Rajasthan Weather: राजस्थान में शीतलहर और कोहरा जारी, सामान्य से नीचे पहुंचा तापमान, जानें अपने जिले के मौसम का हाल

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और सोमवार को भी शीतलहर का असर कई जिलों में जारी रहा. पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा प्रभाव अब प्रदेश के तापमान पर साफ दिखाई दे रहा है. उत्तर दिशा से आने वाली बर्फीली हवाओं ने सुबह और रात की ठिठुरन को और तेज किया है. कई जिलों में विजिबिलिटी कम होने से कोहरा लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा, लेकिन ठंड का असर सामान्य से अधिक महसूस होगी. पिछले 24 घंटों में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज हुई है. कई जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा रहा, जिससे यातायात की गति पर भी असर पड़ा. विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राजस्थान में इसी तरह का मौसम बना रहेगा. कई इलाकों में कोहरे की परत 500 मीटर तक दृश्यता कम कर सकती है.
मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा. अजमेर में 27.8 डिग्री, भीलवाड़ा में 27.0 डिग्री, अलवर में 27.4 डिग्री, जयपुर में 28.4 डिग्री, पिलानी में 29.7 डिग्री, सीकर में 27.5 डिग्री, कोटा में 27.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 29.0 डिग्री, बाड़मेर में 32.4 डिग्री, जैसलमेर में 30.9 डिग्री, जोधपुर में 29.8 डिग्री, बीकानेर में 31.3 डिग्री, चूरू में 29.7 डिग्री, श्रीगंगानगर में 30.5 डिग्री, नागौर में 29.9 डिग्री, जालौर में 29.2 डिग्री, सिरोही में 26.7 डिग्री, करौली में 26.7 डिग्री, दौसा में 29.4 डिग्री और झुंझुनूं में 28.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
राजस्थान के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट जारी रही. अजमेर में 10.0 डिग्री, भीलवाड़ा में 9.4 डिग्री, अलवर में 8.4 डिग्री, जयपुर में 12.4 डिग्री, पिलानी में 8.5 डिग्री, सीकर में 5.4 डिग्री, कोटा में 13.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 9.5 डिग्री, बाड़मेर में 15.4 डिग्री, जैसलमेर में 12.6 डिग्री, जोधपुर में 10.2 डिग्री, बीकानेर में 13.6 डिग्री, चूरू में 7.9 डिग्री, श्रीगंगानगर में 10.7 डिग्री, नागौर में 6.1 डिग्री, जालौर में 8.9 डिग्री, सिरोही में 8.2 डिग्री, करौली में 8.2 डिग्री और दौसा में 6.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा दर्ज किया गया.
शीतलहर और कोहरा का प्रभाव रहेगा जारी
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में शुष्क हवाओं का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे ठंड की तीव्रता बढ़ती जा रही है. हिमालयी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन और तेज लगती है. राजस्थान के कई जिलों में न्यूनतम पारा सामान्य से काफी नीचे पहुंच रहा है. अगले एक सप्ताह तक शुष्क, शीतलहर और कोहरा इन तीनों का प्रभाव जारी रहने की संभावना है. विशेषकर शेखावाटी, नागौर, चूरू, सीकर और झुंझुनूं में तापमान में और गिरावट हो सकती है.



