डीडवाना में अंधड़ का कहर! BSNL टावर गिरा, मकान-वाहन क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला

डीडवाना में अंधड़ का कहर! BSNL टावर गिरा, मकान-वाहन क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला
Storm Collapse BSNL Tower: डीडवाना शहर में आए तेज अंधड़ ने अचानक हालात बिगाड़ दिए और भारी नुकसान सामने आया. आंधी के दौरान BSNL ऑफिस का टावर गिर गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. गिरा हुआ टावर पास के एक मकान पर जा गिरा, जिससे मकान को काफी नुकसान पहुंचा. हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. टावर गिरने से पास में खड़ी कार और स्कूटी भी उसकी चपेट में आ गईं, जिससे वाहनों को भी नुकसान हुआ. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार, टावर गिरते समय बीच में आए बिजली के तारों ने उसकी रफ्तार को कुछ हद तक रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. बताया जा रहा है कि करीब 20 मिनट तक चली तेज आंधी ने इलाके में व्यापक असर डाला. कई जगहों पर धूलभरी हवाओं के कारण दृश्यता भी प्रभावित हुई. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और राहत कार्य में सहयोग किया. फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है.




