Winter Finger Swelling Doctor Explains Causes Symptoms and Prevention Tips | सर्दियों में उंगलियों में सूजन क्यों होती है | ठंड में उंगलियों की सूजन के कारण और बचाव के तरीके

Last Updated:November 23, 2025, 15:04 IST
Cold Weather and Finger Swelling: सर्दियों में कई लोगों की उंगलियों में सूजन आ जाती है. डॉक्टर्स की मानें तो ठंड की वजह से हमारी नसें सिकुड़ जाती हैं, जिससे ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है. जैसे ही हमारे हाथ गर्म होते हैं, वैसे खून अचानक तेजी से दौड़ता है. इसकी वजह से उंगलियों में सूजन, लालिमा और दर्द बढ़ जाता है. इसके अलावा ठंड में त्वचा की नमी कम होने, ब्लड गाढ़ा होने और पानी में भीगने से भी उंगलियों में सूजन आ सकती है.
सर्दी में ब्लड वेसल्स सिकुड़ने से उंगलियों में सूजन आ जाती है.
Winter Finger Swelling Reasons: ठंड के मौसम में कई लोगों को अपने हाथ-पैर की उंगलियों में सूजन महसूस होने लगती है. कई लोगों को हर साल यह समस्या होने लगती है. सर्दियों में सूजन ही नहीं, बल्कि उंगलियों में दर्द और लालिमा जैसी तकलीफ भी होने लगती है. अधिकतर लोग इसे ठंड लगना या मौसम बदलने का असर मानते हैं और अपनी परेशानी को नजरअंदाज कर देते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो ठंड के मौसम में उंगलियों में सूजन की वजह कई बायोलॉजिकल प्रोसेस होती हैं. इनकी वजह से लोगों को यह परेशानी होने लगती हैं. हालांकि कुछ बातों का ध्यान रखकर इन परेशानियों से बचा जा सकता है.
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने को बताया कि ठंड के मौसम में शरीर अपने इंटरनल टेंपरेचर को मेंटेन करने के लिए बाहरी ब्लड वेसल्स को संकुचित कर देता है. उंगलियां शरीर के सबसे बाहरी हिस्सों में आती हैं, इसलिए तापमान कम होने पर सबसे पहले इन्हीं की नसें सिकुड़ जाती हैं. इससे ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है और जैसे ही व्यक्ति गर्माहट में आता है, वैसे ही खून अचानक उन वेसल्स में लौटता है. इसकी वजह से उंगलियों में सूजन, लालिमा और दर्द होने लगता है. यही वजह है कि अधिकतर लोगों को सर्दियों में यह समस्या होती है.
डॉक्टर ने बताया कि सर्दियों में हवा ड्राई होती है, जिसके कारण स्किन की नमी कम हो जाती है. उंगलियों की स्किन पतली होने के कारण ड्राइनेस ज्यादा महसूस होती है. जब त्वचा ड्राई होने लगती है, तो उसमें सूजन, खिंचाव, फटने और जलन की समस्या भी बढ़ सकती है. इसके अलावा कई बार लोग बाहर की ठंड से सीधे हीटर, गर्म पानी या आग की ओर बढ़ जाते हैं. यह अचानक तापमान बदलने से शरीर प्रतिक्रिया देता है और उंगलियों में सूजन बढ़ जाती है. जब ठंड से सिकुड़ी नसों में अचानक रक्त तेजी से बहता है, तो इससे उंगलियों में सूजन, खुजली, झनझनाहट या जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं. यह प्रतिक्रिया उन लोगों में अधिक देखी जाती है, जिनमें ब्लड सर्कुलेशन पहले से कमजोर है.
डॉक्टर सोनिया रावत के मुताबिक कुछ लोग ठंड में उंगलियों की सूजन के लिए ज्यादा सेंसिटिव होते हैं. डायबिटीज के मरीज, हाइपोथायरॉयड पेशेंट्स, कम हीमोग्लोबिन या एनीमिया वाले लोग, स्मोकिंग करने वाले लोग और नसों से जुड़ी अन्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को ठंड में उंगलियों की सूजन का सामना ज्यादा करना पड़ता है. उंगलियों की सूजन से बचने के लिए कुछ सरल उपाय कर सकते हैं. गर्म दस्ताने पहनें और हाथों को ठंडी चीजों से बचाएं. बहुत गर्म पानी में हाथ न डालें, तापमान धीरे-धीरे बढ़ाएं. नियमित रूप से मॉइस्चराइजर लगाएं, ताकि स्किन की नमी बनी रहे. हल्की एक्सरसाइज या हाथों की स्ट्रेचिंग करें, ताकि ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो. हाथों को लंबे समय तक गीला न रखें, क्योंकि ठंडा पानी सूजन बढ़ाता है. अगर परेशान ज्यादा हो, तो डॉक्टर से मिलकर अपनी जांच कराएं.
अमित उपाध्याय
अमित उपाध्याय Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
अमित उपाध्याय Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्… और पढ़ें
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
November 23, 2025, 15:04 IST
homelifestyle
ठंड में उंगलियों में सूजन क्यों होती है? डॉक्टर से जानें स्वैलिंग की असली वजह



