राजस्थान का मौसम: राजस्थान में ठंड की मार! कुंभलगढ़-सिरोही में वाहनों पर जमी बर्फ, शेखावाटी में येलो अलर्ट

राजस्थान वेदर अपडेट: राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. राज्य के सभी शहरों में आसमान बिल्कुल साफ रहा, लेकिन सुबह और रात की ठिठुरन ने सर्दी का असर बढ़ा दिया है. दोपहर में धूप खिली रही, हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने शेखावाटी क्षेत्र में तापमान में तेजी से गिरावट की चेतावनी जारी की है, जिसके कारण सीकर, चूरू, झुंझुनूं और नागौर में दो दिन का येलो अलर्ट घोषित किया गया है.
डेली डाटा रिपोर्ट के अनुसार, शेखावाटी इलाके के सीकर, झुंझुनूं और चूरू में फिलहाल न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच बना हुआ है, जबकि अन्य हिस्सों में यह 7 से 12 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है. अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर है, लेकिन न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट के कारण दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है, जिससे सर्दी का एहसास और गहरा हो गया है. शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 31.4°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान सीकर के फतेहपुर में 4.4°C रहा. वहीं आर्द्रता 30 से 60 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई.
कुंभलगढ़ और सिरोही में जमने लगी है बर्फ
राजस्थान के पहाड़ी क्षेत्र कुंभलगढ़ और सिरोही में ठंड इतनी बढ़ गई है कि शनिवार सुबह वाहनों पर बर्फ जमने लगी. पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने कारों, बाइक और खिड़कियों पर जमी सफेद परत की तस्वीरें साझा की हैं. यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबहों में से एक रही. कुंभलगढ़ के जंगली क्षेत्र और अरावली की ऊंची पहाड़ियों में रात के समय तापमान 3-4 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि सिरोही के माउंट आबू रोड और आस-पास के इलाकों में पाला जमने की घटनाएं सामने आईं.
मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को राज्य के विभिन्न जिलों में इस प्रकार अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. अजमेर 28.0°C, भीलवाड़ा 28.0°C, अलवर 25.5°C, जयपुर 26.2°C, पिलानी 29.0°C, सीकर 26.2°C, कोटा 27.9°C, चित्तौड़गढ़ 30.3°C, बाड़मेर 31.4°C, जैसलमेर 30.5°C, जोधपुर 30.2°C, बीकानेर 29.6°C, चूरू 28.5°C, श्री गंगानगर 27.7°C, नागौर 28.5°C, जालौर 30.1°C, फतेहपुर 27.7°C, सिरोही 24.0°C, करौली 27.1°C, दौसा 28.6°C और झुंझुनूं 27.7°C रहा.
न्यूनतम तापमान में आई गिरावट
राजस्थान के प्रमुख जिलों में न्यूनतम तापमान की बात करें तो अजमेर 7.8°C, भीलवाड़ा 7.2°C, अलवर 8.8°C, जयपुर 10.0°C, पिलानी 6.0°C, सीकर 4.4°C, कोटा 10.4°C, चित्तौड़गढ़ 6.8°C, बाड़मेर 13.0°C, जैसलमेर 13.0°C, जोधपुर 10.0°C, बीकानेर 10.5°C, चूरू 6.3°C, श्री गंगानगर 9.4°C, नागौर 4.3°C, जालौर 8.7°C, सिरोही 7.3°C, फतेहपुर 3.7°C, करौली 5.0°C, दौसा 4.3°C और झुंझुनूं 7.5°C रहा.
कई शहरों में हवा खराब श्रेणी में पहुंचा
राजस्थान की वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है. राज्य की औसत AQI 150 रही, जो ‘खराब’ श्रेणी मानी जाती है. शुक्रवार को यह 142 थी. कई जिलों में प्रदूषण स्तर बढ़ा है. चित्तौड़गढ़ में AQI लेवल 283 , भीलवाड़ा में 259, श्री गंगानगर में 242, चूरू में 232 रहा. वहीं, सबसे अच्छी हवा फलोदी में दर्ज की गई, जहां AQI 81 रहा.



