Tips and Tricks: दादी-नानी के ये नुस्खे बताएंगे शहद असली है या नकली, घर बैठे इन देसी तरीकों से करें पहचान

Last Updated:October 24, 2025, 06:23 IST
How to Identify Pure Honey: बाजार में बिकने वाला ज्यादातर शहद 100% शुद्ध होने का दावा करता है, लेकिन इनमें से कई में मिलावट पाई जाती है. नकली शहद में शुगर सिरप, ग्लूकोज और कृत्रिम फ्लेवर मिलाए जाते हैं, जिससे इसकी पहचान मुश्किल हो जाती है. असली शहद की मिठास हल्की और प्राकृतिक होती है, जबकि नकली शहद लंबे समय तक मीठा रहता है. मिट्टी, सिरका, पानी और कपड़े जैसे घरेलू परीक्षणों से असली शहद की पहचान आसानी से की जा सकती है.
आज कल हर फ़ूड में इतनी मिलावट होने लगी है कि पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि कौन सी चीज शुद्ध खा रहें हैं और कौन सी मिलावट वाली. वर्तमान समय में बाजार में बिकने वाले शहद की सच्चाई पहचानना आम लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है. हर बोतल पर 100% शुद्ध शहद या नेचुरल हनी का लेबल चमकता है, लेकिन असलियत अक्सर इससे बिल्कुल अलग होती है. देखने को मिलता है कि शहद में शुगर सिरप, ग्लूकोज और कृत्रिम फ्लेवर मिलाकर उसे शहद के रूप में बेचा जाता है. ऐसे में यह पता लगाना मुश्किल है कि शहद असली है या मिलावटी.

असली शहद की पहचान सबसे पहले उसके स्वाद से होती है. जब आप असली शहद का एक चम्मच चखते हैं तो उसकी मिठास 2 से 3 सेकंड के भीतर ही गायब हो जाती है. असली शहद की मिठास हल्की, प्राकृतिक और गले पर बिना जलन के होती है. लेकिन नकली शहद में मिलाए गए ग्लूकोज या चीनी सिरप के कारण मिठास लंबे समय तक बनी रहती है और गले में चिपचिपापन महसूस होता है. यानी अगर स्वाद देर तक बना रहता है तो समझ लीजिए कि शहद में मिलावट है.

असली शहद को देसी तरीके यानी मिट्टी के जरिए भी पहचान कर सकते हैं. बस एक साफ जगह पर मिट्टी पर शहद की एक बूंद डालें. अगर शहद असली है तो वह मिट्टी में नहीं समाएगा बल्कि मोती की तरह चमकता रहेगा. वह बूंद उठाने पर या तो लुढ़क जाएगी या उसी रूप में रहेगी. जबकि नकली शहद मिट्टी में घुस जाएगा, फैल जाएगा या फट जाएगा. यह नानी-दादी का आजमाया हुआ देसी नुस्खा है, जो गांवों में आज भी शहद की असलियत जानने के लिए सबसे भरोसेमंद तरीका माना जाता है.

नानी-दादी के जमाने के एक और प्रलचित नुस्खे सिरका से भी पता लगा सकते हैं कि शहद असली है या नकली. इसके लिए एक कटोरी में थोड़ा शहद लीजिए, उसमें सिरके की एक बूंद और थोड़ा पानी डालिए. अगर शहद में झाग बनने लगे या बुलबुले उठें, तो समझ लीजिए यह नकली है. असली शहद में झाग नहीं उठता, क्योंकि उसमें कोई रासायनिक पदार्थ नहीं होता. पुराने जमाने में जब लैब टेस्ट जैसी सुविधाएं नहीं थीं, तब घरों में यही सिरके वाला नुस्खा अपनाया जाता था. यह तरीका आज भी उतना ही कारगर है और बिना किसी खर्च के घर में ही किया जा सकता है.

शहद की जांच का सबसे आसान तरीका है पानी वाला टेस्ट है. इसके लिए एक ग्लास पानी लीजिए और उसमें एक चम्मच शहद डालिए. अगर शहद असली है, तो वह सीधे गिलास के तले में बैठ जाएगा और ऊपर नहीं फैलेगा. उसे घुलाने के लिए आपको चम्मच से हिलाना पड़ेगा. लेकिन अगर शहद नकली है, तो वह खुद-ब-खुद पानी में घुल जाएगा, क्योंकि उसमें शुगर सिरप या कृत्रिम मिठास मिली होती है. असली शहद की मोटाई और घनत्व अधिक होता है. असली शहद सिर्फ स्वाद नहीं बल्कि औषधि है. इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटीबैक्टीरियल और कई पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं.

असली शहद कपड़े में नहीं समाता और न ही कोई दाग छोड़ता है. अगर आप सफेद सूती कपड़े पर शहद की एक बूंद डालेंगे, तो वह वहीं मोती जैसी बनी रहेगी. जैसे ही कपड़ा झुकाएंगे, बूंद लुढ़क जाएगी, लेकिन कोई निशान नहीं छोड़ेगी. इसके विपरीत, नकली शहद कपड़े में समा जाएगा, फैल जाएगा और धब्बा छोड़ देगा. पुराने समय में जब महिलाएं घर में शहद रखती थीं, तो वे यह कपड़े वाला टेस्ट जरूर करती थी. यह नुस्खा आज भी सबसे सरल और सटीक पहचान का तरीका है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 24, 2025, 06:23 IST
homelifestyle
दादी-नानी के ये नुस्खे बताएंगे शहद असली है या नकली, आज ही आजमाएं



