2025 के फैशन वर्ल्ड में छाईं राजस्थान की बेटियां, दुनिया में बढ़ाया भारत का मान, मिस यूनिवर्स इंडिया तक का जीता खिताब

Last Updated:December 07, 2025, 10:37 IST
राजस्थान की बेटियां अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं के साथ-साथ फैशन और ग्लैमर की दुनिया में भी नाम कमा रही हैं. साल 2025 में पारुल सिंह ने मिस ओशियन इंडिया 2025 का खिताब जीतकर भारत का प्रतिनिधित्व किया, जबकि जोधपुर की ट्विंकल पुरोहित ने मिस राजस्थान-2025 का ताज जीता. शीना पाराशर मिस यूनिवर्स राजस्थान-2025 और मिस एलिट वर्ल्ड 2024 की विजेता रही. जयपुर की सलोनी वर्मा, वैष्णवी शर्मा, रुचि गुर्जर और मणिका विश्वकर्मा ने भी मॉडलिंग, बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म पर राजस्थान का गौरव बढ़ाया है.
राजस्थान की बेटियां अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहने के साथ ही फैशन और ग्लैमर की दुनिया में भी अपना नाम रोशन कर रही हैं. वर्ष 2025 में कई बेटियों ने मिस ओशियन वर्ल्ड, मिस ओशियन इंडिया, मिस राजस्थान, मिस यूनिवर्स राजस्थान, मिस टीजीपीसी इंडिया और मिस यूनिवर्स इंडिया जैसी प्रतिष्ठित ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेकर जीत हासिल की. सामान्य परिवारों से आने वाली इन प्रतिभाशाली बेटियों ने अपनी मेहनत और जुनून के दम पर बड़ी कामयाबी पाई है. आने वाले समय में ये मॉडलिंग, बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय फैशन प्लेटफॉर्म पर राजस्थान और देश का गौरव बढ़ाएंगी.

जयपुर की पारुल सिंह ने इस साल मिस ओशियन इंडिया 2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचा और यह टाइटल जीतने वाली राजस्थान की पहली महिला बनीं. इस जीत के बाद उन्हें मिस ओशियन वर्ल्ड में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला. पारुल फैशन वर्ल्ड से जुड़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और अमेरिका जैसे देशों में मॉडलिंग कर चुकी हैं. जयपुर में जन्मी पारुल के पिता रोहित सिंह सरकारी विभाग में इंजीनियर हैं. उनकी शुरुआती शिक्षा जयपुर में हुई और बाद में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. पढ़ाई के साथ ही उन्होंने मॉडलिंग करियर की शुरुआत की और कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बनाई.

इस साल मिस राजस्थान-2025 का ताज जोधपुर की ट्विंकल पुरोहित के सिर सजा. उन्होंने ग्रैंड फिनाले में 5,028 प्रतिभागियों को पछाड़कर यह खिताब जीता. इससे पहले ट्विंकल ने मिस टीजीपीसी इंडिया का खिताब भी हासिल किया था. सामान्य परिवार से आने वाली ट्विंकल ने इंजीनियर, डॉक्टर या राजनीति के परिवार से अलग अपने पैशन को फॉलो कर फेशन और मॉडलिंग में पहचान बनाई. उन्होंने गुजरात की निरमा विश्वविद्यालय से बी.कॉम और लॉ में ग्रेजुएशन किया है. ट्विंकल वकील होने के साथ पिछले 10 वर्षों से बच्चों की शिक्षा और जागरूकता के लिए सामाजिक सेवा में भी सक्रिय हैं.
Add as Preferred Source on Google

राजस्थान की मॉडल और ऐक्ट्रेस शीना पाराशर ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित ‘मिस यूनिवर्स राजस्थान-2025’ का खिताब जीता. अब वह ‘मिस यूनिवर्स इंडिया’ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. शीना बोहरा अजमेर में 9 मार्च 2001 को जन्मीं और सामान्य परिवार से हैं. स्कूल और कॉलेज के दिनों में उन्होंने मिस सोफिया का खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा दिखाई. शीना ने मिस राजस्थान और मिस इंडिया का खिताब अपने नाम किया है. इसके अलावा, उन्होंने मिस्र में आयोजित ‘मिस एलिट वर्ल्ड-2024’ में 40 प्रतिभागियों को हराकर मिस एलिट वर्ल्ड का खिताब भी जीता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया.

साल 2024 में जयपुर की सलोनी वर्मा ने मिस राजस्थान 2024 का खिताब जीता. उन्होंने टॉप 17 फाइनलिस्ट को पीछे छोड़कर यह उपलब्धि हासिल की. सलोनी एक डेटा साइंस कंपनी में कंसल्टेंट हैं, साथ ही प्रोफेशनल कथक और बेली डांसर भी हैं. अपने पेशेवर काम के साथ मिस राजस्थान की तैयारी करके उन्होंने यह खिताब जीता. सामान्य परिवार से आने वाली सलोनी की शिक्षा जयपुर में हुई. मॉडलिंग और फैशन वर्ल्ड में लगातार मेहनत और समर्पण के दम पर उन्होंने अपनी पहचान बनाई. उनकी कहानी प्रेरणादायक है, जो दिखाती है कि मेहनत और बहुमुखी प्रतिभा से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं.

जयपुर की वैष्णवी शर्मा ने 22 साल की उम्र में मिस राजस्थान-2023 का खिताब जीता और अब फेमिना मिस इंडिया राजस्थान बनकर मिस वर्ल्ड की दौड़ में शामिल हो चुकी हैं. उन्होंने फेमिना मिस इंडिया में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया. वैष्णवी ने बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर के साथ भी काम किया है और 2024 में उन्हें वुमन आइकन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. उनके पिता जीसी शर्मा पीडब्ल्यूडी में हैं और मां उमा शर्मा हाउसवाइफ. बचपन से मॉडलिंग में रुचि रखने वाली वैष्णवी ने 11वीं में मॉडलिंग शुरू की. जयपुर के एमजीडी स्कूल की छात्रा वैष्णवी अब डीयू से बीए कर रही हैं और टैरो कार्ड रीडिंग भी करती हैं.

हाल ही में जयपुर की एक्ट्रेस रुचि गुर्जर ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए फ्रांस में आयोजित कांस फिल्म फेस्टिवल-2025 में पहुंचकर सबका ध्यान खींचा. उन्होंने राजस्थानी वेशभूषा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो वाला नेकलेस पहनकर रेड कारपेट पर अपनी अलग पहचान बनाई. रुचि अपनी आने वाली फिल्म लाइफ के प्रमोशन के लिए वहां थीं. 2025 में गोवा में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के रेड कारपेट पर भी उन्होंने सुर्खियां बटोरीं. झुंझुनूं की रहने वाली रुचि ने जयपुर के महारानी कॉलेज से पढ़ाई की और फिर मुंबई जाकर फेशन व बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई.

हाल ही में राजस्थान के श्रीगंगानगर की 22 साल की मणिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया-2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचा. उन्होंने देशभर की 48 प्रतिभागियों को हराकर यह उपलब्धि हासिल की. इसके बाद मणिका ने थाईलैंड में हुई मिस वर्ल्ड यूनिवर्स 2025 में हिस्सा लिया और टॉप 15 में रहीं. मणिका ने पहले मिस यूनिवर्स राजस्थान 2024 का खिताब भी जीता था. सामान्य परिवार से आने वाली मणिका वर्तमान में पॉलिटिकल और इकॉनोमिक्स की फाइनल ईयर की छात्रा हैं. जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा, मणिका नेशनल अवॉर्डी आर्टिस्ट हैं और न्यूरोनोवा के साथ सामाजिक सेवा भी करती हैं.
First Published :
December 07, 2025, 10:37 IST
homerajasthan
फैशन वर्ल्ड में छाईं राजस्थान की बेटियां, मिस से यूनिवर्स तक जीते खिताब



