. पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और जांच शुरू की.
अजमेर देवनानी परिवार शोक
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी का निधन हो गया है. पार्थिव देह आज अजमेर पहुंचेगी, जहां शहरवासी रामनगर स्थित निवास पर श्रद्धांजलि देंगे. अंतिम संस्कार ऋषि घाटी मुक्तिधाम में होगा. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे.
मंडार अवैध पिस्टल मामला
मंडार में अवैध पिस्टल तस्करी प्रकरण में पुलिस ने एक और आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है. अब तक कुल पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं. घटना में 8 अक्टूबर को आरोपी 4 पिस्टल से भरा बैग फेंककर फरार हो गए थे. जांच एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में चल रही है.
कोटा में पिता-पुत्र पर लाठियों से हमला मामला
कोटा जिले में पुरानी रंजिश के चलते पिता-पुत्र पर लाठियों से हमला कर दिया गया. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और एमबीएस अस्पताल में भर्ती हैं. हमला मंदिर के बाहर लगे पोस्टर फाड़ने के विवाद में हुआ. दीगोद थाना पुलिस जांच में जुटी है.



