Tech

भारत में जल्द लॉन्च होगी सस्ती और सुरक्षित टैक्सी ऐप सेवा

देश में ऐप आधारित टैक्सी सर्विसेस में अब एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. सरकार और सहकारिता मॉडल पर आधारित भारत टैक्सी ऐप अब देशभर में शुरू होने जा रहा है. इस ऐप से उम्मीद है कि लोगों को सस्ती और सुरक्षित टैक्सी मिलेगी, और ड्राइवरों को ज्यादा कमाई व सम्मान मिलेगा.

यह ऐप केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय के तहत शुरू किया जा रहा है. फिलहाल इसका पायलट प्रोजेक्ट चल चुका है और अब यह आम जनता के लिए बड़े स्तर पर उपलब्ध होने की तैयारी में है.

पायलट प्रोजेक्ट को मिला शानदार रिस्पॉन्स

रवि सिंह की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली–एनसीआर में इस ऐप को बेहतरीन प्रतिक्रिया मिली है. सहकारिता मंत्रालय से जुड़े नैफेड के डायरेक्टर अशोक ठाकुर ने बताया कि दिल्ली में इस ऐप को लेकर ड्राइवर और यात्रियों दोनों का भरोसा बढ़ता दिख रहा है. उनका कहना है कि जनवरी 2026 से भारत टैक्सी ऐप को बड़े शहरों में लॉन्च करने की योजना है. यह ऐप ओला और उबर की तरह ही काम करेगा, लेकिन इसमें कई ऐसी सुविधाएं होंगी जो आम लोगों और ड्राइवरों दोनों के हित में होंगी.

ड्राइवरों को मिल रहा भरोसेमंद प्लेटफॉर्म

कई ड्राइवर भारत टैक्सी से जुड़ चुके हैं. दिल्ली में टैक्सी चलाने वाले शिव कुमार ने बताया है कि वे पहले ओला–उबर से जुड़े थे, लेकिन अब उन्होंने भारत टैक्सी ऐप चुना है. उनका कहना है कि यहां कमाई ज्यादा और नियंत्रण उनके हाथ में है. वहीं एक अन्य ड्राइवर अशोक यादव कहते हैं कि भारत टैक्सी का मॉडल उन्हें सही लगता है क्योंकि यह देश के लिए कमाई और रोजगार का बेहतर साधन है. उनका मानना है कि भारत का पैसा देश में रहना चाहिए, इसलिए उन्होंने इस ऐप को चुना.

यूनियन नेताओं का समर्थन

दिल्ली के राजधानी टूरिस्ट ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष बलबीर सिंह का कहना है कि यह ऐप ड्राइवरों के लिए राहत लेकर आया है. उनके अनुसार, निजी कंपनियों में ड्राइवरों की समस्या का समाधान मुश्किल था. कई बार हादसे या शिकायतों के बीच ड्राइवर की आईडी तक ब्लॉक कर दी जाती थी. ऐसे में ड्राइवर परेशान और बेरोजगार हो जाते थे. इस ऐप में सरकारी निगरानी होने से वे ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

तेजी से बढ़ रहा रजिस्ट्रेशन

दिल्ली में 40 केंद्रों पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई है. हर दिन करीब 2,000 ड्राइवर इस ऐप से जुड़ रहे हैं. आने वाले समय में उम्मीद है कि यह संख्या और ज्यादा बढ़ेगी.

भारत टैक्सी ऐप कैसे करेगा काम?

यह ऐप लोगों को बाइक, ऑटो और कार से यात्रा का विकल्प देगा. इस मॉडल को सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के जरिए चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य ड्राइवरों और यात्रियों दोनों के हितों की रक्षा करना है.

किराए में राहत: न सर्ज प्राइसिंग, न छुपे चार्ज

भारत टैक्सी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें सर्ज प्राइसिंग नहीं होगी. बारिश, ज्यादा मांग या ट्रैफिक की वजह से किराया नहीं बढ़ाया जाएगा. यात्रियों को पहले से तय किया गया किराया दिखेगा, जिससे उन्हें ज्यादा बिल का डर नहीं रहेगा.

ड्राइवरों से नहीं लिया जाएगा कमीशन

ऐप पर काम करने वाले ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं काटा जाएगा. उन्हें सिर्फ मेंबरशिप फीस देनी होगी, जो दैनिक, साप्ताहिक या मासिक रूप में होगी. इससे ज्यादा बचत ड्राइवरों को मिलेगी.

ड्राइवरों को लोन और रोज़गार का मौका

भारत टैक्सी से जुड़े ड्राइवरों को आगे चलकर लोन भी मिल सकेगा. इससे वे खुद की कार खरीदकर, रोजगार बढ़ा सकेंगे.

सुरक्षा इंतजाम और तकनीक

भारत टैक्सी में सुरक्षा पर खास ध्यान दिया जाएगा. दिल्ली पुलिस और गुजरात पुलिस के साथ समझौता किया गया है. रियल टाइम ट्रैकिंग, वेरिफाइड ड्राइवर, मल्टीलिंगुअल सपोर्ट और 24×7 हेल्पलाइन इसमें मौजूद होगी.

कब होगी लॉन्चिंग?

यह ऐप अभी ट्रायल मोड में प्ले स्टोर पर उपलब्ध है. भारत सरकार इसे 1 जनवरी 2026 से आधिकारिक रूप से लॉन्च करेगी. इसके बाद इसे राजकोट, मुंबई, पुणे, भोपाल, लखनऊ और जयपुर सहित 20 से ज्यादा शहरों में फैलाया जाएगा.

भारत टैक्सी के आने से यात्रियों को सस्ती और सुरक्षित यात्रा मिलेगी, और ड्राइवरों को बेहतर कमाई व सम्मान. देश अब ऐप आधारित टैक्सी दुनिया में अपना खुद का मजबूत प्लेटफॉर्म बनाने की तरफ आगे बढ़ रहा है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj