Tips and Tricks: घर की दिनचर्या और काम को आसान बना देंगे ये 6 घरेलू टिप्स, जिंदगी हो जाएगी आसान – Rajasthan News

Last Updated:November 08, 2025, 15:17 IST
Tips and Tricks : घरेलू जिंदगी को आसान बनाने वाले ये 6 देसी जुगाड़ न सिर्फ रसोई में कमाल दिखाएंगे, बल्कि सेहत और सफाई दोनों का ध्यान रखेंगे. पूरी को कुरकुरी बनाने से लेकर कड़वी दवा की कड़वाहट मिटाने तक, प्याज की गंध हटाने से लेकर चमचमाते बर्तनों तक – ये नुस्खे हर घर के काम आएंगे.
सीकर : रसोई और घर की छोटी-छोटी तरकीबें न केवल समय बचाती हैं, बल्कि काम को आसान और आनंददायक भी बना देती हैं. हमारे रोजमर्रा के घरेलू कामों में थोड़ी-सी समझदारी और नुस्खे अपनाकर हम मेहनत और परेशानी दोनों कम कर सकते हैं. ये उपाय न सिर्फ उपयोगी हैं बल्कि घर की रसोई और स्वास्थ्य दोनों के लिए मददगार भी साबित होते हैं. कुछ ऐसे ही उपयोगी सुझाव हम आपको बताने वाले हैं, जो हर किसी के काम आएंगे. इससे आपकी जिंदगी आसान हो जाएगी.

पहला टिप्स आपकी रसोई के लिए है, अगर आप मैदे की पूरी बना रही हैं, तो उसमें थोड़ा-सा मोयन यानी घी या तेल मिलाना बहुत फायदेमंद होता है. इससे पूरी अधिक कुरकुरी और स्वादिष्ट बनती है. खासतौर पर जब आप भेलपुरी, सेवपूरी या किसी स्नैक्स के लिए यह पूरी तैयार कर रहे हों, तब यह टिप बेहद काम की होती है. मोयन डालने से पूरी की बनावट में भी सुधार आता है और तलने पर वह फूली-फूली लगती है.

दूसरा टिप्स बीमारी के समय ली जाने वाली दवा को लेकर है. कड़वी दवाइयां पीना अक्सर सबसे मुश्किल काम लगता है, खासकर बच्चों या उन लोगों के लिए जिन्हें स्वाद की कड़वाहट बिल्कुल पसंद नहीं होती. ऐसे में दवा लेने से पहले कुछ सेकंड के लिए बर्फ का टुकड़ा मुंह में रख लेने से दवा की कड़वाहट महसूस नहीं होती. ठंडक जीभ की स्वादेंद्रियों को सुन्न कर देती है, जिससे दवा का स्वाद महसूस नहीं होता और उसे आसानी से निगला जा सकता है.

इसके अलावा तीसरा टिप्स रसोई की साफ सफाई को लेकर है. एल्युमिनियम की कड़ाही या बर्तन में जमी चिकनाई को हटाना कई बार मुश्किल हो जाता है, लेकिन एक आसान उपाय इसे चमका सकता है. इसके लिए हल्के हाथों से सैंड पेपर रगड़ने पर पुरानी चिकनाई और दाग हट जाते हैं. ध्यान रखें कि बहुत जोर से रगड़ें नहीं, वरना धातु पर खरोंच आ सकती है. इसके बाद गुनगुने पानी से धोने पर कड़ाही नई जैसी चमक उठेगी.

चौथा नुस्खा सर्दी-जुकाम को लेकर है. अगर इस आम समस्या के दौरान अगर सीने में बलगम जम गया हो, तो गोभी के पत्तों की भाप लेना राहतदायक होता है. इसके लिए गोभी के पत्तों को गर्म पानी में डालकर कुछ देर तक उनकी भाप लें. कुछ सेकंड तक गहरी सांस के साथ इस भाप को अंदर लेने से बलगम ढीला हो जाता है और सांस लेने में आसानी होती है. यह एक प्राकृतिक और सुरक्षित घरेलू उपाय है, जो बच्चों और बड़ों दोनों के लिए लाभदायक है.

इसके अलावा पांचवां नुस्खा पुरानी और गंदी शीशियों को साफ करने को देखते हैं. इन्हें साफ करना कभी-कभी झंझट भरा काम लगता है, लेकिन उबले हुए आलू के छिलकों से यह बहुत आसान हो जाता है. शीशियों में आलू के छिलके डालकर कुछ देर तक हिलाएं और फिर गुनगुने पानी से धो लें. आलू में मौजूद स्टार्च और हल्की अम्लीयता गंदगी को ढीला कर देती है. धोने के बाद शीशियां चमकदार और नई जैसी दिखने लगेंगी.

छठा नुस्खा प्याज काटने या भूनने के दौरान उठने वाली तेज गंध से कई लोग परेशान रहते हैं, जिससे आंखों में जलन और नाक में चुभन होने लगती है. अगर प्याज भूनते समय थोड़ी-सी शक्कर डाल दी जाए, तो यह गंध गायब हो जाती है. शक्कर न केवल गंध को नियंत्रित करती है, बल्कि प्याज को हल्का-सा कारमेलाइज कर स्वाद में भी इज़ाफा करती है. इससे आपकी सब्जी ज्यादा सुगंधित और स्वादिष्ट बनती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
November 08, 2025, 15:17 IST
homelifestyle
रसोई से सेहत तक कमाल के 6 देसी जुगाड़! बदल देंगे आपका रोजमर्रा का जीवन



