जयपुर में कांग्रेस हुई मजबूत, कोटा और जोधपुर में बीजेपी ने मारी बाजी

Last Updated:September 17, 2026, 13:25 IST
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 री-पोलिंग रिजल्ट : राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और सुकेत नगरपालिका के कुल 9 वार्डों में हुई री-पोलिंग का रिजल्ट आने के साथ ही अब पूरी तस्वीर साफ हो गई है. इन चार निकायों के 9 वार्डों के कुछ बूथों में ईवीएम मशीनों में तकनीकी गड़बड़ी के कारण इनका परिणाम जारी नहीं किया गया था. वहां चुनाव आयोग ने बुधवार को री-पोलिंग करवाई थी. उसके बाद गुरुवार को मतगणना कर इनका परिणाम जारी किया गया. इन 9 सीटों में से 6 सीटें कांग्रेस ने और 3 सीटें बीजेपी ने जीती हैं. इसके साथ ही अब पूरे प्रदेश में निकाय चुनावों का परिणाम आ चुका हैं. अब 21 सितंबर को निकाय प्रमुखों का चुनाव होगा. जयपुर के चार वार्डों के पांच बूथों पर हुई री-पोलिंग में सभी सीटें कांग्रेस ने जीत ली है.
जयपुर. राजस्थान में राजधानी जयपुर समेत कोटा और जोधपुर नगर निगमों तथा सुकेत नगर पालिका के 9 वार्डों के कुछ बूथों पर हुई री-पोलिंग का रिजल्ट आज आ गया है. इन परिणामों में कांग्रेस जयपुर में मजबूत होकर उभरी है. वहीं कोटा और जोधपुर नगर में बीजेपी ने बाजी मार ली है. वह दोनों शहरों में और मजबूती से सामने आई है. जयपुर में चार वार्डों में हुई रिपोलिंग में कांग्रेस ने क्लिप स्विप किया है. जोधपुर में एक वार्ड में हुई रिपोलिंग में बाजी बीजेपी के हाथ लग गई है. लेकिन फिर भी उसे बोर्ड बनाने के लिए निर्दलीयों को साथ लेना होगा. कोटा में तीन वार्डों के तीन बूथ पर हुए पुर्नमतदान में दो वार्ड बीजेपी के खाते में आए हैं और एक पर कांग्रेस विजयी रही. सुकेत में कांग्रेस बीजेपी पर भारी पड़ी और उसने वहां एक और वार्ड जीत लिया है.
इन सभी वार्डों में ईवीएम मशीन नहीं खुलने के तकनीकी कारणों से इनका परिणाम 14 सितंबर को जारी नहीं पाया था. उसके बाद चुनाव आयोग ने इन निकायों के कुछ बूथों पर बुधवार को फिर से मतदान कराया था. गुरुवार को इनकी मतगणना कर परिणाम जारी किया गया. इसके कारण जयपुर, जोधपुर तथा कोटा नगर निगम और कोटा जिले की सुकेत नगरपालिका में अभी तक निकाय प्रमुखों के नामांकन प्रक्रिया नहीं हो पाई है.
जयपुर में कांग्रेस ने गाड़े सफलता के झंडे
गुरुवार को आए परिणामों में जयपुर नगर निगम के पुर्नमतदान वाले चारों वार्डों में कांग्रेस ने क्लीन स्वीप किया है. यहां वार्ड 9 से कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशी देवी 764 मतों के अंतर से विजयी हुई हैं. वार्ड 18 से कांग्रेस की वंदिता शर्मा ने 181 वोटों से जीत दर्ज की है. वार्ड 25 से कांग्रेस प्रत्याशी रेखा देवी 397 मतों के अंतर से जीतीं हैं. वहीं वार्ड 34 से कांग्रेस के सुरेश यादव ने 149 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है. री-पोलिंग वाले चारों वार्ड जीतकर कांग्रेस ने अंतिम परिणाम में अपनी सीटें बढ़ा ली है. इन चार वार्डों के पांच बूथों पर पुर्नमतदान हुआ था. जयपुर के कुल 150 वार्डों में से 78 सीटें बीजेपी के पास है. उसके पास पूरा बहुमत है. री-पोलिंग के बाद कांग्रेस की सीटें 53 से बढ़कर 57 हो गई हैं. शेष 15 सीटें पहले से ही निर्दलीय और अन्य छोटी पार्टियों के खाते में हैं.
जोधपुर में बीजेपी आई बढ़त में पर निर्दलीयों की रहेगी जरुरतवहीं जोधपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 50 के बूथ नंबर 338 में हुए पुर्नमतदान में बाजी बीजेपी के हाथ लग गई है. यहां बीजेपी के हेमाराम चौधरी ने यह सीट जीत ली है. इसके साथ ही अब जोधपुर नगर निगम में बीजेपी ने कांग्रेस पर बढ़त बना ली है. 100 वार्डों वाले जोधपुर नगर निगम में 14 सितंबर को जारी हुए परिणामों में बीजेपी और कांग्रेस दोनों को ही बहुमत नहीं मिला था. दोनों ही पार्टियां को 44-44 वार्डों में जीत हासिल हुई थी. इसके अलावा एक प्रत्याशी आरएलपी और 10 निर्दलीय प्रत्याशी जीते थे. अब बीजेपी के खाते में में से 45 पार्षद हो गए हैं. लेकिन उसे निगम में बोर्ड बनाने के लिए अभी भी 6 प्रत्याशियों की जरुरत है. माना जा रहा है कि बीजेपी जोड़ तोड़ से वहां अपना बोर्ड बना सकती है.
कोटा में तीन में से दो पर बीजेपी ने जमाया कब्जा
कोटा नगर निगम में पहले से बहुमत प्राप्त कर चुकी बीजेपी वहां और मजबूत हो गई है. वहां तीन वार्डों 11, 44 और 87 के एक-एक बूथ पर बुधवार को पुर्नमतदान हुआ था. इनमें वार्ड 44 में बीजेपी के प्रेम सिंह और वार्ड 87 में भी बीजेपी की ही पुष्पा चौधरी ने जीत दर्ज कराई है. वहीं वार्ड नंबर 11 में कांग्रेस की कमलेश कुमारी ने जीत का परचम लहराया है. अब सभी 100 वार्डों का परिणाम घोषित हो गया है. उसके बाद अब वहां बीजेपी पार्षदों की संख्या 55 से 57 हो गई है. कांग्रेस के पार्षदों की संख्या भी 38 से 39 पर पहुंच गई है. चार पार्षद निर्दलीय जीते हुए हैं. कोटा नगर निगम में बीजेपी स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर चुकी है.
सुकेत में कांग्रेस पार्षदों की संख्या बढ़कर 11 हुईइसके साथ ही कोटा के सुकेत नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 में एक बूथ पर हुए पुर्नमतदान में कांग्रेस ने जीत दर्ज कराई है. वहां पर कांग्रेस के मोहम्मद रफीक ने कांग्रेस को जीत दिलाई है. इसके साथ ही 25 वार्डों वाली सुकेत नगर पालिका में अब कांग्रेस पार्षदों की संख्या 11 हो गई है. वहां पर बीजेपी ने 10 वार्डों में जीत दर्ज कराई है. शेष चार वार्ड निर्दलीयों के पास हैं. अब चारों निकायों के प्रमुख के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी. उसके बाद 21 सितंबर को निकाय प्रमुखों का चुनाव होगा.
(इनपुट सहयोग- भवानी सिंह, हिमांशु मित्तल एवं कृष्ण कुमार गौड़)
About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 17, 2026, 13:25 IST



