Toxic Air and Skin Health 5 Risks and Prevention Tips | जहरीली हवा से पैदा हो सकती हैं स्किन की कई समस्याएं

Air Pollution and Skin Health: दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों की शुरुआत से ही एयर पॉल्यूशन काफी बढ़ गया था और अब तक एयर क्वालिटी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है. पिछले करीब 2 महीने से दिल्ली-एनसीआर में लोग जहरीली हवा से जूझ रहे हैं. अधिकतर लोग यह बात जानते हैं कि एयर पॉल्यूशन का सबसे ज्यादा असर हमारे फेफड़ों और दिल की सेहत पर पड़ता है. हालांकि आपको जानकर हैरानी होगी कि जहरीली हवा हमारी स्किन पर भी बुरी तरह अटैक करती है. प्रदूषित हवा में रहने से स्किन से जुड़ी कई परेशानियां पैदा हो सकती हैं. त्वचा शरीर की सबसे बाहरी परत है और यह काफी सेंसिटिव होती है. लगातार प्रदूषित हवा से स्किन को नुकसान होता है.
यूपी के कानपुर स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. युगल राजपूत ने को बताया कि जहरीली हवा सिर्फ फेफड़ों के लिए ही नहीं, बल्कि स्किन के लिए भी बड़ा खतरा है. जब टॉक्सिक एयर स्किन से टकराती है, तब प्रदूषक तत्व स्किन को नुकसान पहुंचाते हैं. लॉन्ग टर्म में प्रदूषण स्किन से जुड़ी कई समस्याएं पैदा कर सकता है. हालांकि सही देखभाल और बचाव के उपाय अपनाकर आप स्किन को स्वस्थ और ग्लोइंग बनाए रख सकते हैं. सर्दियों का मौसम पहले से ही स्किन के लिए काफी चैलेंजिंग होता है और इस दौरान एयर पॉल्यूशन भी बढ़ जाए, तो स्किन को अतिरिक्त सुरक्षा देना बेहद जरूरी है.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
जहरीली हवा से हो सकती हैं ये 5 स्किन प्रॉब्लम्स
स्किन ड्राइनेस : डॉक्टर की मानें तो जहरीली हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक तत्व त्वचा की नमी को जल्दी सोख लेते हैं. इसकी वजह से त्वचा रूखी और बेजान दिखने लगती है. लंबे समय तक यह स्थिति बनी रहने से स्किन का नेचुरल प्रोटेक्शन बैरियर डैमेज हो सकता है. इसकी वजह से स्किन में जलन, खुजली या त्वचा फटने जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
समय से पहले उम्र बढ़ना : जहरीली हवा में मौजूद फ्री रेडिकल्स और स्मॉग त्वचा की कोलेजन और इलास्टिन पर असर डालते हैं. इसके कारण झुर्रियां, पिगमेंटेशन और त्वचा की लोच में कमी जैसी उम्र बढ़ने की समस्याएं जल्दी दिखने लगती हैं. अगर आप इन परेशानियों पर ध्यान नहीं देंगे, तो उम्र से पहले ही बूढ़े नजर आने लगेंगे.
रैशेज और एलर्जिक रिएक्शन : कई लोगों की स्किन काफी सेंसिटिव होती है और जहरीली हवा से वह जल्द डैमेज होने लगती है. हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण त्वचा पर एलर्जी और इरिटेशन का कारण बन सकते हैं. सेंसिटिव स्किन वाले लोगों में रेडनेस, दाने और चकत्तेदार रैशेज देखने को मिल सकते हैं.
दाग-धब्बे और पिगमेंटेशन : सूरज की अल्ट्रा-वॉयलेट किरणें और हवा में मौजूद हानिकारक पार्टिकल्स मिलकर स्किन में मेलानिन का असंतुलन पैदा करते हैं. परिणामस्वरूप त्वचा पर दाग, काले धब्बे और असमान रंग की समस्या बढ़ जाती है. जो लोग पहले से इस परेशानी का शिकार हैं, उनके लिए एयर पॉल्यूशन परेशानी बढ़ा सकता है.
इंफेक्शन और बैक्टीरिया का खतरा : जहरीली हवा के साथ त्वचा पर हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस भी बैठ सकते हैं. अगर त्वचा की सुरक्षा कमजोर हो तो ये बैक्टीरिया त्वचा में संक्रमण और फुंसियों का कारण बन सकते हैं. ऐसे में स्किन को हेल्दी रखने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए, ताकि समस्या पैदा न हो.
स्किन प्रॉब्लम्स से बचने के लिए क्या करें?
डॉक्टर युगल राजपूत ने बताया कि एयर पॉल्यूशन से स्किन को बचाने के लिए कुछ आसान तरीके अपनाए जा सकते हैं. जहरीली हवा के असर से बचने के लिए आप हर दिन चेहरे को हल्के फेस वॉश से धोएं और मॉइश्चराइजर का नियमित रूप से इस्तेमाल करें. इसके अलावा घर से बाहर निकलते समय फेस मास्क का उपयोग करें. एंटीऑक्सीडेंट युक्त स्किन केयर प्रोडक्ट्स और विटामिन C, विटामिन E युक्त सीरम भी यूज कर सकते हैं, क्योंकि ये सीरम त्वचा की सुरक्षा बढ़ाते हैं. अगर समस्या ज्यादा हो, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से मिलकर ट्रीटमेंट कराएं.



