प्रयागराज-लालगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस को खातीपुरा स्टेशन पर अस्थाई ठहराव

Last Updated:November 25, 2025, 06:31 IST
प्रयागराज-लालगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस को 26-27 नवंबर 2025 से खातीपुरा स्टेशन पर 2 मिनट का अस्थाई ठहराव मिलेगा, जिससे जयपुर के दक्षिणी इलाकों को राहत मिलेगी. अभी इनको 15-20 किलोमीटर तक का सफर और जाम की परेशानी झेलनी पड़ती थी
बुधवार से शुरू होगा ठहराव.
नई दिल्ली. उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है. प्रयागराज-लालगढ़ के बीच चलने वाली दोनों सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनें अब खातीपुरा स्टेशन पर रुकेंगी. गाड़ी संख्या 12403/12404 (सप्ताह में 4 दिन) और 20403/20404 (त्रि-साप्ताहिक) को 26-27 नवंबर 2025 से खातीपुरा पर 2 मिनट का अस्थाई ठहराव दिया गया है. यह ठहराव आगामी आदेश तक जारी रहेगा.
इससे जयपुर के दक्षिणी इलाके मानसरोवर, जगतपुरा, प्रताप नगर, वैशाली नगर के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. खातीपुरा, जयपुर के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई. रेलवे ने प्रयागराज और लालगढ़ के बीच चलने वाली सुपरफास्ट ट्रेनों को खातीपुरा स्टेशन पर अस्थाई ठहराव देने का फैसला किया है. 12403 प्रयागराज-लालगढ़ एक्सप्रेस 27 नवंबर से खातीपुरा सुबह 11:41 बजे आएगी और 11:43 बजे रवाना होगी. वहीं वापसी में 12404 लालगढ़-प्रयागराज 26 नवंबर से दोपहर 15:10 बजे आएगी और 15:12 बजे जाएगी.
इसी तरह त्रि-साप्ताहिक 20403 प्रयागराज-लालगढ़ 26 नवंबर से और 20404 लालगढ़-प्रयागराज 27 नवंबर से खातीपुरा पर ठहरेंगी. दोनों का समय भी क्रमशः 11.41 बजे व 11.43 बजे और 15.10 बजे व 15.12 बजे रहेगा.
इस ठहराव से जयपुर के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों के लोग अब घर के पास से ही प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, दिल्ली और बीकानेर, श्रीगंगानगर की ट्रेन पकड़ सकेंगे. पहले इन्हें जयपुर जंक्शन या गांधीनगर जाना पड़ता था, जिसमें 15-20 किलोमीटर तक का सफर और जाम की परेशानी झेलनी पड़ती थी. स्थानीय निवासियों ने रेलवे के इस कदम की खूब सराहना की है. कई लोगों ने कहा कि अगर यह ठहराव स्थाई हो गया तो यह इलाके के लिए सबसे बड़ा तोहफा होगा. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया देखकर आगे स्थाई ठहराव पर विचार किया जाएगा.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
November 25, 2025, 06:31 IST
homebusiness
प्रयागराज-लालगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस को खातीपुरा स्टेशन पर अस्थाई ठहराव



