अजय देवगन नहीं इस सुपरस्टार को ऑफर हुई थी ‘कंपनी’, विवेक भी नहीं थे पहली पसंद, LOW बजट फिल्म की हुई तगड़ी कमाई

नई दिल्ली. बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक राम गोपाल वर्मा (आरजीवी) सिर्फ अपने बेबाक बोल के लिए नहीं बल्कि फिल्मों को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं. साल 2002 में उन्होंने लॉ बजट गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ‘कंपनी’ को लेकर एक बड़ा राज खोला है. फिल्म में अजय देवगन और विवेक ओबेरॉय नजर आए थे.फिल्म सच्ची कहानी पर आधारित है, जो डी-कंपनी और उसके नेताओं, माफिया सरगनाओं दाऊद इब्राहिम और छोटा राजन के बीच दरार पर थी. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म के लिए दोनों ही स्टार राम गोपाल वर्मा की पहली पसंद नहीं थे.
राम गोपाल वर्मा ने फिल्म का कास्टिंग को लेकर हाल ही में खुलासा किया. उन्होंने सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में बताया कि इस फिल्म के लीड रोल मलिक और चंदू के रोल के लिए उनकी पहली पसंद दूसरे दो सुपरस्टार थे. दोनों से बात भी हुई, लेकिन फिर प्लान बदल लिया.ये एक्टर था ‘मलिक’ के लिए पहली पसंद
राम गोपाल वर्मा ने बताया कि फिल्म में मलिक का किरदार निभाने के लिए शाहरुख खान उनकी पहली पसंद थे. उन्होंने कहा- मेरा पहला इंस्टिंक्ट शाहरुख खान को कास्ट करना था. मैंने कहानी सुनाई और वो इंटरस्टेड भी थे लेकिन शाहरुख की एनर्जी बहुत लाइव वायर जैसी है. मलिक का किरदार सूटल, ठंडे दिमाग वाला और शांत था.मैंने सोचा कि शाहरुख की नैचुरल एनर्जी इस कैरेक्टर के खिलाफ जाएगी. शाहरुख को स्टिल बनाना, उनके साथ और फिल्म के साथ नाइंसाफी होती.’
शाहरुख का घर छोड़ते ही अजय को किया फोन
RGV ने आगे बताया कि शाहरुख खान से मुलाकात के बाद उन्होंने तुरंत फैसला कर लिया था. उसी दिन वह शाहरुख के घर से निकले और उन्होंने तुरंत अजय देवगन को फोन करके रोल के लिए हां करवा ली.
फिल्म ने बजट से तीन गुना से ज्यादा कमाई की थी.
‘चंदू’ के लिए भी विवेक नहीं थे पहली पसंद
इसके अलावा, RGV ने यह भी खुलासा किया कि फिल्म में विवेक ओबेरॉय के किरदार ‘चंद्रकांत नागरे (चंदू)’ के लिए भी उनकी पहली पसंद अभिषेक बच्चन थे. हालांकि, उस समय अभिषेक दो-तीन अन्य फिल्मों में व्यस्त थे, इसलिए निर्देशक ने एक नए चेहरे को तलाशने का फैसला किया और अंततः विवेक ओबेरॉय को इस भूमिका के लिए चुन लिया.
‘कंपनी’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा
फिल्म ‘कंपनी’ 2002 में रिलीज हुई थी, जिसे आरजीवी ने डायरेक्ट किया और जयदीप साहनी ने लिखा. इसमें मोहनलाल, अजय देवगन, विवेक ओबेरॉय, मनीषा कोइराला, अंतरा माली और सीमा बिस्वास जैसे सितारे थे. यह मोहनलाल की हिंदी सिनेमा में डेब्यू फिल्म थी और आरजीवी की गैंगस्टर ट्रायोलॉजी की दूसरी कड़ी थी, जो ‘सत्या’ (1998) के बाद आई. फिल्म कमर्शियल हिट रही, जिसने 9.5 करोड़ के बजट पर 25.02 करोड़ की कमाई की.
RGV की अगली फिल्म
इस बीच, राम गोपाल वर्मा की अगली परियोजना हॉरर कॉमेडी ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ है, जिसमें वह एक बार फिर मनोज बाजपेयी के साथ काम कर रहे हैं. फिल्म की रिलीज डेट अभी तक घोषित नहीं की गई है.



