राजस्थान एसीबी ने एएसपी सुरेंद्र शर्मा को रिश्वत के आरोप में किया अरेस्ट

Last Updated:May 19, 2025, 22:54 IST
राजस्थान एसीबी ने एएसपी सुरेंद्र शर्मा को रिश्वतखोरी और पद के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया है. जयपुर और सवाई माधोपुर में छापेमारी कर 11 लाख रुपये बरामद किए गए.
एसीपी सुरेंद्र शर्मा 11 लाख रुपये घूस लेते अरेस्ट
जयपुर. राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एडिशनल सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एएसपी) सुरेंद्र शर्मा को रिश्वतखोरी और पद के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया है. एसीबी के डायरेक्टर जनरल (डीजी) रवि प्रकाश मेहरानगढ़ ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है. इस कार्रवाई में दो दलालों, प्रदीप उर्फ बंटी पारीक और रामराज मीणा को भी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया. यह कार्रवाई जयपुर और सवाई माधोपुर में एक साथ चलाई गई, जिसमें 11 लाख रुपये की रिश्वत की रकम बरामद की गई.
एसीबी ने बिछाया था जालएसीबी के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) राजेश सिंह के सुपरविजन में यह बड़ी ट्रैप कार्रवाई की गई. जानकारी के अनुसार, एएसपी सुरेंद्र शर्मा के लिए काम करने वाले दो दलालों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मंथली उगाही का खेल चला रखा था. दलाल प्रदीप उर्फ बंटी पारीक को जयपुर में 11 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया, जबकि दूसरे दलाल रामराज मीणा को सवाई माधोपुर में पकड़ा गया.
जयपुर के विद्याधर नगर, प्रताप नगर और जगतपुरा इलाकों में एसीबी की टीमें सक्रिय रहीं. वहीं सवाई माधोपुर में भी एक साथ छापेमारी की गई. एसीबी ने इस कार्रवाई को गोपनीय और सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया, जिसमें दोनों दलालों को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.
एएसपी सुरेंद्र शर्मा पर तगड़े आरोपएडिशनल एसपी सुरेंद्र शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर रिश्वतखोरी का संगठित नेटवर्क चलाया. हाल ही में उन्हें सवाई माधोपुर से जयपुर अटैच किया गया था, जिसके बाद एसीबी ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की. सूत्रों के अनुसार, सुरेंद्र शर्मा के इशारे पर दलाल विभिन्न विभागों के अधिकारियों से नियमित रिश्वत वसूल रहे थे. इस मामले में एसीबी ने सुरेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.
एसीबी की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाईएसीबी के डीजी रवि प्रकाश मेहरानगढ़ ने इसे एसीबी की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है. कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितने भी बड़े पद पर हो, बख्शा नहीं जाएगा. सवाई माधोपुर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मंथली उगाही का खुलासा होने के बाद स्थानीय प्रशासन में खलबली मच गई है.
निखिल वर्मा
एक दशक से डिजिटल जर्नलिज्म में सक्रिय. दिसंबर 2020 से Hindi के साथ सफर शुरू. न्यूज18 हिन्दी से पहले लोकमत, हिन्दुस्तान, राजस्थान पत्रिका, इंडिया न्यूज की वेबसाइट में रिपोर्टिंग, इलेक्शन, खेल और विभिन्न डे…और पढ़ें
एक दशक से डिजिटल जर्नलिज्म में सक्रिय. दिसंबर 2020 से Hindi के साथ सफर शुरू. न्यूज18 हिन्दी से पहले लोकमत, हिन्दुस्तान, राजस्थान पत्रिका, इंडिया न्यूज की वेबसाइट में रिपोर्टिंग, इलेक्शन, खेल और विभिन्न डे… और पढ़ें
भारत पाकिस्तान की ताज़ा खबरें India पर देखेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
homerajasthan
राजस्थान पुलिस में मचा हड़कंप, ACB ने एएसपी सुरेंद्र शर्मा को रंगे-हाथ पकड़ा



