2026 में Samsung, Vivo, Nothing ने स्मार्टफोन के दाम बढ़ाए

2026 की शुरुआत स्मार्टफोन खरीदने वालों के लिए कुछ खास अच्छी नहीं रही है. नए साल में कदम रखते ही लोगों को ये साफ महसूस होने लगा है कि अब मोबाइल फोन पहले से ज्यादा महंगे हो रहे हैं और पहले जैसी मोटी छूट भी नहीं मिल रही. हाल ही में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिवाली 2025 के बाद से ही कई बड़ी मोबाइल कंपनियों ने कीमतें बढ़ानी शुरू कर दी थीं और यह सिलसिला 2026 में भी जारी है. जानकारों का मानना है कि ये स्थिति कम से कम अप्रैल तक बनी रह सकती है.
रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2025 से अब तक अलग-अलग सेगमेंट में स्मार्टफोन की औसत कीमतों में 5 फीसदी से लेकर 21 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो चुकी है. सबसे ज्यादा असर ₹20,000 से कम कीमत वाले फोन पर पड़ने वाला है, क्योंकि इस रेंज में थोड़ा सा भी दाम बढ़ने पर ग्राहकों की खरीदारी पर सीधा असर पड़ता है.
क्यों महंगे हो रहे हैं स्मार्टफोन?मोबाइल कंपनियों का कहना है कि उनके सामने लागत बढ़ने की बड़ी चुनौती है. डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी, RAM और स्टोरेज (ROM) की बढ़ती कीमतें और चिपसेट की सीमित उपलब्धता ने कंपनियों की लागत बढ़ा दी है. अब यह बढ़ा हुआ खर्च कंपनियां सीधे ग्राहकों पर डाल रही हैं.
Samsung, Vivo और Nothing ने बढ़ाए दामसाल की शुरुआत में ही Samsung, Vivo और Nothing जैसे ब्रांड्स ने अपने कई स्मार्टफोन्स की कीमतें बढ़ा दी हैं. सैमसंग ने 5 जनवरी से Galaxy A और F सीरीज के कई मॉडलों के दाम बढ़ाए हैं. गैलेक्सी A56 सीरीज पर सबसे ज्यादा ₹2,000 की बढ़ोतरी की गई है, जबकि गैलेक्सी A36 सीरीज ₹1,500 तक महंगी हो गई है. वहीं, गैलेक्सी F सीरीज के एंट्री-लेवल 5G फोन ₹1,000 तक महंगे हुए हैं.
इतना ही नहीं सैमसंग ने अपने प्रीमियम फोन जैसे Galaxy S25, S25 FE और फोल्ड-फ्लिप सीरीज पर मिलने वाले अपग्रेड ऑफर्स और कैशबैक भी कम कर दिए हैं. इससे ग्राहकों को बिना कीमत बदले ही करीब ₹5,000 तक ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है.
दूसरी तरफ वीवो ने भी नए साल में अपने Y सीरीज फोन के दाम बढ़ाए हैं. वावो Y31 और वीवो Y31 Pro अब पहले से ₹2,000 तक महंगे हो चुके हैं. साथ ही नथिंग ने भी 1 जनवरी से Phone (3a) Lite की कीमतों में ₹1,000 तक की बढ़ोतरी कर दी है.
Apple यूज़र्स को भी झटकाहालांकि ऐपल ने iPhone 17 सीरीज की कीमतें सीधे नहीं बढ़ाईं, लेकिन बैंक कैशबैक ऑफर्स में भारी कटौती कर दी है. पहले जहां ₹6,000 तक का कैशबैक मिलता था, अब वह घटकर सिर्फ ₹1,000 रह गया है. इसका मतलब साफ है कि iPhone खरीदना अब पहले से ज्यादा महंगा पड़ रहा है.
आगे क्या होगा?मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण कंपनियां अब ज्यादा मुनाफे वाले प्रीमियम सेगमेंट पर फोकस कर रही हैं. जब तक कंपोनेंट्स की कीमतें और करेंसी की स्थिति नहीं सुधरती, तब तक स्मार्टफोन सस्ते होने की उम्मीद कम है.
कुल मिलाकर, अगर आप नया फोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपको ज्यादा पैसे खर्च करने के लिए तैयार रहना होगा. 2026 में स्मार्टफोन खरीदना अब पहले जितना आसान या सस्ता नहीं रहा.



