करौली की सब्जी मंडियों में अचार का स्वाद बढ़ाने वाली सर्दियों की खास सौगात, खंडार की दो रंग वाली देसी मिर्च!

Last Updated:December 17, 2025, 12:36 IST
सवाई माधोपुर के खंडार की मशहूर दो रंग वाली देसी मिर्च इन दिनों करौली की मंडियों में छाई हुई है. इसकी अनोखी बनावट, जबरदस्त तीखापन और लंबे समय तक टिके रहने वाला स्वाद सर्दियों में अचार बनाने के शौकीनों के लिए इसे खास बनाता है. हल्का हरा और मेहरून रंग वाला यह मीडियम साइज मिर्च अचार में बेहतरीन कुरकुरापन और चटपटा स्वाद जोड़ता है.
करौली शहर की सब्जी मंडियों और बाजारों में इन दिनों दो रंग वाली देसी मिर्च लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. यह मिर्च अपनी अनोखी पहचान, जबरदस्त तीखेपन और अचार में लंबे समय तक टिके रहने की खासियत के कारण चर्चा में है.

खासतौर पर महिलाएं इस मिर्च को सर्दियों के मौसम में अचार बनाने के लिए बड़े पैमाने पर खरीद रही हैं, क्योंकि अगर इस मिर्च का अचार सही तरीके से और इस मौसम में बनाया जाए, तो इसका स्वाद न सिर्फ बरकरार रहता है, बल्कि दो साल तक भी खराब नहीं होता.

यह मिर्च सवाई माधोपुर जिले की खंडार तहसील की प्रसिद्ध देसी मिर्च है, जो हर साल केवल सर्दियों के महीनों दिसंबर और जनवरी में ही बाजार में उपलब्ध होती है. करौली की मंडियों में इन दिनों रोजाना खंडार से इसकी भारी आवक हो रही है. सब्जी व्यापारियों के अनुसार, सर्दी का मौसम इस मिर्च के अचार के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है.
Add as Preferred Source on Google

खंडार की इस मिर्च की सबसे बड़ी खासियत इसका आकार और बनावट है, यह मिर्च न तो ज्यादा मोटी होती है और न ही पतली, बल्कि मीडियम साइज की होती है. ऊपर से यह कड़क नजर आती है, जबकि अंदर से मुलायम रहती है.

रंग की बात करें तो यह मिर्च आधी पकी और आधी कच्ची होती है, जिस कारण इसमें हल्का हरा और मेहरून रंग एक साथ दिखाई देता है. यही संतुलन इसके अचार को खास बनाता है, क्योंकि पकने और कच्चेपन का यह मेल अचार में बेहतरीन स्वाद और कुरकुरापन बनाए रखता है.

यह मिर्च तेल और छाछ दोनों में अचार बनाने के लिए उपयुक्त है, मसालों के साथ मिलकर यह मिर्च अचार में तीखा, चटपटा और बेहद स्वादिष्ट रूप ले लेती है, जो लंबे समय तक अपना स्वाद नहीं खोती.

खंडार की यह दो रंग वाली देसी मिर्च न सिर्फ सर्दियों की खास सौगात बन गई है, बल्कि करौली के घर-घर में सालों तक चलने वाले चटपटे अचार की पहचान भी बनती जा रही है.
First Published :
December 17, 2025, 12:36 IST
homerajasthan
करौली के मंडियों में खंडार की दो रंग वाली मिर्च अचार के लिए बनी पसंद



