हेल्थ टिप्स: यह पेड़ है सेहत का खजाना! पत्तों से लेकर फूलों तक में भरे हैं औषधीय गुण, कई रोगों में देता है राहत – Rajasthan News

Last Updated:December 02, 2025, 06:37 IST
महुआ के फायदे: राजस्थान के पहाड़ी इलाके में पाए जाने वाला एक पेड़ स्वास्थ्य के लिए काफी फ़ायदेमंद होता है.महुआ आर्युवेदिक गुणों की खान माना जाता है. इस पेड़ की हर चीज उपयोग में आती है. इसके पत्ते, फल, फूल और डालियां कई आर्युवेदिक दवाइयों और खाने में उपयोग की जाती है. इसके फूल विटामिन, कैल्शियम, आयरन और एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं. महुआ का काढ़ा, तेल और फूल पाचन, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग, कमजोरी और नींद में मदद करते हैं. हालांकि, अधिक मात्रा में सेवन नशा, सिरदर्द और शुगर बढ़ा सकता है. 
सेवानिवृत जिला आयुर्वेद अधिकारी और वरिष्ठ वैद्य दामोदर प्रसाद चतुर्वेदी ने बताया कि महुआ को आयुर्वेद में एक अत्यंत गुणकारी पेड़ माना जाता है. यदि इसका सही मात्रा और सही तरीके से उपयोग किया जाए, तो यह स्वास्थ्य के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.

महुआ के फूलों में प्राकृतिक शुगर, प्रोटीन, विटामिन सी, कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन और एंटी-ऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. इन फूलों की तासीर ठंडी होती है, लेकिन यह कफ को बाहर निकालने में मदद करते हैं. महुआ की छाल का काढ़ा पीने से या इसके तेल से मालिश करने से जोड़ों के दर्द व गठिया जैसी तकलीफों में राहत मिलती है.

महुआ शरीर के लिए एक अच्छा टॉनिक भी है. शरीर की कमजोरी को दूर करने के लिए सूखे महुआ के फूलों को दूध में उबालकर पीने से फायदा होता है. वहीं महुआ के बीजों का तेल त्वचा रोग खुजली, एक्जिमा, जलन को ठीक करने में कारगर माना जाता है. इसके फूल पाचन तंत्र को सुधारने और कब्ज, बवासीर जैसी समस्याओं में राहत देने का काम करते हैं.
Add as Preferred Source on Google

महुआ का उपयोग दवाइयों के अलावा खान-पान में भी होता है. महुआ के सूखे फूलों को भूनकर गुड और घी के साथ मिलाकर घर पर ही लड्डू या हलवा बना सकते है. आदिवासी इलाकों में महुआ को आते में मिलाकर इसकी रोटी भी बनाई जाती है. वहीं इसका उपयोग पेय पदार्थ शर्बत आदि में भी होता है. महुआ के 5-6 सूखे हुए फूलों को एक गिलास दूध में उबालकर पीने से अच्छी नींद आती है और थकान भी दूर होती है.

वैसे तो महुआ काफी फायदेमंद होता है, लेकिन ज्यादा मात्रा में सेवन शरीर के लिए नुकसान भी कर सकता है. महुआ का अधिक सेवन नशा या सिरदर्द जैसी तकलीफ दे सकता है. महुआ के फूलों में शुगर की मात्रा ज्यादा होने से शुगर के मरीजों और गर्भवती महिलाओं को बिना डॉक्टर की सलाह के सेवन नहीं करना चाहिए.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
December 02, 2025, 06:37 IST
homelifestyle
सेहत का नैचुरल टॉनिक है यह पेड़, हर हिस्सा देता है औषधीय लाभ, ऐसे करें सेवन



