Rajasthan

बाड़मेर का मौसम: हेडलाइट ऑन, रफ्तार डाउन! कोहरे की आगोश में थार नगरी, सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन

बाड़मेर. थार नगरी इन दिनों कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे की चादर में पूरी तरह लिपटी हुई नजर आ रही है. दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में यह पहला मौका है जब बाड़मेर सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान में सुबह के समय इतना घना कोहरा देखने को मिला है. कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम होकर करीब 200 मीटर तक सिमट गई, जिससे आमजन के साथ-साथ वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़कों पर चल रहे वाहन मानो रेंगते नजर आए और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है.

ठंड के साथ कोहरे की दस्तक ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. सुबह के समय हालात इतने खराब रहे कि कई इलाकों में सामने से आ रहे वाहन तक साफ दिखाई नहीं दे रहे थे. कोहरे के चलते हाईवे और शहर के प्रमुख मार्गों पर दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है. यही वजह है कि वाहन चालक मजबूरी में हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर बेहद सावधानी से सफर करते दिखे.

सुबह वाहन चालकों को हुई सबसे ज्यादा परेशानी

सुबह करीब 8 बजे तक कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहा. इस दौरान वाहन चालकों को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही वाहन चलाने पड़े. खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई जगहों पर लोग सड़क किनारे रुककर कोहरा छंटने का इंतजार करते नजर आए.

तापमान की बात करें तो सोमवार को बाड़मेर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा. हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड और कोहरे का असर साफ तौर पर महसूस किया गया.

आने वाले दिनों में और गहराएगा कोहरा

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में आने वाले दिनों में कोहरा और गहराने के आसार हैं. विभाग ने चेतावनी दी है कि रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता और कम हो सकती है. इससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है.

31 दिसंबर के बाद बढ़ेगी सर्दी का असर

मौसम विभाग ने बताया कि 23 से 26 दिसंबर तक कोहरे का प्रभाव बना रहेगा. इसके बाद 26 दिसंबर के बाद दो दिन तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं. हालांकि 31 दिसंबर के बाद एक बार फिर सर्दी और कोहरे का असर तेज होने की संभावना जताई गई है. दिसंबर में अचानक बढ़ी ठंड से आमजन बेहाल नजर आ रहा है. लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं, वहीं सुबह-शाम घर से निकलने में भी एहतियात बरती जा रही है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj