राजस्थान के पैरा तैराक विक्रम सिंह ने नेशनल प्रतियोगिता में जीते एक साथ तीन पदक, इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए हुए क्वालीफाई

Last Updated:November 19, 2025, 21:26 IST
करौली के पैरा तैराक विक्रम सिंह ने हैदराबाद में आयोजित 25वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी चैंपियनशिप-2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीते और राजस्थान का नाम राष्ट्रीय मंच पर रोशन किया. सरकारी नौकरी के बावजूद, विक्रम ने अपने समर्पण और कठिन परिश्रम से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई, उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.
करौली. राजस्थान के करौली से आने वाले पैरा तैराक विक्रम सिंह ने एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर प्रदेश का नाम रोशन किया है. हैदराबाद में हाल ही में आयोजित 25वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी चैंपियनशिप-2025 में, विक्रम सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से तीन पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि समर्पण और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. वर्तमान में विक्रम सिंह राजस्थान सरकार के वाणिज्यिक कर विभाग, जयपुर में जूनियर टैक्स असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं. सरकारी नौकरी की जिम्मेदारियों के बावजूद, उन्होंने अपने तैराकी के जुनून को कभी कम नहीं होने दिया, निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है.
हैदराबाद के प्रतिष्ठित गोचीबोवली इंडोर स्विमिंग स्टेडियम में 15 से 18 नवंबर तक आयोजित इस चैंपियनशिप में, विक्रम सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. उन्होंने 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में रजत पदक और 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में कांस्य पदक जीता. इसके अलावा, एक और रजत पदक अपने नाम करते हुए, उन्होंने चैंपियनशिप में कुल तीन पदक अपने नाम किए. यह शानदार प्रदर्शन सिर्फ पदक जीतने तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके साथ ही विक्रम ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी सफलतापूर्वक क्वालीफाई कर लिया है. अब वह आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर भारतीय तिरंगे को फहराने की तैयारी में जुट गए हैं.
कुल 17 राज्य स्तरीय पदक दर्ज
विक्रम सिंह ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, विशेष रूप से माता-पिता, और अपने सपोर्ट स्टाफ को दिया, उन्होंने अपने कोच पुलकित शर्मा, कोच मन्नू वशिष्ठ और अपने पर्सनल फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. दिनेश गुर्जर के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया. उनके परिवारजनों का कहना है कि विक्रम का यह प्रदर्शन क्षेत्र के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो उन्हें विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करेगा.
राष्ट्रीय स्तर पर तीन पदक जीतने से पहले, विक्रम सिंह विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं, उनके खाते में अब तक 13 स्वर्ण, 2 कांस्य और 2 रजत पदक सहित कुल 17 राज्य स्तरीय पदक दर्ज हैं, इस नवीनतम उपलब्धि के साथ, राष्ट्रीय स्तर पर उनके पदकों की संख्या अब 8 हो गई है. उनकी यह जीत पूरे राजस्थान और उनके श्री महावीरजी क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है.
Monali Paul
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW…और पढ़ें
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW… और पढ़ें
Location :
Karauli,Rajasthan
First Published :
November 19, 2025, 21:26 IST
homerajasthan
करौली के विक्रम सिंह ने पैरा तैराकी में जीते तीन राष्ट्रीय पदक, पढ़े पूरी खबर



