किशनगढ़ बसों की वीडियो चेकिंग अनिवार्य

अजमेर. अब बस निरीक्षण में होगी सख्ती, वीडियो सबूतों के साथ बढ़ेगी पारदर्शिता. किशनगढ़ बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रोडवेज ने निरीक्षण प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है. अब बसों की जांच केवल कागज़ों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर जांच वीडियो रिकॉर्ड के माध्यम से प्रमाणित होगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों बढ़ेंगी. नए आदेशों का असर किशनगढ़ बस स्टैंड पर भी साफ दिखाई देगा, क्योंकि अब यहां बसों की जांच पहले की तरह सिर्फ कागज़ों पर नहीं, बल्कि वीडियो सबूतों के आधार पर ही मान्य मानी जाएगी.
निगम ने निर्देश दिए हैं कि अब बस निरीक्षण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही हो. किशनगढ़ रूट पर निरीक्षण के दौरान अब हर बस का कम से कम 5 मिनट का वीडियो बनाना होगा.
इस वीडियो में निम्नलिखित जानकारी स्पष्ट दिखानी होगी:
बस का नंबर
आगार का नाम
निरीक्षण का समय
निरीक्षक का परिचय
वीडियो की अवधि
ये वीडियो तुरंत चेकिंग शाखा के टेलिग्राम नंबर पर अपलोड करना अनिवार्य कर दिया गया है. आदेश है कि बिना वीडियो अपलोड किए की गई चेकिंग अमान्य मानी जाएगी. इस कदम से न सिर्फ निरीक्षण की गुणवत्ता बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा भी सुनिश्चित होगी.
मासिक 150 बसों की चेकिंग अनिवार्यमुख्यालय जयपुर से जारी निर्देशों के अनुसार किशनगढ़ के प्रबंधक यातायात, यातायात निरीक्षक व सहायक निरीक्षकों को शनिवार, रविवार और सोमवार को सख्ती से निरीक्षण कर हर माह 150 बसों की चेकिंग अनिवार्य रूप से करनी होगी.
इनमें से 50 प्रतिशत चेकिंग सुबह 9:30 बजे से पहले या शाम 6 बजे के बाद करनी होगी, ताकि बसों की वास्तविक संचालन स्थिति का सही मूल्यांकन हो सके.
अब किशनगढ़ बस आगार में होगी डिजिटल और पारदर्शी जांचअब बस निरीक्षण और भी डिजिटल और पारदर्शी होगा. निरीक्षण दल को मंगलवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन वीटीएस (VTS), ऑनलाइन माध्यम या वीडियो कॉल के जरिए कम से कम 10 बसों की जांच करनी होगी. इससे वाहन संचालन में किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी.
आरएसआरटीसी के अनुसार, यह नई प्रणाली किशनगढ़ सहित पूरे प्रदेश में बस संचालन की सुरक्षा, नियमितता और गुणवत्ता को बेहतर बनाएगी. डिजिटल रिकॉर्डिंग न केवल निरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि अनियमितताओं पर तुरंत कार्रवाई करना भी आसान बनाएगी.
अजमेर आगार प्रबंधक रवि शर्मा ने बताया कि कार्यकारी निदेशक (यातायात) डॉ. ज्योति चौहान ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं. आदेश में साफ निर्देश है कि सभी आगारों की तरह किशनगढ़ आगार को भी इस व्यवस्था का कठोरता से पालन करना होगा.



