Rajasthan Weather: राजस्थान में फिर बदलने वाला है मौसम, उदयपुर-कोटा संभाग में बारिश की संभावना, अलर्ट जारी

सीकर. राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के दक्षिण-पूर्वी जिलों में आगामी दिनों में बेमौसम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इससे दिन के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर बढ़ेगा. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होगी. शेखावाटी इलाके में गुरुवार को ही मौसम में बदलाव दिखा, जहां सीकर, पिलानी और चूरू में रात के तापमान में कमी आई. इससे सुबह और देर शाम सर्द हवाओं का अहसास बढ़ गया है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव उत्तर भारत में सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ का परिणाम है, जो आने वाले दिनों में सर्दी की शुरुआत को और तेज करेगा. अभी से ही राजस्थान में गुलाबी सर्दी का असर बढ़ने लगा है और कई जिलों में अल सुबह तेज सर्दी का प्रकोप बढ़ रहा है. हालांकि अभी भी कई जिलों का तापमान 35 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है. शुक्रवार को जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
मुख्य जिलों के ये रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को अजमेर में 32.8 डिग्री, भीलवाड़ा में 31.6 डिग्री, जयपुर में 31.8 डिग्री, पिलानी में 30.4 डिग्री, सीकर में 32.0 डिग्री, कोटा में 33.0 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 34.6 डिग्री, बाड़मेर में 37.6 डिग्री, जैसलमेर में 36.5 डिग्री, जोधपुर में 35.2 डिग्री, बीकानेर में 35.5 डिग्री, चूरू में 34.5 डिग्री और श्री गंगानगर में 34.4 डिग्री, नागौर में 33.5 डिग्री, जालौर में 35.0 डिग्री, सिरोही में 33.3 डिग्री, करौली में 32.9 डिग्री, दौसा में 32.9 डिग्री, झुंझुनूं में 32.5 और पाली में 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
मुख्य जिलों का न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को अजमेर में 15.4 डिग्री, भीलवाड़ा में 16.0 डिग्री, जयपुर में 19.2 डिग्री, पिलानी में 15.5 डिग्री, सीकर में 13.0 डिग्री, कोटा में 21.0 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 18.1 डिग्री, बाड़मेर में 20.5 डिग्री, जैसलमेर में 20.0 डिग्री, जोधपुर में 18.2 डिग्री, बीकानेर में 21.0 डिग्री, चूरू में 16.1 डिग्री और श्री गंगानगर में 17.7 डिग्री, नागौर में 14.4 डिग्री, जालौर में 15.1 डिग्री, सिरोही में 16.2 डिग्री, करौली में 16.3 डिग्री, दौसा में 13.7 डिग्री और झुंझुनूं में 16.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान
दर्ज किया गया.
26 से 28 अक्टूबर में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, अरब सागर में बना अवदाब और बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है. इसके साथ ही 26 से 27 अक्टूबर के दौरान एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में असर दिखा सकता है. इन तंत्रों के प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 26 से 28 अक्टूबर के बीच मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. सबसे अधिक प्रभाव 27 और 28 अक्टूबर को रहने की उम्मीद है और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है.



